UP Weather Today: अभी धूप से बेहाल, शाम को बरसेंगे बादल! इन जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी

उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। तेज धूप और बढ़ती गर्मी के बीच अब आंधी, धूल भरी हवाएं और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पूर्वी यूपी के कई जिलों में 9 और 10 मार्च को मौसम बदल सकता है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 9 March 2026, 8:20 AM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश में बढ़ती गर्मी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 9 मार्च से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण शाम के समय बादल घिर सकते हैं और कई इलाकों में आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना बन रही है।

हालांकि दिन के समय प्रदेश के अधिकांश जिलों में तेज धूप रहेगी, लेकिन शाम होते-होते मौसम का मिजाज बदल सकता है। इससे लोगों को कुछ हद तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, आजमगढ़ और आसपास के जिलों में 9 और 10 मार्च को मौसम अधिक सक्रिय रह सकता है। इन क्षेत्रों में धूल भरी हवाएं चलने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।

कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। तेज हवाओं के साथ बादलों की आवाजाही और गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस बदलाव का मुख्य कारण हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय हो रहा नया पश्चिमी विक्षोभ है।

गर्मी से तप रहा यूपी, लेकिन आने वाला है मौसम का नया ट्विस्ट! जानिए कब और कहां होगी बारिश?

तापमान सामान्य से अधिक

प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। गोरखपुर और आजमगढ़ जैसे इलाकों में अधिकतम तापमान 34 से 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं हवाओं की गति लगभग 10 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रहने की संभावना है, जिससे गर्मी का असर और महसूस हो सकता है।

विशेषज्ञों के अनुसार बारिश और बादलों की वजह से कुछ क्षेत्रों में तापमान में हल्की गिरावट भी दर्ज की जा सकती है।

राजधानी लखनऊ में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी लखनऊ में सोमवार को मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। दिन भर तेज धूप रहने की संभावना है, जबकि आसमान में हल्के बादल नजर आ सकते हैं।

मौसम विभाग के अनुसार लखनऊ में अधिकतम तापमान 36 से 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। रात के समय मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहने की उम्मीद है और तेज बारिश की संभावना नहीं है।

Weather Update: उत्तर भारत में बदला मौसम का मिजाज, कहीं बढ़ी गर्मी तो कहीं ठंड और बर्फबारी

बुंदेलखंड और बड़े शहरों में बढ़ेगी गर्मी

बुंदेलखंड क्षेत्र में गर्मी का असर अभी से तेज दिखाई देने लगा है। यहां कई जगहों पर तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है और आने वाले दिनों में इसमें और बढ़ोतरी हो सकती है।

वहीं कानपुर, आगरा, वाराणसी और प्रयागराज जैसे बड़े शहरों में भी दिन का तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, गाजियाबाद और नोएडा में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर की तेज धूप से बचने और मौसम में अचानक बदलाव के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है।

Location : 
  • Lucknow

Published : 
  • 9 March 2026, 8:20 AM IST