
उत्तर प्रदेश के हर जिले की बड़ी खबर (सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow: उत्तर प्रदेश के हर जिले की ताजा खबरों और बड़ी हलचलों से जुड़े रहने के लिए अब आपको अलग-अलग पेज पर जाने की जरूरत नहीं है। डाइनामाइट न्यूज़ लेकर आया है उत्तर प्रदेश का खास लाइव ब्लॉग, जहां प्रदेश के सभी जिलों की हर अहम खबर आपको एक ही जगह मिलेगी।
इस लाइव ब्लॉग में राजनीति से लेकर अपराध, प्रशासन, शिक्षा, रोजगार, मौसम, सरकारी योजनाओं और स्थानीय घटनाओं तक की हर बड़ी अपडेट लगातार दी जाएगी। लखनऊ से लेकर गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, मेरठ और प्रदेश के छोटे-बड़े जिलों की खबरें यहां पढ़ने को मिलेंगी।
दिनभर की ब्रेकिंग न्यूज, बड़े राजनीतिक बयान, प्रशासनिक फैसले, सरकारी आदेश और आम जनता से जुड़ी जरूरी खबरों को इस ब्लॉग में अपडेट किया जाएगा। यानी उत्तर प्रदेश में क्या चल रहा है और किस जिले में क्या बड़ी घटना हुई, इसकी पूरी जानकारी आपको एक ही जगह मिलेगी।
उत्तर प्रदेश की हर बड़ी खबर पर नजर बनाए रखने के लिए डाइनामाइट न्यूज़ के इस लाइव ब्लॉग से जुड़े रहिए। खबरें लगातार अपडेट होती रहेंगी।
बरेली के बहेड़ी राइस मिल एसोसिएशन के चुनाव में कारोबारियों ने आपसी सहमति से भाजपा नेता नईम अहमद को सर्वसम्मति से नया सदर चुन लिया है। खास बात यह रही कि एसोसिएशन के सभी पदों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए। नई कार्यकारिणी के ऐलान के बाद सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाएं पहनाकर भव्य स्वागत किया।
मिर्जापुर के नवीन मंडी स्थित धान क्रय केंद्र सदर प्रथम 'ए' पर जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने किसान सुखनंदन दुबे का माल्यार्पण कर और मिठाई खिलाकर धान खरीद वर्ष 2026-27 का औपचारिक उद्घाटन किया। इस दौरान कई किसान और केंद्र पर 60 कुंतल धान लेकर पहुंचे रामानंद दुबे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
मिर्जापुर के विंध्याचल थाना क्षेत्र के गैपुरा चौकी अंतर्गत विजयपुर बाजार में शुक्रवार शाम स्कार्पियो आगे खड़ी करने को लेकर दो गुटों में जमकर बवाल और मारपीट हुई। एक पक्ष के डेढ़ दर्जन लोगों ने हमला कर ईंट-पत्थर चलाए, जिससे गुलाम अकबर, अब्बास, नैयर हुसैन, मुबारक हुसैन, जाहिद हुसैन और मुहम्मद उमर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी को पीएचसी विजयपुर सर्रोंई में भर्ती कराया है।
चित्रकूट में दहेज उत्पीड़न का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कोर्ट पेशी से लौट रही महिला पर पति, ससुर सहित करीब आधा दर्जन लोगों ने रास्ते में घेरकर मारपीट की और सरेराह पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास किया। पीड़िता ने पुलिस पर सवाल उठाते हुए सभी छह आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की है।
कौशाम्बी के सरायअकील थाना क्षेत्र में पुलिस पर अवैध वसूली और गाली-गलौज करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित पक्ष ने थाने में तैनात दरोगा विकास मिश्रा पर ट्रैक्टर चालक से रुपये मांगने और रकम नहीं देने पर ट्रैक्टर सीज करने का आरोप लगाया है।
देवरिया जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में ई-रिक्शा चार्जर चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया एक ई-रिक्शा चार्जर बरामद किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मुजफ्फरनगर के स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत डिप्लोमा फार्मासिस्टों की लंबित मांगों को लेकर अब नाराजगी खुलकर सामने आने लगी है। लंबे समय से मांगों पर सुनवाई नहीं होने से आक्रोशित फार्मासिस्टों ने शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय परिसर में एक दिवसीय धरना देकर शासन और स्वास्थ्य महानिदेशालय के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की। डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की जिला शाखा मुजफ्फरनगर के बैनर तले आयोजित धरने में फार्मासिस्ट संवर्ग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की आवाज बुलंद की।
मुजफ्फरनगर में अखिल उत्तर प्रदेश जाट महासभा की ओर से 15 नवंबर को मेरठ में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय संगोष्ठी को सफल बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जाट महासभा के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी अमन सिंह मुजफ्फरनगर पहुंचे। यहां जिला अध्यक्ष धर्मवीर बालियान के आवास पर उनका स्वागत किया गया। इसके बाद महासभा के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा की गई तथा पत्रकार वार्ता के माध्यम से संगोष्ठी की रूपरेखा और व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।
मुजफ्फरनगर में ऑपरेशन चक्रवात के तहत नई मंडी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मुठभेड़ के दौरान शातिर चोर को घायल कर दिया और मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
मुजफ्फरनगर में ऑपरेशन चक्रवात के तहत नई मंडी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मुठभेड़ के दौरान शातिर चोर को घायल कर दिया और मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
बदायूं के वजीरगंज थाना क्षेत्र के उरैना गांव में एक शराबी पति ने अपनी 22 वर्षीय पत्नी शिवानी की गर्दन पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस खौफनाक वारदात में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। सीएचसी वजीरगंज में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
Location : New Delhi
Published : 14 November 2026, 9:37 AM IST
Topics : UP Assembly Election 2027 UP Politics Today UP Breaking News UP News Today Uttar Pradesh Breaking News