हिंदी
UP Breaking News
Lucknow/New Delhi: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।
इस लाइव ब्लॉग में आपको उत्तर प्रदेश की हर छोटी-बड़ी घटना, राजनीतिक हलचल, अपराध, खेल और हर जरूरी घटनाक्रम पढ़ने को मिलेगा।
महिगवां थाना क्षेत्र के चक बनकट गांव में एक बुजुर्ग महिला का शव तालाब में उतराता मिला। बताया जा रहा है कि महिला के परिजनों ने एक दिन पहले उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के नगरिया गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान नन्ही के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि जमीनी विवाद को लेकर दबंगों ने लाठी-डंडों से पीटकर उसकी हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
चिल्हिया क्षेत्र के महादेव गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेल टैंकर ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने टैंकर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।
जनपद के बकेवर थाना क्षेत्र में लापता युवक विजय निषाद की हत्या का सनसनीखेज खुलासा करते हुए पुलिस ने प्रेम-प्रसंग में हत्या करने वाले पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने और साक्ष्य मिटाने के तरीके यूट्यूब वीडियो देखकर अपनाए थे। ग्राम टिकरा निवासी विजय निषाद 8 मई 2026 को घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। परिजनों की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज की गई थी। जांच के दौरान यह पता चला कि मृतक के किरन देवी से प्रेम संबंध थे। पुलिस ने मामले की गहन विवेचना, सर्विलांस और पूछताछ के आधार पर किरन देवी और उसके पति कामता प्रसाद निषाद को गिरफ्तार कर लिया।
जनपद में मामूली बात को लेकर दो सगे भाइयों के बीच खूनी संघर्ष हो गया, जिसमें छोटे भाई ने बड़े भाई को बीती रात लाठी मारकर मौत के घाट उतार दिया है और दोनों पक्षों से चार अन्य लोग घायल हो गए है। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला पहाड़ी थाना क्षेत्र के दुबारी गांव का है।
उत्तर रेलवे के बरेली जंक्शन पर रविवार को दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत से हड़कंप मच गया। एक ओर त्रिवेणी एक्सप्रेस से सफर कर रहे प्रयागराज निवासी फार्मासिस्ट विजय कुमार की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई, वहीं स्टेशन परिसर में रहने वाली एक बीमार महिला ने भी दम तोड़ दिया। जीआरपी (राजकीय रेल पुलिस) ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोल्हुई थाना क्षेत्र के लौकही गांव में जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने चार नामजद समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार, लौकही गांव में भूमि संबंधी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और एक पक्ष दूसरे पक्ष के लोगो को मारने पीटने लगे। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया, जिससे कई लोग घायल हो गए। पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है।
29 मई को कुण्डाडीह गांव निवासी राजदेव सिंह की हत्या के मामले को म्योरपुर पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने अंधे कत्ल में सनसनीखेज खुलासा किया। पिता की हत्या के आरोप में मृतक का पुत्र रवि कुमार को गिरफ्तार किया गया। मृतक के बेटे ने ही अज्ञात लोगों के एफआईआर खिलाफ दर्ज कराई थी। पूछताछ में आरोपी ने पिता की हत्या करने की बात कबूली। पिता के एक महिला से अवैध संबंधों को लेकर परिवार में विवाद था और इसी बात को बेटे ने आवेश में आकर पिता की हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
लोगों में कर्मशियल एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाये जाने को लेकर होटल-ढ़ाबा संचालकों में भारी गुस्सा देखा गया। कीमतों में बढ़ोतरी के बाद बड़े होटल्स व छोटे दुकानदारों पर इसका असर पड़ेगा। आम लोग इन्हीं दुकानों पर आकर के भोजन करते हैं। इस बढ़ोतरी के बाद खाने के दामों में भी महंगाई देखने को मिलेगी। रायबरेली के सुपर मार्केट में मशहूर कचौरी की दुकान पर डाइनामाइट न्यूज ने दुकानदारों से बात की तो उनका कहना था कि कनेक्शन वाले कर्मशियल सिलेंडर से तो सस्ता उन्हें ब्लैक में सिलेंडर मिल जाता है।
