परीक्षा हॉल में अचानक बेहोश हुई छात्रा, कौशाम्बी में PET-2026 की परीक्षा के दौरान मची अफरा-तफरी

कौशाम्बी जिले में PET-2026 की परीक्षा के दौरान राजकीय इंटर कॉलेज ओसा में एक छात्रा अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी। परीक्षा केंद्र प्रशासन ने एंबुलेंस की मदद से उसे मंझनपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां आधे घंटे के उपचार के बाद उसे होश आया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 1 November 2026, 7:25 PM IST

Kaushambi: जिले में रविवार को PET-2026 की परीक्षा के दौरान एक छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सिर में तेज दर्द होने के बाद वह परीक्षा केंद्र के अंदर ही बेहोश होकर गिर पड़ी। घटना के बाद केंद्र पर अफरा-तफरी मच गई। परीक्षा केंद्र प्रशासन ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर छात्रा को मंझनपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां करीब आधे घंटे तक चले उपचार के बाद उसे होश आया। डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है। हालांकि, अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण छात्रा की परीक्षा छूट गई।

परीक्षा देते समय अचानक बिगड़ी तबीयत

जानकारी के मुताबिक, फतेहपुर जिले के हथगांव थाना क्षेत्र के सिठौरा गांव निवासी संतोष सिंह की 22 वर्षीय बेटी मुस्कान सिंह रविवार को PET-2026 की दूसरी पाली की परीक्षा देने पहुंची थी। उसका परीक्षा केंद्र मंझनपुर के ओसा स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में था। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित थी।

PET-2026: झांसी में दोनों पालियों में10,391अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा

मुस्कान परीक्षा दे रही थी। इसी दौरान शाम करीब 4:20 बजे अचानक उसके सिर में तेज दर्द शुरू हो गया। देखते ही देखते उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह अपनी सीट पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी। छात्रा को इस हालत में देखकर परीक्षा केंद्र के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।

एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया

छात्रा की हालत बिगड़ते ही केंद्र कर्मचारियों ने तत्काल उसके परिजनों को सूचना दी। इसके साथ ही एंबुलेंस बुलाकर मुस्कान को मंझनपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने तुरंत उसका उपचार शुरू किया। करीब आधे घंटे बाद उसे होश आया। चिकित्सकों के अनुसार, अब उसकी हालत सामान्य है और वह खतरे से बाहर है।

PET-2026 Exam: हाथरस में 16 केंद्रों पर होगी परीक्षा, DM ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा

बेटी को होश आने पर परिवार ने ली राहत की सांस

मुस्कान के पिता संतोष कुमार ने बताया कि परीक्षा केंद्र से बेटी की तबीयत खराब होने की सूचना मिलते ही वह घबरा गए और तुरंत मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उपचार के बाद बेटी को होश आया और उसकी हालत में सुधार हुआ। बेटी की जान सुरक्षित देखकर परिवार ने राहत की सांस ली। हालांकि, अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण मुस्कान PET-2026 की परीक्षा पूरी नहीं कर सकी। परीक्षा देने की उम्मीद लेकर केंद्र पहुंची छात्रा को बिना पेपर दिए ही अस्पताल जाना पड़ा।

Location :  Kaushambi

Published :  1 November 2026, 7:25 PM IST