
युवक हत्याकांड में पुलिस का खुलासा
Gorakhpur: जनपद के गीडा थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने वारदात के एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर डॉ कौस्तुभ के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत, पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी गीडा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अश्वनी पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान निखिल कुमार गौड़ उर्फ गोलू उर्फ रितिक पुत्र नन्दू गौड़ निवासी सुअरज थाना गोला, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।
मृतक के पिता ने थाना गीडा पर तहरीर देकर बताया था कि उनका पुत्र 6 फरवरी 2026 की शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों द्वारा कई बार मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन फोन नहीं उठा। पूरी रात इंतजार के बाद 7 फरवरी को युवक का शव बरामद हुआ। जांच में सामने आया कि युवक की चाकू मारकर हत्या की गई थी।
पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा अपराध संख्या 0051/2026 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पवन कुमार, विजय और निखिल कुमार गौड़ का नाम प्रकाश में आया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि मृतक से उनका आपसी विवाद था। 6 फरवरी को उसे पार्टी के बहाने बुलाया गया और चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2022 में मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप में उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज हो चुका है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस हत्याकांड के खुलासे से जहां परिजनों को आंशिक संतोष मिला है, वहीं क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई का संदेश भी गया है।
Location : Gorakhpur
Published : 20 February 2026, 4:31 PM IST