
गाड़ी खरीदने का सपना पड़ा भारी,
Gorakhpur: गाड़ी खरीदवाने के नाम पर 8.25 लाख रुपये हड़पने, कूटरचित दस्तावेज तैयार कर ठगी करने और विरोध करने पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के मामले में गोरखनाथ पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अकरम शाह पुत्र अख्तर अली, निवासी पुरानी बाजार तुलसीपुर, थाना तुलसीपुर, जनपद बलरामपुर के रूप में हुई है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के मुताबिक वादी मुकदमा की मुलाकात आरोपी अकरम से गाड़ी खरीदने के सिलसिले में हुई थी। अकरम ने उसकी मुलाकात अपने साथी अष्टभुजा गिरि से कराई और बताया कि दोनों बैंक व फाइनेंस कंपनियों से वाहन खरीदकर बेचने का काम करते हैं। इसी भरोसे में 18 मार्च 2026 को अष्टभुजा ने एक चारपहिया वाहन का फोटो दिखाकर बताया कि वाहन खरीदा जा चुका है और राजस्थान के यार्ड में खड़ा है। वाहन की कीमत 12.50 लाख रुपये बताई गई।
वाहन खरीदने के लिए वादी ने दो किस्तों में कुल 8.25 लाख रुपये आरोपियों के खाते में भेज दिए। शेष रकम फाइनेंस कराने की बात कहकर उससे ब्लैंक चेक भी ले लिया गया। आरोपियों ने इसके साथ कथित रूप से कूटरचित रिलीज ऑर्डर भी उपलब्ध कराया।
इसके बाद वादी को वाहन लेने के लिए राजस्थान भेजा गया। वह चार दिन तक राजस्थान में रहा, लेकिन वाहन नहीं मिला। आरोपियों ने उसे वापस गोरखपुर बुला लिया और यहां वाहन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। गोरखपुर लौटने के बाद भी वाहन नहीं मिलने पर वादी ने अपने रुपये वापस मांगे। आरोप है कि इस पर अष्टभुजा ने ब्लैंक चेक के जरिए उसे धोखाधड़ी के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
बाद में 5 जून 2026 को रुपये वापस करने को लेकर सुलह हुई, लेकिन आरोप है कि अष्टभुजा ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर वादी से मारपीट की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। तहरीर के आधार पर गोरखनाथ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अकरम शाह को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह, महिला उपनिरीक्षक प्रतिभा सिंह, उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह और कांस्टेबल दातात्रेव सिंह शामिल रहे।
Location : Gorakhpur
Published : 15 August 2026, 12:29 AM IST