सुमेरपुर थाना प्रभारी पर हुई कार्यवाही के बाद प्रदर्शनकारियों के हौसले बुलंद है। मौदहा एनएच-34 रश्मि पेट्रोल पंप के सामने पानी और बिजली से परेशान महिलाओं ने सोमवार को मौदहा राष्ट्रीय राजमार्ग 34 में जाम लगाया। लोगों का आक्रोश देख आनन फानन में सीओ मौदहा ने सम्हाला मोर्चा। कोतवाली प्रभारी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझा बुझाकर खुलवाया जाम।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के महेवा में अत्याधुनिक तहसील भवन बनेगा। यह भवन करीब एक हेक्टेयर भूमि में होगा। तहसील भवन के भूमि अधिग्रहण के लिए ₹2.5 करोड़ की धनराशि जारी की गई, जबकि कुल इसकी कुल लागत 12.50 करोड़ आयेगी। इसके परिसर में पार्किंग, अभिलेखागार व अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके लिये सभी प्रशासनिक प्रक्रियाएं लगभग पूरी कर ली गई है। तहसील बनने से क्षेत्रवासियों को राजस्व कार्यों में बड़ी राहत मिलेगी।
जिले के थाना इंदरगढ़ क्षेत्र के सहियापुर गांव में एक मामूली कहासुनी ने पूरे परिवार को तबाह कर दिया। सोमवार सुबह जमीनी विवाद का खूनी अंत हुआ और दो भाइयों की मौत से गांव में मातम पसर गया। जमीनी विवाद इतना बढ़ गया कि पहले एक भाई की हत्या हुई और बाद में दूसरे भाई ने भी आत्महत्या करके अपनी जान दे दी। मृतकों में दो सगे भाइयों—55 वर्षीय रामासरे और 50 वर्षीय रामभोले की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे कार्यक्रम के तहत आगरा में भी भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। समारोह में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मेडल, प्रशस्ति पत्र और 21 हजार रुपये का चेक प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उनके साथ प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सम्मान समारोह के दौरान पूरे सभागार में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला।
थाना सेक्टर-49 पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जुआ खेलने वाले 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी एक होटल के कमरे में इकट्ठा होकर जुआ खेल रहे थे। मौके से 1,62,250 नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा 7 दोपहिया वाहन, एक कार और 22 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
इटावा-बरेली हाईवे पर बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर एक महिला को निशाना बनाते हुए उसकी सोने की चेन लूट ली। बदमाशों ने वारदात के दौरान महिला को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना की सूचना मिलते ही एसपी गिरीश कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। मामला थाना राजेपुर क्षेत्र के डबरी रामगंगा इलाके का बताया जा रहा है।
महाराजगंज : समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। सपा नेताओं ने राज्यपाल को संबोधित आठ सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। इस दौरान पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिबड़ेवाल ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिबड़ेवाल कहा कि महंगाई चरम पर है और आम जनता का जीना मुश्किल हो गया है। टिबड़ेवाल ने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश, दोनों सरकारें आर्थिक मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया संबोधन के बाद ही स्पष्ट हो गया था कि सरकार के हाथ-पांव फूल चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि डॉलर लगातार महंगा हो रहा है, जबकि कपड़ों समेत रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम दोगुने हो गए हैं।
प्रयागराज : जनपद में तीन प्रमुख कोचिंग संस्थानों के सीज किए जाने के मामले में संयुक्त प्रतियोगी छात्र हुंकार मंच के संयोजकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार पंकज पाण्डेय को कर्नलगंज क्षेत्र से और आशुतोष पाण्डेय को सर्किट हाउस इलाके से हिरासत में लिया गया। दोनों ने हुंकार मंच के बैनर तले प्रतियोगी छात्रों के साथ कैंडिल मार्च निकाला था। इससे पहले प्रतियोगी छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर सड़क पर मार्च भी किया था।
जनपद में तेज हवाओं के साथ हुई मूसलाधार बारिश से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। बारिश के चलते लोगों को तेज धूप और उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद हुई जोरदार बारिश ने तापमान में गिरावट दर्ज कराई और वातावरण सुहावना हो गया। बारिश के दौरान कई इलाकों में तेज हवाएं भी चलीं, जिससे लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की।
