
गौर सिटी-2 में दो महिलाओं की मारपीट का वीडियो वायरल (Image: Dynamite News)
Noida Desk: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर सिटी-2 स्थित 14th एवेन्यू में उस समय हंगामा मच गया, जब दो महिलाएं एक-दूसरे से भिड़ गई। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच जमकर हाथापाई शुरू हो गई। इस पूरी घटना का करीब 12 सेकेंड का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत उस समय हुई, जब एक महिला ने अपने पति को दूसरी महिला के साथ देख लिया।
पति-पत्नी के बीच पहले से चल रहा है विवाद
जानकारी के मुताबिक, गौर सिटी-2 के 14th एवेन्यू में रहने वाले एक दंपति के बीच पहले से विवाद चल रहा है और मामला कोर्ट में भी विचाराधीन है। इसी बीच पति की एक महिला मित्र अपना फ्लैट खाली कर रही थी। सामान शिफ्ट कराने में मदद के लिए उसने युवक को अपने फ्लैट पर बुलाया था। बताया जा रहा है कि इसकी जानकारी पत्नी को मिल गई। इसके बाद वह भी पति के पीछे-पीछे 14th एवेन्यू पहुंच गई। वहां पहुंचने पर उसने पति को दूसरी महिला के साथ देखा, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
कहासुनी के बाद दोनों महिलाओं में हुई मारपीट
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले दोनों महिलाओं के बीच बहस हुई और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। दोनों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान सोसायटी में मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। कुछ ही देर बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद सोसायटी और आसपास के इलाकों में यह मामला चर्चा का विषय बन गया।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की जानकारी पुलिस को भी दी गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनी। हालांकि, किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई। बाद में दोनों पक्षों ने आपसी समझौता कर लिया और आगे कार्रवाई नहीं करने की बात कही। ग्रेटर नोएडा पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। डीसीपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि बिसरख थाना प्रभारी को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
Location : Noida
Published : 10 August 2026, 7:05 PM IST