UP Weather update: यूपी में साफ रहेगा आसमान, लेकिन पारे की लुकाछिपी के बीच सुबह-शाम महसूस होगी ज्यादा सिहरन

यूपी में मानसून की विदाई के बाद अब ठंड ने दस्तक देनी शुरू कर दी है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। हालांकि पूरे प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क और साफ रहेगा, लेकिन सुबह और शाम के वक्त सिहरन बढ़ने से लोगों को सर्दी का अहसास होने लगा है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 4 November 2026, 7:56 AM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश में मौसम ने अब पूरी तरह करवट लेनी शुरू कर दी है। मानसून की विदाई के बाद बारिश का सिलसिला थम चुका है और पूरे प्रदेश में शुष्क मौसम का दौर जारी है। सुबह और शाम के वक्त हल्की ठंड महसूस होने लगी है, जबकि कई इलाकों में सुबह के समय कोहरे का असर भी दिखाई देने लगा है। ऐसे में मौसम विभाग का ताजा अपडेट बताता है कि आने वाले दिनों में ठंड का असर और तेज होने वाला है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, 4 नवंबर को उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। पश्चिमी यूपी से लेकर पूर्वांचल तक कहीं भी बारिश या बूंदाबांदी की कोई संभावना नहीं है। दिन में तेज धूप निकलने से मौसम सामान्य और सुहावना रहेगा, लेकिन जैसे ही सूरज ढलेगा, हल्की सिहरन लोगों को महसूस होने लगेगी। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बने रहने की संभावना जताई है।

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर खत्म, सभी 75 जिलों में मौसम शुष्क और खिली धूप के साथ ठंड की दस्तक

आने वाले दिनों में प्रदेश के मौसम में किसी बड़े उलटफेर के संकेत नहीं हैं। आगामी 5 से 9 नवंबर के बीच मौसम पूरी तरह सामान्य और शुष्क रहने की उम्मीद है। राहत की बात यह है कि मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी जिलों को 'ग्रीन जोन' में रखा है, यानी फिलहाल किसी भी तरह की गंभीर मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि, अगले दो दिनों के भीतर न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे सुबह और रात की ठंड बढ़ेगी। वहीं, अधिकतम तापमान में अगले सात दिनों तक किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।

बढ़ी सुबह-शाम की सिहरन (सोर्स-Pinterest)

राजधानी लखनऊ की बात करें तो आज यहां आसमान बिल्कुल साफ रहेगा और दिनभर खिली हुई धूप निकलेगी। लखनऊ में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि, पिछले तीन दिनों के मुकाबले अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी जरूर दर्ज की गई है, जिससे दोपहर में हल्की गर्मी लग सकती है। उधर, एनसीआर के नोएडा और गाजियाबाद में भी मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन ठंड के साथ-साथ यहां प्रदूषण का बढ़ता स्तर लोगों के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है।

UP Weather Today: यूपी में फिर लौटेगी गर्मी या होगी बारिश? लखनऊ-आगरा समेत इन शहरों में जानें मौसम का हाल

बीते 24 घंटों के तापमान आंकड़ों पर नजर डालें तो मुजफ्फरनगर प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा हरदोई, उरई, मेरठ और बरेली भी प्रदेश के ठंडे जिलों में शामिल रहे। इसके विपरीत, झांसी में अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सबसे ज्यादा गर्म रहा। इसके अलावा प्रयागराज, वाराणसी, बहराइच और आगरा में भी अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

Location :  Lucknow

Published :  4 November 2026, 7:56 AM IST