UP Power Crisis: 48 डिग्री के टॉर्चर में न कटे बिजली; यूपी में पावर कट से परेशान लोग, CM ने दी राहत

उत्तर प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती अब सरकार के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है। गांव से लेकर शहर तक लोग अघोषित पावर कट से परेशान हैं। राजधानी लखनऊ, कानपुर, अलीगढ़ समेत कई जिलों से लगातार बिजली गुल होने की शिकायतें सामने आने के बाद मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाया है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 24 May 2026, 1:46 PM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती अब सरकार के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है। गांव से लेकर शहर तक लोग अघोषित पावर कट से परेशान हैं। राजधानी लखनऊ, कानपुर, अलीगढ़ समेत कई जिलों से लगातार बिजली गुल होने की शिकायतें सामने आने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है।

बिजली संकट को लेकर मुख्यमंत्री आवास पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक बुलाई गई, जिसमें ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा समेत बिजली विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में प्रदेशभर की बिजली आपूर्ति व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई।

सूत्रों के अनुसार सीएम योगी ने अधिकारियों को साफ शब्दों में कहा कि भीषण गर्मी के दौरान जनता को अनावश्यक बिजली कटौती का सामना नहीं करना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि गांव और शहर दोनों जगह निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और जहां तकनीकी दिक्कतें हैं, उन्हें तुरंत दूर किया जाए।

बताया जा रहा है कि कई जिलों में लगातार ट्रिपिंग, लो-वोल्टेज और अघोषित कटौती से लोग परेशान हैं। गर्मी के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है और कई जगहों पर लोगों का गुस्सा भी देखने को मिला। इसी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने बिजली विभाग को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।

बैठक में अधिकारियों से कहा गया कि बिजली आपूर्ति व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग की जाए और शिकायतों का त्वरित समाधान हो। साथ ही ट्रांसफार्मर खराब होने या लाइन फॉल्ट जैसी समस्याओं को जल्द से जल्द ठीक करने के आदेश भी दिए गए हैं।

सरकार का दावा है कि प्रदेश में बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए लगातार काम किया जा रहा है, लेकिन बढ़ती गर्मी और रिकॉर्ड बिजली खपत के चलते सिस्टम पर दबाव बढ़ गया है। अब मुख्यमंत्री की सख्ती के बाद लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Location :  Lucknow

Published :  24 May 2026, 1:31 PM IST