कदौरा क्षेत्र के बबीना गांव में शराब का ठेका खोले जाने का ग्रामीणों ने विरोध किया। नाराज ग्रामीणों ने आबकारी विभाग की टीम और ठेकेदार का घेराव करते हुए बस्ती के बीच शराब ठेका न खोलने की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना है कि आबादी वाले इलाके में शराब की दुकान खुलने से सामाजिक माहौल प्रभावित होगा। मौके पर काफी देर तक विरोध प्रदर्शन चलता रहा। मामला कदौरा क्षेत्र के बबीना गांव का है।
चंदौली में सपा की महिला नेता गार्गी पटेल मारपीट प्रकरण में नया विवाद सामने आया है। सपा के प्रदेश अध्यक्ष ने श्याम लाल पाल ने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने भाजपा के राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा पर निशाना साधा और कहा कि उनके इशारों पर मारपीट की गई।
देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र के ग्राम चकजगबंधन उर्फ मिश्रौली का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक दुकानदार द्वारा एक लड़की से चोरी के आरोप में कथित तौर पर बलपूर्वक पूछताछ किए जाने का मामला सामने आया है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त होने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। वहीं, वायरल वीडियो को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
जनपद देवरिया के थाना भाटपाररानी पुलिस द्वारा हत्या के चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। हत्यारोपियों के खिलाफ भाटपाररानी थान में मु0अ0सं0- 81/2026 धारा 103(1), 238(क), 3(5) बीएनएस में मुकदमा दर्ज था। गिरफ्तार आरोपियों में दीपक गोड़ पुत्र हरेराम गोड़, कमल अंसारी, नईम अंसारी पुत्र अजीज अंसारी और आशिक अंसारी शामिल हैं सभी को उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया। उनको सुशील साहनी पुत्र रामकुँवर, साकिन बड़का गाँव थाना भाटपाररानी जनपद देवरिया की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
एक तरफ सरकार स्वच्छता और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं दूसरी तरफ देवरिया नगर पालिका की लापरवाही ने मेडिकल कॉलेज परिसर के आसपास रहने वालों और आने-जाने वाले मरीजों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मेडिकल कॉलेज की बाउंड्री के किनारे नगर पालिका द्वारा डंप किए गए कचरे और गंदे मलबे का ढेर अब लोगों के लिए मुसीबत का सबब बन गया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कूड़े और मलबे से उठ रही धूल तथा सड़ांध के कारण मरीजों, उनके तीमारदारों, नौनिहाल बच्चों और आसपास के व्यवसायियों को सांस लेने में भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच यह गंदगी संक्रमण फैलने की आशंका को भी ठबढ़ा रही है।
देवरिया जिले में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए जिलाधिकारी (DM) ने बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को जनपद के विद्यालयों का नियमित और औचक निरीक्षण करने के कड़े निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही, उन्होंने स्कूलों में बच्चों के नामांकन की संख्या बढ़ाने और छात्रों की दैनिक उपस्थिति में सुधार लाने पर विशेष जोर दिया। डीएम ने साफ किया कि शिक्षा की गुणवत्ता और बच्चों की उपस्थिति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वाराणसी में SOG और कैंट थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़ी छापेमारी करते हुए सट्टेबाजों के एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 13 शातिर सट्टेबाजों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है, जिनमें से 5 बुकी मुख्य रूप से मुंबई के रहने वाले हैं। जांच में सामने आया है कि इस गिरोह ने महज एक महीने के भीतर करीब 1.50 लाख लोगों को अपना शिकार बनाया और उनसे लगभग 20 करोड़ रुपये इन्वेस्ट कराए। इस रैकेट के तार हवाला कारोबार से भी जुड़े होने की बात सामने आ रही है।
सोनभद्र जिले में पुलिस और नशा तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक लग्जरी कार से पंजाब के शातिर तस्कर प्रिंस को पैर में गोली लगने के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पकड़े गए तस्कर के पास से पुलिस ने ₹58.75 लाख कीमत के मादक पदार्थ, जिसमें 3 किलोग्राम अफीम और 225 किलो डोडा शामिल है, बरामद किया है। इसके साथ ही तस्कर के कब्जे से एक तमंचा और कारतूस भी जब्त किया गया है।
