UP Breaking News Live: यूपी के किस जिले में क्या हुआ? बड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और ताजा घटनाक्रम जानें सबसे पहले

UP Breaking News Live: उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध, शिक्षा, रोजगार, मौसम और सरकारी योजनाओं से जुड़ी हर बड़ी खबर का ताजा अपडेट पढ़ें। लखनऊ से लेकर नोएडा और गोरखपुर तक, यूपी के सभी जिलों की खबरें यहां जानें।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 15 November 2026 , 10:27 AM

Lucknow: उत्तर प्रदेश में आज क्या हो रहा है? राजनीति से लेकर अपराध, शिक्षा, रोजगार, मौसम और सरकारी योजनाओं तक हर बड़ी खबर का ताजा अपडेट यहां मिलेगा। प्रदेश के लखनऊ, कानपुर, आगरा, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, मेरठ, नोएडा और गाजियाबाद समेत सभी जिलों की महत्वपूर्ण खबरों से जुड़े रहें। सरकार के फैसलों, प्रशासनिक हलचल, पुलिस कार्रवाई, सड़क हादसों, चुनावी गतिविधियों और जनहित से जुड़े मुद्दों की पल-पल की जानकारी यहां पढ़ें। यूपी की ब्रेकिंग न्यूज, बड़ी खबरें और स्थानीय घटनाक्रम जानने के लिए इस लाइव अपडेट को लगातार फॉलो करते रहें। हर जरूरी अपडेट सबसे पहले जानें।

    LIVE NEWS & UPDATES

    • 15 Nov 2026 10:27 AM (IST)

      छठी मंजिल से गिरकर कारोबारी के बेटे की मौत

      कानपुर के बिठूर स्थित एक अपार्टमेंट्स की छठी मंजिल से गिरकर सन्दिग्ध परिस्थितियों में युवक की दर्दनाक मौत हो गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाते हुए जांच शुरू कर दी है। उधर मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

    • 15 Nov 2026 10:26 AM (IST)

      गुड मॉर्निंग देवरिया अभियान से महिलाओं और बुजुर्गों को मिला सुरक्षा का भरोसा

      देवरिया में सुबह की शुरुआत अब पुलिस की निगरानी और सुरक्षा के भरोसे के साथ हो रही है। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर जिलेभर में गुड मॉर्निंग देवरिया और एंटी रोमियो चेकिग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीमों ने पार्कों, स्टेडियमों, प्रमुख मार्गों, मंदिरों और स्कूलों के आसपास गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। मॉर्निंग वॉक पर निकले महिला और पुरुषों से पुलिसकर्मियों ने सीधा संवाद किया, वहीं बुजुर्गों की समस्याएं सुनकर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। दूसरी तरफ एंटी रोमियो टीम ने स्कूल और कोचिंग जाने वाली बालिकाओं को महिला सुरक्षा हेल्पलाइन की जानकारी देकर जागरूक किया।

    • 15 Nov 2026 09:49 AM (IST)

      दलित महासम्मेलन में आज गरजेंगे अखिलेश यादव, आगरा से 2027 के चुनाव का करेंगे शंखनाद

      समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव रविवार को आगरा पहुंचेंगे। वह पंचकुइयां स्थित जीआईसी मैदान में आयोजित दलित महासम्मेलन को संबोधित करेंगे। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले आयोजित इस सम्मेलन को लेकर समाजवादी पार्टी ने व्यापक तैयारियां की है। शनिवार को ही सम्मेलन स्थल पर मंच, टेट, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई थीं।

    • 15 Nov 2026 09:48 AM (IST)

      Chandauli News: आठ साल की मेहनत लाई रंग, छठ व्रतियों को मिला अपना घाट

      चंदौली के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर यानी मुगलसराय में छठ महापर्व की धूम है। इसी बीच सुभाष नगर की सभासद आरती यादव अपने वार्ड में छठ घाट बनवाने को लेकर चर्चा में है। पिछले आठ वर्षों के संघर्ष के बाद तालाब को अतिक्रमण मुक्त कराकर यहां घाट का निर्माण कराया जा रहा है। खास बात यह है कि उनके परिवार में पिछले 40 वर्षों से छठ पूजा होती आ रही है। छठी मैया की आस्था और लोक परंपरा से जुड़ा यह महापर्व लाखों लोगों के लिए विशेष महत्व रखता है। शनिवार को खरना पूजन के साथ व्रती महिलाओं ने 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प लिया। घरों में पारंपरिक तरीके से रोटी और खीर का प्रसाद तैयार किया गया।

