UP Assembly Live Updates: चंदा चोरी और शिक्षक भर्ती के मुद्दों पर आज आमने-सामने सत्ता और विपक्ष, पढ़ें पल-पल की अपडेट

UP Monsoon Session Live: यूपी विधानमंडल का मानसून सत्र आज से। राम मंदिर चढ़ावा चोरी, दिल्ली छात्र लाठीचार्ज, एक्सप्रेसवे गड़बड़ी और शिक्षक भर्ती जैसे मुद्दों पर विपक्ष सरकार को घेरेगा। सत्ता पक्ष भी जवाब की तैयारी में है।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 3 August 2026 , 12:16 PM

UP Monsoon Session Live Updates: उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र आज से हंगामेदार शुरुआत के पूरे आसार हैं। राम मंदिर में चढ़ावा चोरी, दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज, एक्सप्रेसवे निर्माण में गड़बड़ी और शिक्षक भर्ती जैसे गंभीर मुद्दों पर विपक्ष सरकार को घेरने की पूरी रणनीति बना चुका है।

रविवार को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में आयोजित सर्वदलीय बैठक में सदन को सुचारू रूप से चलाने पर सहमति बनी थी, लेकिन पहले ही दिन दोनों सदनों में तीखी नोकझोंक देखने को मिल सकती है। एक तरफ जहां विपक्षी दल इन ज्वलंत मामलों पर सरकार से जवाब मांगने के लिए तैयार हैं, वहीं दूसरी तरफ सत्तापक्ष भी विपक्ष के हर हमले का माकूल जवाब देने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। सत्र के दौरान कई अहम मुद्दों पर भारी हंगामा होने की संभावना जताई जा रही है।

    LIVE NEWS & UPDATES

    • 03 Aug 2026 12:16 PM (IST)

      सदन की कार्यवाही कल सुबह तक के लिये स्थगित

      यूपी विधानसभा में आजमगढ़ के निजामाबाद से सपा विधायक आलम बदी के निधन पर शोक प्रस्ताव पारित किया गया। सदन ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने कार्यवाही मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा की।

    • 03 Aug 2026 11:47 AM (IST)

      UP Assembly Live: Edit सिद्धार्थनाथ सिंह का विपक्ष पर हमला

      भाजपा नेता सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि विधानसभा के बाहर सपा का प्रदर्शन सदन की कार्यवाही को प्रभावित नहीं करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस मुद्दों का राजनीतिकरण कर रहे हैं।

    • 03 Aug 2026 11:44 AM (IST)

      सीएम योगी का विपक्ष पर तीखा हमला

      यूपी विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा पर किसानों और अयोध्या के मुद्दे को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने किसानों की आय और भुगतान व्यवस्था में सुधार किया है। साथ ही घोषणा की कि आउटसोर्स आयोग को अगले एक-दो सप्ताह में लागू किया जाएगा।

    • 03 Aug 2026 11:42 AM (IST)

      हंगामे पर सुरेश खन्ना का जवाब

      यूपी सरकार के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि सरकार विपक्ष के सभी सवालों पर चर्चा के लिए तैयार है, इसलिए सदन में हंगामा उचित नहीं है। उन्होंने बताया कि 4 अगस्त को दोपहर 12:30 बजे अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा। साथ ही संसद में सनातन और हिंदू संस्कृति पर हुई टिप्पणियों की भी आलोचना की।

    • 03 Aug 2026 11:34 AM (IST)

      आलम बदी के योगदान को किया याद

      विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने बताया कि सपा विधायक आलम बदी का 90 वर्ष की आयु में निधन हुआ। उन्होंने कहा कि आलम बदी का जन्म 16 मार्च 1936 को आजमगढ़ में हुआ था। वह पांच बार विधायक रहे, कौमी एकता मंच के संस्थापक थे और जरूरतमंदों की सहायता को हमेशा प्राथमिकता देते थे।

    • 03 Aug 2026 11:28 AM (IST)

      माता प्रसाद पांडेय ने दी श्रद्धांजलि

      नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने सपा विधायक आलम बदी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके निधन पर मुख्यमंत्री की बात से वे सहमत हैं। उन्होंने मेदांता अस्पताल का एक प्रसंग साझा करते हुए बताया कि 90 वर्ष से अधिक उम्र में भी आलम बदी चुनाव लड़ने का जज्बा रखते थे।

    • 03 Aug 2026 11:23 AM (IST)