चंदौली जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से 19 मेधावियों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया। इस दौरान सभी मेधावी छात्रों को प्रशस्ति पत्र और प्रोत्साहन के रूप में 21-21 हजार रुपये के चेक प्रदान किए गए। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मिले इस बड़े सम्मान और पुरस्कार राशि से छात्र-छात्राओं के बीच भारी उत्साह और खुशियों की लहर देखी गई।
अयोध्या जिले के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत ककरही बाजार से युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक युवक के छोटे भाई ने ही उसकी पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस वारदात के बाद मृतक की पत्नी ने हिम्मत दिखाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए परिवार के ही 4 लोगों—सास, ससुर, देवर और ननद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
मुजफ्फरनगर जिले के नई मंडी क्षेत्र से आस्था के नाम पर हुड़दंगबाजी का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ एक जुलूस के दौरान कुछ युवकों द्वारा खुलेआम हवा में तलवारें लहराने और खतरनाक बाइक स्टंटबाजी करने का वीडियो सामने आया। मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और माहौल बिगाड़ने वाले 5 स्टंटबाज युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पकड़े गए इन हुड़दंगियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई तलवार भी बरामद कर ली है।
श्रावस्ती जिले के हरदत्त नगर गिरंट थाना क्षेत्र के रानीसीर गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक घर के बंद कमरे के अंदर एक युवती की फंदे से लटकी हुई लाश बरामद हुई है। घटना के वक्त मृतका का पति अपने पिता को छोड़ने के लिए लखनऊ गया हुआ था और घर पर कोई नहीं था। मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई है और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस शव को कब्जे में लेकर मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए गहनता से जांच कर रही है।
कानपुर देहात में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है, जहां प्रदेश की पूर्व मंत्री प्रतिभा शुक्ला के पति अनिल शुक्ला वारसी अपने भारी समर्थकों के साथ अचानक जिलाधिकारी (DM) कार्यालय पहुंच गए। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में ही समर्थकों संग जमीन पर बैठकर धरना देना शुरू कर दिया है। बताया जा रही है कि अनिल शुक्ला वारसी क्षेत्र की जनता से जुड़ी कई गंभीर शिकायतों पर प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा कोई ठोस एक्शन नहीं लिए जाने से बेहद नाराज और भड़के हुए हैं। प्रशासन को दी गई शिकायतों पर सुनवाई न होने को लेकर कलेक्ट्रेट में जबरदस्त हंगामा और तनाव का माहौल देखा जा रहा है।
कौशांबी जिले में पंचायत सहायक कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों की मुख्य मांग उनका मासिक मानदेय बढ़ाकर 30 हजार रुपये प्रति माह करना और उनके लिए स्पष्ट सेवा नियमावली लागू करना है। पंचायत सहायकों ने अपनी आवाज बुलंद करते हुए प्रशासन को साफ चेतावनी दी है कि यदि उनकी ये मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं, तो वे आने वाले दिनों में एक बड़ा और उग्र धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।
फर्रुखाबाद में मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में स्थानीय सांसद (MP), विधायक (MLA) और जिलाधिकारी (DM) ने शिरकत कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया। समारोह के दौरान कुल 19 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन के रूप में 21-21 हजार रुपये के चेक प्रदान किए गए। इतनी बड़ी सम्मान राशि और प्रशासनिक सराहना मिलने से छात्र-छात्राओं के चेहरे खिल उठे और पूरे परिसर में खुशियों की लहर दौड़ गई।