    • 15 Nov 2026 09:47 AM (IST)

      Prayagraj News: ट्रेन में चढ़ते समयि महिला यात्री की मौत

      प्रयागराज के सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक महिला यात्री हादसे का शिकार हो गई। प्लेटफॉर्म नंबर एक पर 14 नवंबर शाम 5:50 बजे ट्रेन नंबर 14163 संगम एक्सप्रेस रवाना हो रही थी, तभी महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच गिरने लगी। मौके पर तैनात आरपीएफ कांस्टेबल प्रभाकर दुबे ने तत्परता और सूझबूझ दिखाते हुए महिला को ट्रेन के नीचे जाने से बचा लिया। महिला यात्री की पहचान 35 वर्षीय रुप के रूप में हुई है, जो सोनभद्र की रहने वाली है और सूबेदारगंज से मेरठ जा रही थीं।

    • 15 Nov 2026 09:45 AM (IST)

      17 नवंबर से शुरू होगा हाथरस का डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर

      हाथरस में मतदाताओं की सुविधा और निर्वाचन संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जनपद में 17 नवंबर 2026 से डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर (DCC) शुरू किया जाएगा। इसके माध्यम से नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, नाम हटवाने, विवरण में संशोधन कराने और मतदान केंद्र सहित निर्वाचन से जुड़ी अन्य जानकारियां प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए टोल फ्री नंबर 1950 और लैंडलाइन नंबर 05722-297083 जारी किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, यह सुविधा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी।

    • 15 Nov 2026 09:43 AM (IST)

      Ballia News: ट्रेन की चपेट में आया उप निरीक्षक, आत्महत्या का प्रतीत

      बलिया के चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के धर्मापुर के पास शनिवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां रेलवे ट्रैक पर सारनाथ एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से चितबड़ागांव थाने में तैनात उप निरीक्षक संदीप कुमार प्रजापति (28) की मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक डॉ. इरज राजा के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

    • 15 Nov 2026 09:42 AM (IST)

      Siddharthnagar News: सांसद निधि से बन रही सड़क में घटिया निर्माण का आरोप

      सिद्धार्थनगर के उसका बाजार क्षेत्र में बकैनिया-गंगाधरपुर संपर्क मार्ग के निर्माण में अनियमितता के आरोप लगे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क पर बिना उचित लेवलिंग और रोलर चलाए गिट्टी बिछाकर काम किया जा रहा है। सड़क की चौड़ाई और दोनों ओर पटरी को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

    • 15 Nov 2026 09:40 AM (IST)

      Sultanpur Road Accident: बाइक-स्कॉर्पियो की आमने-सामने भिड़ंत, हादसे में पत्नी की मौत

      सुलतानपुर के हलियापुर थाना क्षेत्र के अयोध्या-रायबरेली मार्ग पर रामबाग ढाबे के पास रविवार को बाइक और स्कॉर्पियो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, अमेठी जिले के पंवारी निवासी शिवकुमार जायसवाल (54) अपनी पत्नी कमलेश जायसवाल (52) के साथ रिश्तेदारी में हलियापुर जा रहे थे। रामबाग ढाबे के पास सामने से आ रही स्कॉर्पियो (यूपी 32 आरवी 9771) ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए।

    • 15 Nov 2026 09:39 AM (IST)

      Sultanpur: बजरंग चौक पर अज्ञात वाहन की टक्कर से टेंट व्यवसायी की मौत

      सुलतानपुर के अखण्डनगर थाना क्षेत्र के अलाउद्दीनपुर निवासी टेंट व्यवसायी लालजी यादव की शनिवार शाम सड़क हादसे में मौत हो गई शाम करीब 6:30 बजे वह घर से अखण्डनगर बाजार स्थित अपनी दुकान पर जा रहे थे इसी दौरान बजरंग चौक पर पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी हादसे में गंभीर रूप से घायल लालजी यादव को स्थानीय लोगों ने सीएचसी अखण्डनगर पहुंचाया जहां चिकित्सक डॉ. शशांक शुक्ला ने उन्हें मृत घोषित कर दिया घटना की सूचना पर थाना प्रभारी धीरेन्द्र कुमार वर्मा ने पुलिस टीम को मौके पर भेजकर जांच शुरू कराई सीसीटीवी फुटेज के जरिए टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही हैं पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी हैं हादसे की खबर से अखण्डनगर बाजार में शोक की लहर दौड़ गई।

Location :  Lucknow

Published :  15 November 2026, 9:37 AM IST