
UP Breaking Live Update
शामली में हुए हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में उत्तर प्रदेश सरकार को समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो अखिलेश यादव ने घेरा है। अखिलेश यादव ने ट्वीट करते हुए लिखा,"उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को शून्य करते हुए जिस प्रकार शामली में लोकप्रिय गायक अंकित बालियान की 18 राउंड गोलियां चलाकर बेरहमी से हत्या की गई है, उससे पूरे क्षेत्र में भय व्याप्त हो गया है। मृतक की दुखी मां के द्वारा अपने बेटे के शव को गोद में रखकर सड़क पर ही शोकाकुल होने का समाचार हृदयविदारक है। जाट समाज ने हमलावारों की गिरफ़्तारी को लेकर सड़क पर ही अपनी मांग बुलंद की है। उप्र का समस्त जाट समुदाय इसे अपने ऊपर प्रहार मानकर आक्रोशित है। इस हत्याकांड की जांच राजनीतिक प्रतिद्वंदिता के दृष्टिकोण से भी किए जाने की मांग उठ रही है। बेहद निंदनीय!"
अयोध्या में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई। साथ में हादसे के दौरान 20 लोग घायल भी हो गए हैं। इनमें से 5 यात्रियों की हालत नाजुक बताई जा रही है। यह हादसा थाना बल्दीराय क्षेत्र में सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। यात्रियों ने बताया कि बस गुड़गांव से गोरखपुर के रास्ते बिहार जा रही थी। सभी यात्री रक्षाबंधन का त्योहार मनाने अपने-अपने घर जा रहे थे।
मोदी मंत्रिमंडल विस्तार में युवा और महिलाओं को अधिक जगह मिलेगी। मंत्रिमंडल को युवा बनाने के लिए जहां बुजुर्ग मंत्रियों की संख्या घटेगी, वहीं महिला मंत्रियों की संख्या 7 से 12 करने और नए सहयोगियों को प्रतिनिधित्व देने के लिए मंत्रियों की संख्या 75 करने की योजना है। 50 से कम उम्र के मंत्रियों की हिस्सेदारी 24 प्रतिशत से बढ़ाकर 40 प्रतिशत की जा सकती है। प्रधानमंत्री पश्चिम एशिया के दौरे से 2 सितंबर को लौटने के बाद मंत्रिमंडल विस्तार योजना को अंतिम रूप देंगे।
मिर्जापुर में लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना का शुभारंभ किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 60 वर्ष और उससे अधिक उम्र की माताओं और बहनों को आजीवन निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा देने वाली इस योजना की शुरुआत की। रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को तीन दिनों तक सहयात्री सहित मुफ्त बस यात्रा की सुविधा भी मिलेगी। वहीं, मिर्जापुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 500 महिलाओं को साड़ी और मिठाई भेंट की गई।
सीतापुर के थानगांव थाना क्षेत्र में बुधवार शाम जहरीले सांप के डसने से 15 साल के एक लड़के की मौत हो गई। मौत से पहले लड़के को इलाज के लिए एक प्राइवेट अस्पताल में एडमिट करवाया गया था, लेकिन वहां पर डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर करने की सलाह दी। जिसके बाद युवक के परिजन उसको लखनऊ ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही लड़के ने दम तोड़ दिया। लड़के की पहचान विकास के रूप में हुई है।
नेपाल-तिब्बत बॉर्डर पर कुदरत ने ऐसा कहर बरपाया कि देखते ही देखते बस्तियां, सड़कें और पनबिजली परियोजनाएं पानी और मलबे में समा गई। भोटे कोशी और त्रिशूली नदियों में अचानक आई भीषण बाढ़ ने पूरे इलाके को तहस-नहस कर दिया। पानी का स्तर करीब 30 फीट तक बढ़ने की खबर है। इस भयावह आपदा में नेपाल और चीन के इलाकों में अब तक कम से कम 162 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। इसके अलावा 1000 लोग अब भी लापता हैं।
Location : Lucknow
Published : 27 August 2026, 8:15 AM IST