मैनपुरी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक अज्ञात वाहन ने एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर की वजह से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह पूरी घटना थाना बेवर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जीटी रोड की है। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया, वहीं पुलिस ने घटना की जानकारी मिलते ही शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर डीआरआई (DRI) और कस्टम विभाग की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़ी सफलता मिली है। सुरक्षा एजेंसियों ने चेकिंग के दौरान 6 विदेशी यात्रियों के पास से भारी मात्रा में हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया है। पकड़े गए सभी आरोपी यात्री थाईलैंड के नागरिक हैं, जिनमें तीन महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। इन अंतरराष्ट्रीय तस्करों के पास से कुल 19.7 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 20 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस और जांच एजेंसियां आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी हैं।
कन्नौज के तिर्वा कोतवाली क्षेत्र में जलभराव की गंभीर समस्या को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अनोखा प्रदर्शन किया। सपा नेता कोतवाली के सामने सड़क पर जमा पानी के बीच ही धरने पर बैठ गए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नेताओं का कहना है कि जलभराव के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि अगले 10 दिनों के भीतर सड़क का निर्माण और जलभराव की समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे एक बड़ा आंदोलन शुरू करने को बाध्य होंगे।
उन्नाव में अपनी मांगों को लेकर पंचायत सहायकों ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। आंदोलनकारी सहायकों की मुख्य मांग उनका मानदेय 6,000 रुपये से बढ़ाकर 30,000 रुपये प्रति माह करने की है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम एक 5 सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी (DM) को सौंपा। पंचायत सहायकों ने प्रशासन को साफ चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे अपना आंदोलन तेज करेंगे और आगामी 15 जून को लखनऊ में विशाल धरना प्रदर्शन करेंगे।
रायबरेली के विकास भवन में 'मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह' का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह के दौरान कैबिनेट मंत्री ने जिले के विभिन्न स्कूलों के मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए सम्मानित किया। इस दौरान होनहार विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप 21-21 हजार रुपये के चेक सौंपे गए, जिससे छात्रों और उनके अभिभावकों के चेहरे खिल उठे।
लखनऊ पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए चोरी और गुम हुए लगभग 42.50 लाख रुपये कीमत के 220 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। ये मोबाइल फोन अमीनाबाद और नाका समेत राजधानी के 8 अलग-अलग थानों की पुलिस टीम द्वारा रिकवर किए गए हैं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इन सभी बरामद मोबाइल फोनों को उनके असली मालिकों को ढूंढकर सुरक्षित सौंप दिया है, जिससे लोगों के चेहरे पर खुशी लौट आई है।
गोंडा के कमिश्नर कार्यालय परिसर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अधिवक्ता संजय दुबे अपने भाई के साथ पानी की टंकी पर चढ़ गए। अधिवक्ता अपने पिता के दो शेष हत्यारोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। धानेपुर थाना पुलिस के मुताबिक, इस मामले में 6 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। फिलहाल मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम मामले की जांच का आश्वासन देते हुए दोनों भाइयों को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटी है।
गोंडा जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित बृजभूषण सिंह के रघुकुल विद्यापीठ परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक महिला अपने मासूम बच्चे के साथ परिसर के अंदर लगे ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला ने राम इकबाल नाम के व्यक्ति पर गंभीर रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। टावर के ऊपर से ही महिला ने फोन कर सीओ (CO) सिटी को अपनी समस्या बताई। सूचना मिलते ही सिटी मजिस्ट्रेट और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है और महिला को सुरक्षित नीचे उतारने व समझाने-बुझाने के प्रयास में जुटा है।
