
बिग ब्रेकिंग (Source: Dynamite News)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ अपने तेज-तर्रार रिपोर्टिंग और बड़ी खबरों के त्वरित अपडेट के लिए जाना जाता है। उत्तर प्रदेश की हर छोटी-बड़ी हलचल पर हमारी नजर रहती है। इसी कड़ी में 03 अक्टूबर 2026 को हम आपके लिए यूपी की हर जरूरी खबर का एक साथ अपडेट लेकर आए हैं।
प्रदेश में आज मौसम से लेकर सियासत, अपराध, प्रशासन, ट्रैफिक और जनसरोकार से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आ सकती हैं। कहीं बारिश और मौसम का बदला मिजाज लोगों की चिंता बढ़ा सकता है तो कहीं अपराध और प्रशासन से जुड़े मामलों में नए अपडेट सामने आ सकते हैं। राजनीतिक गतिविधियों पर भी आज नजर बनी रहेगी।
ऐसे में अलग-अलग खबरों को खोजने की जरूरत नहीं है। डाइनामाइट न्यूज़ के UP Live Blog में आपको उत्तर प्रदेश की दिनभर की हर बड़ी खबर एक ही जगह मिलती रहेगी।
लखनऊ से लेकर नोएडा, प्रयागराज, कानपुर, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और प्रदेश के अन्य जिलों की महत्वपूर्ण खबरों को हम लगातार अपडेट करते रहेंगे। मौसम का नया अलर्ट हो, कोई बड़ा हादसा, अपराध की खबर, प्रशासनिक कार्रवाई, ट्रैफिक अपडेट या सियासी हलचल- हर जरूरी खबर पर हमारी नजर रहेगी।
07 अक्टूबर 2026 के इस लाइव ब्लॉग में पढ़िए यूपी की सियासत, अपराध, मौसम, प्रशासन और जनसरोकार से जुड़ी हर बड़ी खबर की पल-पल की अपडेट। घटनाक्रम बदलने के साथ यह लाइव ब्लॉग भी लगातार अपडेट होता रहेगा।
फतेहपुर जिले के खखरेरू थाना क्षेत्र में बुधवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब बच्चों को छोड़ने जा रही स्कूली बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। इस दुर्घटना में बस में सवार लगभग आठ छात्र घायल हो गए, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के मुताबिक, कानपुरवा खखरेरू स्थित मातादीन एक्सल स्कूल की बस करीब 20 बच्चों को लेकर खखरेरू मार्ग से मानूपुर मोड़ की ओर जा रही थी। मानूपुर कुल्ली के पास अचानक बस का स्टेयरिंग फेल होने से चालक नियंत्रण खो बैठा और बस खाई में जा गिरी। हादसे में घायल हुए बच्चों में अन्नू सिंह, हर्ष, श्रेयान्स और अयांश शामिल हैं। घटना की सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंचे और बच्चों को नजदीकी अस्पताल ले गए, जबकि पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
जनसंख्या के सापेक्ष एबीएचए (आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट) बनाने में सुल्तानपुर ने प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ‘आयुष्मान संवाद’ कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भारत भूषण को सम्मानित किया।
आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के आठ वर्ष और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह भी मौजूद रहे। सीएमओ ने इस उपलब्धि का श्रेय चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और पूरी विभागीय टीम के सामूहिक प्रयासों को दिया है।
प्रतापगढ़ के नगर पंचायत रामगंज को सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए एक बड़ी कवायद शुरू की गई है। नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश सिंह की पहल और स्थानीय व्यापारियों की मांग पर बाजार के कायाकल्प की तैयारी की गई है। इसी क्रम में, बाजार में वर्षों से दुर्घटनाओं को दावत दे रहे ग्राम सभा के कई जर्जर भवनों और दुकानों को नगर पंचायत की देखरेख में सुरक्षित तरीके से जमींदोज कर दिया गया।
इन जर्जर और खतरनाक दुकानों के ढहने से अब संभावित हादसों का खतरा हमेशा के लिए टल गया है। स्थानीय प्रशासन और अध्यक्ष के इस कदम से बाजार के रास्तों को सुगम बनाने में मदद मिलेगी, जिससे आम जनता और दुकानदारों को लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से मुक्ति मिलने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देश पर लंबित आबकारी अधिनियम के मुकदमों के निस्तारण के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन’ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। इसके तहत भटनी थाने में वर्ष 2016 से 2025 के बीच दर्ज विभिन्न मुकदमों से संबंधित अवैध अंग्रेजी शराब, देशी शराब और बीयर को नष्ट किया गया।
