
यूपी की सभी बड़ी खबर (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow: उत्तर प्रदेश की ताजा खबरें पढ़ने के लिए अब आपको अलग-अलग खबरों और पेज पर जाने की जरूरत नहीं होगी। डाइनामाइट न्यूज़ अपने पाठकों के लिए यूपी का खास लाइव ब्लॉग लेकर आया है। इसमें प्रदेश के सभी जिलों की बड़ी खबरें एक ही जगह लगातार अपडेट की जाएंगी।
राजनीति, अपराध, प्रशासन, शिक्षा, रोजगार, मौसम और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी हर अहम जानकारी इस ब्लॉग में मिलेगी। पाठक एक क्लिक पर दिनभर की प्रमुख खबरें पढ़ सकेंगे और प्रदेश में हो रही हलचल से जुड़े रह सकेंगे।
डाइनामाइट न्यूज़ का यह नया प्रयास खबरों को आसान, तेज और व्यवस्थित तरीके से पाठकों तक पहुंचाने की पहल है। अब उत्तर प्रदेश की हर बड़ी अपडेट के लिए जुड़े रहिए हमारे लाइव ब्लॉग के साथ।
कौशाम्बी के मंझनपुर जिला अस्पताल के गेट के बाहर स्थित केसरी मेडिकल स्टोर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आरोप है कि मेडिकल स्टोर से एक युवक को 120 रुपये एमआरपी वाली गर्म पट्टी 180 रुपये में बेची गई। युवक के मुताबिक, जब उसने पट्टी का रैपर देखा तो उस पर वर्ष 2023 की एक्सपायरी डेट दर्ज थी। मामले का वीडियो वायरल होने के बाद मेडिकल स्टोर की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। अब स्वास्थ्य विभाग की जांच और संभावित कार्रवाई पर नजर है।
बांदा में दीपावली की रात बबेरू रोड स्थित कबाड़ की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान में रखा पूरा कबाड़ जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुकानदार राजेश ने आग से करीब 20 से 25 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है। दुकानदार ने पटाखा फेंके जाने से आग लगने की आशंका जताई है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।
महराजगंज के सोनौली कोतवाली के सामने निर्माणाधीन पार्किंग स्थल में दीपावली की देर शाम एक मालवाहक ट्रक के कैबिन में आग लग गई। देखते ही देखते कैबिन जलकर राख हो गया। बताया जा रहा है कि बिहार निवासी चालक शंकर यादव ने दीपावली पर ट्रक में दीपक जलाया था। आशंका है कि दीपक से निकली चिंगारी आग लगने की वजह बनी, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूचना पर सोनौली पुलिस ने नौतनवा की दमकल टीम के साथ नेपाल की दमकल टीम को भी बुलाया। गनीमत रही कि आग आसपास खड़े दूसरे वाहनों तक नहीं पहुंची और बड़ा हादसा टल गया।
सीतापुर के रामपुर कलां थाना क्षेत्र में महिला की धारदार हथियार से हत्या कर फरार हुए 25 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर को पुलिस ने 72 घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। सोमवार सुबह करीब 6 बजे जामनगर-बेधौरा रेलवे पुलिया के पास पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी रंगीलाल के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी बिसवां में भर्ती कराया गया है।
आगरा के जगदीशपुरा थाना क्षेत्र की लक्ष्मी नगर कॉलोनी में दीपावली के दिन जूते की फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। फैक्ट्री से उठती ऊंची लपटों और धुएं के गुबार से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। आग पर काबू पाने के लिए पांच दमकल गाड़ियों ने मोर्चा संभाला। फिलहाल आग लगने के कारणों और नुकसान की विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
चित्रकूट के झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रैपुरा थाना क्षेत्र के रामनगर के पास श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें दो मासूम बच्चे शामिल हैं, जबकि 12 लोग घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ट्रैक्टर और ट्रॉली को जोड़ने वाला हुक निकलने से यह हादसा हुआ। श्रद्धालु दीपावली मेले और दीपदान के बाद घर लौट रहे थे। पुलिस-प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को रामनगर अस्पताल पहुंचाया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मिर्जापुर के विंध्याचल थाना क्षेत्र के बनवारीपुर स्थित नए पुरवा में पटाखों की बिक्री के दौरान लगी आग ने नीतू देवी की पूरी गृहस्थी उजाड़ दी। आग में उनका कच्चा-पक्का मकान और खाने-पीने से लेकर पहनने तक का सारा सामान जलकर राख हो गया। पति की मौत के आठ महीने बाद चार मासूम बच्चों के साथ बेसहारा नीतू देवी के परिवार पर अब रहने और खाने का संकट खड़ा हो गया है।
Location : Lucknow
Published : 9 November 2026, 10:33 AM IST