
प्रतीकात्मक छवि (फोटो सोर्स-इंटरनेट)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भीषण गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। शुक्रवार को प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। हालांकि मौसम विभाग ने राहत भरी खबर देते हुए बताया है कि आने वाले दो दिनों में प्रदेश के कई जिलों में मौसम करवट लेने वाला है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 16 और 17 मई को यूपी के कई हिस्सों में तेज आंधी और बारिश की संभावना है। विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। इस दौरान कई इलाकों में 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ जगहों पर हवा की गति 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने आगरा, मथुरा, कानपुर, कुशीनगर, वाराणसी, प्रयागराज, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, मिर्जापुर, आजमगढ़, सोनभद्र, मऊ, बलिया, कौशाम्बी, फतेहपुर और बलरामपुर समेत 17 जिलों में बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार इन इलाकों में अचानक मौसम बदल सकता है और तेज गर्जना के साथ बारिश हो सकती है।
आईएमडी के मुताबिक केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि बिहार समेत देश के 15 राज्यों में भी बारिश और तूफान की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में बन रहे सिस्टम के कारण वायुमंडल के ऊपरी हिस्से में गतिविधियां बढ़ गई हैं। इसी वजह से प्री-मानसून जैसी स्थिति बन रही है और कई राज्यों में आंधी-बारिश देखने को मिल सकती है।
UP Weather Update: लखनऊ-नोएडा समेत जानिए यूपी के मौसम का ताजा अपडेट
हालांकि अभी प्रदेश में मानसून की एंट्री होने में समय है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार केरल में मानसून पहुंचने के बाद इसके तेजी से उत्तर भारत की ओर बढ़ने की संभावना है। इस बार मजबूत मानसूनी सिस्टम को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि मानसून 10 से 12 दिनों के भीतर उत्तर प्रदेश तक पहुंच सकता है। ऐसे में जून के दूसरे सप्ताह से प्रदेश में झमाझम बारिश शुरू हो सकती है। वहीं 18 जून तक पूरे यूपी में मानसून पूरी तरह सक्रिय होने का अनुमान लगाया गया है।
Location : Lucknow
Published : 16 May 2026, 7:38 AM IST