2027 में तीसरी बार सत्ता की तैयारी! BJP कार्यसमिति में बनेगा यूपी चुनाव का पूरा प्लान

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक आज लखनऊ में होगी। अमित शाह उद्घाटन करेंगे, जबकि योगी आदित्यनाथ समापन सत्र को संबोधित करेंगे।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 30 October 2026, 8:58 AM IST

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) शुक्रवार को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के जरिए अपनी चुनावी रणनीति को धार देने जा रही है। डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित इस बैठक में संगठन की मजबूती, सरकार के कामकाज और आगामी चुनावी एजेंडे पर विस्तार से चर्चा होगी। बैठक का उद्घाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे, जबकि समापन सत्र को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी करेंगे।

विधानसभा चुनाव से पहले हो रही इस बैठक में भाजपा तीसरी बार सत्ता में वापसी के लक्ष्य के साथ अपनी रणनीति का खाका पेश करेगी। इसके लिए राजनीतिक प्रस्ताव के माध्यम से केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और सरकार के प्रमुख फैसलों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति बनाई जाएगी।

तीन सत्रों में होगा मंथन, कमजोर बूथों पर रहेगा फोकस

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक तीन सत्रों में आयोजित होगी। दूसरे सत्र में राजनीतिक एजेंडे, चुनावी तैयारियों और आगामी विधानसभा चुनाव के प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा होगी और उन क्षेत्रों तथा बूथों की पहचान की जाएगी, जहां पार्टी को अपनी स्थिति मजबूत करने की जरूरत है।

राजनीतिक प्रस्ताव के जरिए केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को कार्यकर्ताओं के सामने रखा जाएगा। पार्टी की कोशिश होगी कि सरकार की योजनाओं और संगठन की गतिविधियों का संदेश बूथ स्तर तक पहुंचे। चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और संगठनात्मक तैयारियों का आकलन करने के लिहाज से यह बैठक अहम मानी जा रही है।

तैयारियों को अंतिम रूप, पदाधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी

कार्यसमिति की बैठक की तैयारियों को लेकर बृहस्पतिवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अध्यक्षता में पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह और प्रदेश सह-प्रभारी मेधा कुलकर्णी, अनंत ओझा तथा प्रदीप वर्मा मौजूद रहे।

बैठक में आयोजन के एजेंडे और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया। पंकज चौधरी ने कहा कि पार्टी को जहां कमजोर, वहां ज्यादा जोर के मंत्र के साथ काम करना है। उन्होंने पंजीकरण, भोजन, यातायात और सजावट सहित सभी व्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदारियां तय कीं।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक प्रस्ताव में संगठनात्मक कार्यों, सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाओं और आगामी एजेंडे को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं, धर्मपाल सिंह ने आयोजन को ऐतिहासिक, संदेशपरक, अनुशासित और व्यवस्थित बनाने के लिए पूर्व तैयारी, माइक्रो मैनेजमेंट और टीमवर्क पर जोर दिया।

जिला स्तर तक के पदाधिकारी होंगे शामिल

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ जिला स्तर तक के नेता और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। इनमें प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, सह-प्रभारी जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, अनंत ओझा और प्रदीप वर्मा शामिल हैं।

इसके अलावा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, कार्यसमिति सदस्य, 2024 के लोकसभा प्रत्याशी, विधायक, एमएलसी और 2022 के विधानसभा प्रत्याशी भी बैठक में हिस्सा लेंगे।

क्षेत्रीय अध्यक्षों और महामंत्रियों, महापौरों, जिला पंचायत अध्यक्षों, नगर पालिका और नगर पंचायत अध्यक्षों के साथ मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री तथा विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के प्रदेश से जिला स्तर तक के पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

विनोद तावड़े और पंकज चौधरी ने देर रात किया निरीक्षण

बैठक से पहले भाजपा के यूपी प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने देर रात डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने सभागार, पंजीकरण व्यवस्था, मंच, बैठक स्थल की साज-सज्जा और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए। बैठक में शामिल होने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं का पंजीकरण क्यूआर कोड आधारित व्यवस्था से किया जाएगा।

राजधानी में करीब चार घंटे रहेंगे अमित शाह

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में करीब चार घंटे रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वह सुबह 11 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा ब्रजेश पाठक उनका स्वागत करेंगे।

इसके बाद अमित शाह डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय पहुंचकर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वह करीब तीन बजे दिल्ली लौट जाएंगे।

Location :  Lucknow

Published :  30 October 2026, 8:58 AM IST