
लखनऊ में प्रदर्शन
Lucknow: लखनऊ में नीट पेपर लीक मामले को लेकर लखनऊ में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले राष्ट्रीय छात्र पंचायत के अध्यक्ष शिवम पांडेय को इटियाथोक पुलिस ने नजरबंद कर दिया। पुलिस ने उन्हें बहलोलपुर स्थित कार्यालय से बाहर निकलने से रोक दिया। इसके विरोध में छात्र नेता ने कार्यालय परिसर में धरना शुरू कर दिया और भगत सिंह की तस्वीर के सामने मोमबत्ती जलाकर विरोध जताया।
नीट पेपर लीक मामले को लेकर प्रदेशभर में छात्रों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच लखनऊ में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे राष्ट्रीय छात्र पंचायत के अध्यक्ष शिवम पांडेय को पुलिस ने नजरबंद कर दिया।
बताया गया कि शिवम पांडेय अपने समर्थकों के साथ लखनऊ रवाना होने की तैयारी कर रहे थे। इससे पहले ही इटियाथोक पुलिस बहलोलपुर स्थित उनके कार्यालय पहुंच गई और उन्हें बाहर जाने से रोक दिया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मौके पर तनाव का माहौल बन गया।
नजरबंद किए जाने के विरोध में शिवम पांडेय ने अपने कार्यालय परिसर में ही धरना शुरू कर दिया। उन्होंने शहीद भगत सिंह के चित्र के सामने मोमबत्ती जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थक भी कार्यालय पहुंच गए और पुलिस कार्रवाई के खिलाफ नारेबाजी की।
शिवम पांडेय ने कहा कि नीट पेपर लीक मामले में लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। छात्र नेता ने आरोप लगाया कि आवाज उठाने वालों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस कार्रवाई के बाद छात्र संगठन के समर्थकों में काफी नाराजगी देखने को मिली। समर्थकों का कहना था कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन प्रशासन उन्हें रोकने का प्रयास कर रहा है।
कई छात्रों ने कहा कि पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे पर सरकार को जवाब देना चाहिए, न कि विरोध करने वालों को नजरबंद करना चाहिए। मौके पर मौजूद समर्थकों ने कार्रवाई को अलोकतांत्रिक बताते हुए विरोध दर्ज कराया।
वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियातन यह कदम उठाया गया है। अधिकारियों के मुताबिक किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या तनाव की स्थिति से बचने के लिए शिवम पांडेय को कार्यालय से बाहर नहीं जाने दिया गया।
फिलहाल पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है और छात्र संगठनों में आक्रोश देखने को मिल रहा है।
Location : Lucknow
Published : 14 May 2026, 2:09 PM IST