वाराणसी के शास्त्री घाट पर समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई के विरोध में इकट्ठा होकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और महंगाई पर लगाम लगाने की मांग की। प्रदर्शन के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात की गई थी। प्रदर्शन के अंत में सपा कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन के माध्यम से जिलाधिकारी (DM) को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा।
अलीगढ़ में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने जिला मुख्यालय पर एकत्रित होकर गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी (DM) कार्यालय के बाहर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। इसके बाद समुदाय के प्रतिनिधियों ने एसीएम (ACM) प्रथम विनीत मिश्रा से मुलाकात कर उन्हें इस संबंध में एक ज्ञापन सौंपा। यह प्रदर्शन और मांग इलाके में काफी चर्चा का विषय बनी हुई है।
हापुड़ जिले के थाना सिंभावली क्षेत्र से दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट होने का मामला सामने आया है। दोनों पक्षों में हुई इस हिंसक झड़प और मारपीट की पूरी वारदात वहां लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
कानपुर के बाबूपुरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बगाही में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना से आक्रोशित परिजन शव को लेकर सीधे थाने पहुंच गए और सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। मृतका के परिजनों ने पुलिस पर पूरे मामले में लीपापोती करने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का साफ कहना है कि नवविवाहिता की दहेज के लिए हत्या की गई है। फिलहाल थाने के सामने परिजनों के इस प्रदर्शन से हड़कंप मचा हुआ है।
गोरखपुर के गोला कस्बे के चर्चित ज्वैलरी शॉप लूटकांड के आरोपी मेहंदी हसन की रविवार को जेल में तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने के बाद उसे जेल भेजा गया था, जहां अचानक तबीयत खराब होने पर अस्पताल लाया गया, पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया गया है और वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विसरा सुरक्षित रख जांच शुरू कर दी गई है।
उत्तर प्रदेश के पशुपालन विभाग में इस साल एक भी अधिकारी या कर्मचारी का तबादला नहीं हुआ है और इस पूरे ट्रांसफर सीजन को शून्य घोषित कर दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार और अफसरों की मनमर्जी से मंत्री धर्मपाल सिंह काफी नाराज हैं, जिसके चलते उन्होंने एक भी तबादले की फाइल को आगे नहीं बढ़ाया। गलियारों में यह भी चर्चा आम है कि प्रमुख सचिव और मंत्री के बीच आपसी तालमेल के भारी अभाव और अनबन की वजह से यह स्थिति पैदा हुई है।
उत्तर प्रदेश के पशुपालन विभाग में इस साल एक भी अधिकारी या कर्मचारी का तबादला नहीं हुआ है और इस पूरे ट्रांसफर सीजन को शून्य घोषित कर दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार और अफसरों की मनमर्जी से मंत्री धर्मपाल सिंह काफी नाराज हैं, जिसके चलते उन्होंने एक भी तबादले की फाइल को आगे नहीं बढ़ाया। गलियारों में यह भी चर्चा आम है कि प्रमुख सचिव और मंत्री के बीच आपसी तालमेल के भारी अभाव और अनबन की वजह से यह स्थिति पैदा हुई है।
हमीरपुर जिले में 29 मई को आई भीषण आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई है, जिसका एक मार्मिक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दर्जनों तोते बेसुध हालत में जमीन पर पड़े दिखाई दे रहे हैं, जिनमें से कई की दर्दनाक मौत हो चुकी है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो हिंदुस्तान लीवर फैक्ट्री परिसर का है, जिसे वहां मौजूद एक शख्स ने बनाकर वायरल किया है। इस दुखद घटना ने आंधी-तूफान के कारण बेजुबान पक्षियों को पहुंचे भारी नुकसान को उजागर किया है।
आगरा के थाना हरीपर्वत अंतर्गत नगला शोला भोला में बहू द्वारा मकान पर कब्जा करने और बुजुर्ग सास बेबी से मारपीट कर उन्हें घर से निकालने का मामला सामने आया है। पीड़िता के मुताबिक, उनके दिवंगत पति ने मकान बेटी के नाम कर दिया था, फिर भी बहू राधा ने ताला तोड़कर कब्जा कर लिया। विरोध करने पर 26 मई को बहू ने सास को पीटा और बेटी-दामाद को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत और ताला तोड़ने के वीडियो के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Location : Lucknow/New Delhi
Published : 1 June 2026, 8:13 AM IST