
उत्तर प्रदेश में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज (Img- Pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में तीन दिनों की शुष्कता और तेज धूप के बाद मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने एक नए मौसमी सिस्टम के सक्रिय होने से प्रदेश में अगले चार से पांच दिनों तक झमाझम बारिश का दौर फिर से शुरू हो जाएगा।
मंगलवार को हालांकि पूर्वी से लेकर पश्चिमी यूपी तक धूप खिली रहेगी, लेकिन बुधवार से बादलों की आवाजाही के बीच बारिश की तेज गतिविधियां दर्ज की जाएंगी। इस बदलाव से दिन के तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिलेगी।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, मंगलवार को लखनऊ में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी की संभावना है, जबकि बुधवार से राजधानी सहित 40 से अधिक जिलों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। पूर्वी और मध्य यूपी के जिलों में 28 सितंबर तक अच्छी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
इस दौरान कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने और तेज हवाएं चलने का भी अलर्ट जारी किया गया है। इसका व्यापक असर पश्चिमी यूपी के जिलों पर भी देखने को मिलेगा, जिससे मानसून का कोटा पूरा होने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश से मानसून की वापसी की समय-सीमा भी स्पष्ट कर दी है। अलग-अलग इलाकों के हिसाब से पश्चिमी यूपी में 28 से 30 सितंबर के बीच मानसून का दौर पूरी तरह थम जाएगा और बारिश बंद हो जाएगी। वहीं, लखनऊ और पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में मानसून की विदाई की आधिकारिक तारीख 4 अक्टूबर तय की गई है।
वर्तमान में यूपी में सामान्य से 6 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है, जिसमें पूर्वी यूपी में 11 प्रतिशत की कमी है, जबकि पश्चिमी जिलों में महज 0.4 प्रतिशत कम बारिश हुई है। आगामी बारिश का यह दौर इस कमी को पूरा कर सकता है।
Location : Lucknow
Published : 22 September 2026, 7:54 AM IST