
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।
गोरखपुर के बड़हलगंज थाना क्षेत्र के मंगलपुर गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद के बाद शिवम नामक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल शिवम को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों ने एक संदिग्ध हमलावर को पकड़कर पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
बलिया के नगरा थाना क्षेत्र के गड़वार मोड़ पर मंगलवार रात क्लीनिक संचालिका कंचन भारती की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी गई। वह बसपा कार्यकर्ता सियाराम राम की पत्नी थीं। पति के क्लीनिक पहुंचने पर उनका शव खून से लथपथ मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। डॉग स्क्वायड और FSL टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। मृतका के पति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित की हैं।
चंदौली के बबुरी थाना क्षेत्र में चकिया-मुगलसराय मार्ग पर विट्ठवल कला गांव के पास देर शाम सीएनजी टेंपो और डंपर की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में टेंपो सवार 28 वर्षीय राहुल की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। गंभीर घायल सूरज को वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। बाकी घायलों का उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि सभी पिकनिक मनाकर घर लौट रहे थे। पुलिस ने डंपर और चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
मीरजापुर के मड़िहान क्षेत्र में सोनभद्र के घोरावल से धान रोपाई करने आए करीब दर्जन भर श्रमिकों ने किसान पर उनकी बेटी के साथ छेड़खानी और विरोध करने पर मजदूरी रोकने का आरोप लगाया है। श्रमिक मंगलवार को कार्रवाई की मांग को लेकर मड़िहान थाने के गेट पर डटे रहे। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला मजदूरी विवाद का सामने आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और श्रमिकों को उनका उचित अधिकार दिलाने की बात कही है।
मीरजापुर के अहरौरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर टीम ने उषा पत्नी जिउत, निवासी महराजगंज परसईया, गाजीपुर को पकड़ा। तलाशी में उसके पास से 800 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। मामले में NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
मीरजापुर में कांवड़ यात्रा-2026 के मद्देनजर पुलिस उपमहानिरीक्षक पूनम ने विभिन्न गंगा घाटों और कांवड़ यात्रा मार्ग का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और पुलिस तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। यात्रा मार्ग पर सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
मीरजापुर में स्वतंत्रता दिवस और श्रावण मास के मद्देनजर आरपीएफ और जीआरपी ने रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। प्रतीक्षालय, आरक्षण हाल, सर्कुलेटिंग एरिया, फुट ओवरब्रिज, प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में संदिग्ध व्यक्ति व वस्तुओं की जांच की गई। यात्रियों से भी सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई।
बलिया के नगरा क्षेत्र में एक क्लीनिक के अंदर बसपा नेता सियाराम की पत्नी की हत्या से हड़कंप मच गया। आरोप है कि भतीजे ने सिर पर लोहे की रॉड से वार कर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार है। पुलिस हत्या के कारणों की जांच में जुटी है।
लखनऊ के तकरोही में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है। पुलिस के मुताबिक पत्नी नेहा, सास-ससुर और पत्नी के भाई ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। चारों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान युवक की सामूहिक रूप से हत्या किए जाने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब हत्या की वजह, वारदात के घटनाक्रम और इसमें शामिल अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
Location : Lucknow
Published : 12 August 2026, 8:39 AM IST
Topics : UP Breaking News UP News Uttar Pradesh News