
संजय निषाद (Image: Dynamite News)
Mirzapur News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले गठबंधन और सीट बंटवारे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने अतरौलिया विधानसभा सीट पर अपना दावा दोहराते हुए स्पष्ट किया है कि इस सीट पर कोई समझौता नहीं होगा। मिर्जापुर में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने पहुंचे संजय निषाद ने मछुआ समाज के आरक्षण को अपनी पार्टी का मुख्य मुद्दा बताया। इसके साथ ही उन्होंने 29 नवंबर को मझवां विधानसभा क्षेत्र में बड़ी रैली आयोजित करने का ऐलान किया।
मीडिया से बातचीत के दौरान डॉ. संजय निषाद ने गठबंधन और सीट बंटवारे के सवाल पर कहा कि सहयोगी दलों को कौन सी सीटें दी जाएंगी, इसका फैसला भाजपा को करना है। उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी सीटों के लिए नहीं, बल्कि जीत और अपने समाज के अधिकारों के लिए राजनीति करती है।
हालांकि, अतरौलिया विधानसभा सीट को लेकर उन्होंने अपना दावा बरकरार रखा। संजय निषाद ने स्पष्ट किया कि इस सीट पर उनकी पार्टी कोई समझौता नहीं करेगी। उन्होंने मझवां और कटेहरी विधानसभा सीटों को स्वेच्छा से छोड़ने का भी जिक्र किया।
कैबिनेट मंत्री ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर निषाद समाज का प्रभाव है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी भाजपा को जीत दिलाने के लिए काम करती है।
डॉ. संजय निषाद कार्यकर्ताओं से मुलाकात और संगठन की तैयारियों पर चर्चा करने के लिए मिर्जापुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने 29 नवंबर को मझवां विधानसभा क्षेत्र में बड़ी रैली करने की घोषणा की।
संजय निषाद (Image : Pinterest)
आरक्षण के सवाल पर निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि मछुआ समाज को आरक्षण दिलाना उनकी पार्टी का मुख्य मुद्दा है। इसके लिए निषाद पार्टी सड़क से सदन तक संघर्ष कर रही है।
उन्होंने कहा कि मझवार समाज को अनुसूचित जाति का प्रमाणपत्र दिलाने के लिए लगातार आवाज उठाई जा रही है। संजय निषाद ने अन्य समाजों के नेताओं से भी अपने-अपने समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष करने की अपील की।
Location : Mirzapur
Published : 24 November 2026, 7:31 PM IST