यह पूरी कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई। न्यायालय अपर सिविल जज (जू.डि.)/न्यायिक मजिस्ट्रेट, कक्ष संख्या-27, देवरिया के आदेश के अनुपालन में थाना परिसर में जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर कुल 59 मुकदमों से जुड़ी अवैध शराब को नष्ट किया गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी और अभियोजन अधिकारी की मौजूदगी रही तथा पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई। देवरिया पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
रायबरेली में आगामी त्योहारों और आयोजनों को लेकर पुलिस सभागार में जनपद की समस्त आयोजन समितियों के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता जेसीपी विपिन टाडा ने की, जिसमें नवरात्रि, दुर्गा पूजा-पंडाल और रामलीला-दशहरे जैसे आयोजनों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान आयोजकों के सुझावों को गंभीरता से सुना गया। जेसीपी विपिन टाडा ने संबंधित अधिकारियों को आयोजकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक माह तक चलने वाले इन आयोजनों के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं और आमजन घरों से बाहर निकलते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना और सड़क पर यातायात व्यवस्था को सुचारু बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके अलावा, आयोजन स्थलों पर भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा से जुड़े एहतियाती उपायों को लेकर भी आयोजकों को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए।
उत्तर प्रदेश के रायबरेली में बछरावां थाना क्षेत्र के कुंदनगंज स्थित पेट्रोल पंप के पास एक खड़ा कंटेनर ट्रक अचानक आग का गोला बन गया। देखते ही देखते ट्रक धू-धू कर जलने लगा, जिससे मौके पर भारी अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। आग की ऊंची-ऊंची लपटों को देखकर राहगीरों में भी हड़कंप मच गया। गनीमत यह रही कि इस घटना में चालक और परिचालक पूरी तरह सुरक्षित हैं। हालांकि, घटना की सूचना मिलने के बावजूद काफी देर तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची थी, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली।
सिकंद्राराऊ। तहसील क्षेत्र स्थित चकबंदी कार्यालय के बाहर बुधवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब गजेंद्र चक नामक व्यक्ति ने धरना देकर चकबंदी विभाग के अधिकारियों पर डेढ़ लाख रुपये रिश्वत लेने का आरोप लगाया। धरने के दौरान उसने अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की, जिसे सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान कई लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया।
धरना दे रहे गजेंद्र चक का आरोप है कि जमीन से जुड़े एक मामले में चकबंदी विभाग के अधिकारियों ने उससे डेढ़ लाख रुपये लिए थे। उसका कहना है कि कथित तौर पर रकम देने के बावजूद उसके मामले में कोई राहत नहीं मिली और उसके पक्ष में कार्रवाई करने के बजाय विपक्षी पक्ष के पक्ष में कार्रवाई कर दी गई।
सुल्तानपुर। अवधी गायक एवं यूट्यूबर संजय यदुवंशी के उघड़पुर गांव स्थित घर पर पुलिस की दबिश के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पुलिस कार्रवाई के बाद संजय यदुवंशी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट जारी कर खुद को निर्दोष बताते हुए 9 अक्टूबर को सुबह 10 बजे तिकोनिया पार्क में धरना देने का ऐलान किया है। उन्होंने धम्मौर थानाध्यक्ष समेत पूरे थाने को निलंबित करने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
सोशल मीडिया पर प्रसारित पोस्ट में संजय ने लिखा है कि वह कोई अपराधी नहीं हैं, बल्कि उन्हें अपराधी बनाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके लिए माता-पिता से बढ़कर कुछ नहीं है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को देवरिया में भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘मोदी के 25 साल बेमिसाल’ के संदेश के साथ ज्योति कलश यात्रा निकाली। यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। यात्रा का समापन अमर शहीद रामचंद्र विद्यार्थी के स्मारक पर कलश रखकर किया गया।