      आलम बदी को सदन में श्रद्धांजलि

      यूपी विधानसभा के मानसून सत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आजमगढ़ के निजामाबाद से सपा विधायक आलम बदी के निधन पर शोक प्रस्ताव प्रस्तुत किया। उन्होंने आलम बदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा में उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। सदन ने भी दिवंगत विधायक के प्रति शोक व्यक्त किया।

    • 03 Aug 2026 11:22 AM (IST)

      सदन में पहली बार पूर्ण वंदे मातरम गूंजा

      यूपी विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान पहली बार सदन में 'वंदे मातरम' का पूर्ण गायन किया गया। सत्र की शुरुआत राष्ट्रभक्ति के माहौल में हुई, जहां सभी सदस्यों ने पूरे गीत के साथ सहभागिता की। इस अवसर को सदन की कार्यवाही का एक विशेष और ऐतिहासिक क्षण माना गया।

    • 03 Aug 2026 11:21 AM (IST)

      यूपी विधानसभा का मानसून सत्र शुरू

      लखनऊ में उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र शुरू हो गया। सत्र के दौरान सरकार कई अहम विधायी और वित्तीय कार्यों को आगे बढ़ाएगी, जबकि विपक्ष जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। सदन की कार्यवाही पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

    • 03 Aug 2026 10:46 AM (IST)

      पोस्टर और नारेबाजी के साथ सपा विधायकों का प्रदर्शन

      यूपी विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत से पहले समाजवादी पार्टी राम मंदिर चढ़ावा चोरी और नीट पेपर लीक के मुद्दे को लेकर सरकार को घेरा। पोस्टर और नारेबाजी के साथ सपा विधायकों ने इन मामलों पर जवाबदेही तय करने और सदन में चर्चा की मांग उठाई।

    • 03 Aug 2026 10:37 AM (IST)

      सपा विधायकों का विधानसभा से पहले प्रदर्शन

      यूपी विधानसभा के मानसून सत्र से पहले समाजवादी पार्टी के विधायकों ने चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के नीचे प्रदर्शन। राम मंदिर चंदा चोरी और शिक्षक भर्ती के मुद्दे पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। विधायक हाथों में पोस्टर लेकर विधानसभा पहुंचे।

    • 03 Aug 2026 10:30 AM (IST)

      सुरेश खन्ना का विपक्ष पर निशाना

      यूपी विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत पर संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है और वह केवल मुद्दा बनाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि योगी सरकार सदन में हर सवाल का तथ्यात्मक और प्रभावी जवाब देने में पूरी तरह सक्षम है।

    • 03 Aug 2026 10:27 AM (IST)

      यूपी मानसून सत्र पर मायावती ने उठाए सवाल

      बसपा सुप्रीमो मायावती ने यूपी विधानसभा के संक्षिप्त मानसून सत्र पर चिंता जताते हुए सरकार और विपक्ष से जनहित के मुद्दों पर गंभीर चर्चा की अपील की। उन्होंने कहा कि 4 अगस्त को अनुपूरक बजट पेश होगा और उम्मीद जताई कि सत्र हंगामे की बजाय जनता के हितों तथा विधायिका की संवैधानिक भूमिका को मजबूत करने पर केंद्रित रहेगा।

    • 03 Aug 2026 10:25 AM (IST)

      विधानसभा में आज पारित होगा शोक प्रस्ताव

      उत्तर विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही आजमगढ़ के निजामाबाद सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक आलम बदी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया जाएगा। सदन में दिवंगत नेता के सम्मान में आधिकारिक तौर पर शोक प्रस्ताव पारित किया जाएगा। इस दौरान सभी दलों के सदस्य उनके राजनीतिक योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे, जिसके बाद आगे की विधायी कार्यवाही का संचालन होगा।

    • 03 Aug 2026 10:24 AM (IST)

      विधानसभा सदन में पहली बार गूंजेगा वंदे मातरम का पूर्ण गायन

      UP Assembly Session live: उत्तर प्रदेश विधानसभा के वर्ष 2026 के तृतीय सत्र के सुचार संचालन के लिए बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सभी दलों से सकारात्मक सहयोग की अपील की है। इस सत्र की सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि सदन के इतिहास में पहली बार 'वंदे मातरम' का पूर्ण गायन किया जाएगा। अध्यक्ष ने सदन को लोकतांत्रिक विमर्श का सर्वोच्च मंच बताते हुए सभी सदस्यों को अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलने का आश्वासन दिया है।

Location :  Lucknow

Published :  3 August 2026, 10:14 AM IST