देवरिया में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ज्योति कलश यात्रा निकाली। कार्यकर्ता देवरिया क्लब में एकत्र हुए, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुना गया।
हमीरपुर डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन ने 7 अक्टूबर को राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। अधिवक्ताओं ने Advocates Protection Act को जल्द लागू करने की मांग साथ ही वकीलों के खिलाफ पारित आदेशों और फैसलों पर पुनर्विचार की मांग रखी गई है अधिवक्ताओं ने न्यायालय परिसर में हिंसा, धमकी और उत्पीड़न की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की बात बोली गई मांगें पूरी होने तक अधिवक्ताओं ने कार्य से विरत रहकर शांतिपूर्ण हड़ताल का निर्णय लिया।
देवरिया जिला मुख्यालय स्थित कलेक्टरी कचहरी परिसर में बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन देवरिया के पदाधिकारी ने बार के अध्यक्ष ज्ञानेश्वर मिश्रा, अजय कुमार गुप्ता, जयप्रकाश मिश्रा,के अगुवाई में जिला प्रशासन के खिलाफ अधिवक्ताओं ने मोर्चा खोलते हुए जिलाधिकारी एवं उप जिलाधिकारी सदर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बड़ी संख्या में अधिवक्ता कलेक्टरी कक्ष के सामने जुटे और “जिला प्रशासन मुर्दाबाद”, “जिलाधिकारी होश में आओ” और “उप जिलाधिकारी होश में आओ” के नारे लगाए।
सुलतानपुर के गांव के जरूरतमंद परिवारों को साल में 125 दिन रोजगार देने का लक्ष्य बड़ा है, लेकिन इसकी राह अभी लंबी है। जिले में रोजगार सृजन की तस्वीर यह बताती है कि बड़ी संख्या में परिवारों तक काम पहुंचा है, मगर 125 दिन का लक्ष्य हासिल करने के लिए सरकारी मशीनरी को अब रफ्तार बढ़ानी होगी। सितंबर तक जिले में 44,448 परिवारों को रोजगार मिला है, जबकि मानव दिवस सृजन लक्ष्य का करीब 56 प्रतिशत ही पूरा हो सका है।
काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (BHU) के राजीव गांधी दक्षिणी परिसर बरकक्षा, मिर्ज़ापुर स्थित कृषि विज्ञान केन्द्र के अध्यक्ष एवं कृ़ृषि वैज्ञानिक प्रोफेसर श्रीराम सिंह ने विंध्य क्षेत्र के किसान भाईयों के लिए सामयिक जानकारी के लिए अवगत कराया है कि विगत सप्ताह हुई बरसात का लाभ उठाने के लिए बहुत से किसान भाई बीज भण्डारों से सरसों का बीज खरीद रहे हैं और खाली पड़े खेतों में अति शीघ्र बुवाई करने की तैयारी भी कर रहे हैं। परंतु सरसों के उचित जमाव के लिए उपयुक्त तापमान का सर्वथा अभाव है।
बस्ती में तीन सिलाई मशीनों की खरीद में कीमत को लेकर सामने आए विवाद में जिला उपभोक्ता आयोग ने विक्रेता को रकम लौटाने का आदेश दिया है। शिकायतकर्ता का आरोप था कि मशीनों के लिए उससे उनकी वास्तविक कीमत से काफी अधिक रकम ली गई। मामला आयोग तक पहुंचा तो दोनों पक्षों की दलीलें सुनी गईं। इसके बाद आयोग ने विक्रेता को न सिर्फ रकम वापस करने, बल्कि ब्याज और क्षतिपूर्ति देने का भी निर्देश दिया।
उत्तर प्रदेश में बदायूं जिले के सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के मझिया गांव में अचानक एक कच्चे मकान की दीवाल गिर गई है वही कच्चे मकान की दीवाल के मलबे में दबकर पति पत्नी घायल हो गए हैं घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया है यहां महिला की हालत गंभीर बनी हुई है
महराजगंज में बुधवार सुबह तेज हवा के बीच बड़ा हादसा हो गया। गोरखपुर-परतावल मार्ग पर महाराजा रेस्टोरेंट के सामने प्रचार के लिए लगाया गया बोर्ड अचानक बाइक सवार मां-बेटे के ऊपर गिर गया। हादसे में पीछे बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परतावल सीएचसी ले जाने से पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
बदायूं में डाइनामाइट न्यूज़ पर जच्चा-बच्चा की मौत की खबर चलने के बाद स्वास्थ्य विभाग और तहसील प्रशासन हरकत में आ गया। प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए सहसवान के सेवा हॉस्पिटल को सीज कर दिया।
अलीगढ़ में पांच साल पहले मजदूर शेर सिंह की हुई हत्या के मामले में अदालत ने मनीष उर्फ सांप को उम्रकैद की सजा सुनाई है। हत्या का तरीका और वारदात के बाद की परिस्थितियां ऐसी थीं, जिन्हें अदालत ने बेहद गंभीर माना। बचाव पक्ष ने आरोपी की कम उम्र और पारिवारिक स्थिति का हवाला देकर सजा में नरमी की मांग की, लेकिन कोर्ट ने इन दलीलों को अपराध की गंभीरता के सामने पर्याप्त नहीं माना।
भारतीय किसान यूनियन (महाशक्ति) ने किसानों की पकी धान की फसल को नुकसान से बचाने के लिए नहर में छोड़े जा रहे पानी को तत्काल बंद कराने की मांग की है। संगठन की ओर से जिलाधिकारी मैनपुरी को संबोधित प्रार्थना पत्र सौंपकर किसानों की समस्या का शीघ्र समाधान कराने की गुहार लगाई गई है।
मैनपुरी के थाना कोतवाली क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी में दिनदहाड़े महिला के गले से सोने की चेन झपटने का मामला सामने आया है। घटना के बाद बदमाश मोटरसाइकिल से फरार हो गए। वारदात का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़िता ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
बरेली फेसबुक पर टाटा बाय-बाय लिखकर सियासी हलचल बढ़ाने वाले आंवला के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने अब भाजपा छोड़ने का ऐलान कर दिया है। मीडिया के सामने उन्होंने कहा कि पार्टी छोड़ दी है। अब समर्थकों के साथ बड़ी बैठक करेंगे और उनकी राय के मुताबिक आगे का निर्णय लेंगे।
गलत तथ्यों के साथ कानपुर के इरफान ने थाईलैंड की एक युवती से दोस्ती की निकाह किया फिर ठगी और मतांतरण का दबाव बनाया। जिसके बाद पीड़िता खुद कानपुर पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई पुलिस ने आरोपित इरफान को देर रात गिरफ्तार कर लिया है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा पिछले दो सप्ताह से चलाए जा रहे 'सेवा संकल्प कार्यशाला' का बुधवार को भव्य समापन हो गया। इस समापन अवसर पर शहर के ऐतिहासिक शहीद उद्यान पार्क में 'ज्योति कार्यक्रम' का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य रूप से भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, सदर विधायक राजेंद्र मौर्य, और नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि विशाल विक्रम सिंह सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर की।
रायबरेली के जगतपुर थाना क्षेत्र के उड़वा गांव में दबंगों द्वारा स्कूल जा रही मासूम बच्ची और उसकी मां पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दबंगों ने कार को भी निशाना बनाया। घटना के दौरान बच्ची मदद के लिए गुहार लगाती रही, जबकि मां अपनी बेटी को बचाने के लिए चीखती-चिल्लाती रही। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मामले में पुलिस द्वारा जांच और कार्रवाई किए जाने की बात सामने आई है।
रायबरेली के बछरावां के घौरोना में मंगलवार की रात को नाली विवाद के चलते 45 वर्षीय भगवान दीन यादव की पीट पीटकर हत्या कर दज गई। परिजनों ने गांव के ही पांच लोगों पर हत्या का आरोप लगा है। मौत के बाद चार बच्चों के सर से पिता का साया उठ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और कार्रवाही शुरू की। मृतक के भाई के मुताबिक लोहे की रॉड से दिया गया घटना को अंजाम। मामले में सीओ प्रदीप कुमार ने कार्रवाही की बात कही है।
प्रतापगढ़ के रानीगंज थाना क्षेत्र के कछरा पुल के पास बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब शारदा सहायक नहर में एक अज्ञात महिला का शव पानी में उतराता हुआ मिला। सुबह नहर किनारे से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी तो मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
बदायूं के थाना सहसवान क्षेत्र के ग्राम सुजावली में एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी।
फर्रुखाबाद में न्यायालय कर्मचारी अमित मिश्रा की मौत के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने एसओ व दरोगा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग को लेकर धरना दिया। थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम सलेमपुर निवासी राजेश कुमार मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
Location : Lucknow
Published : 7 October 2026, 11:10 AM IST