
योगी कैबिनेट मीटिंग
Lucknow: उत्तर प्रदेश में हाल ही में हुए मंत्रिमंडल विस्तार के बाद सोमवार को योगी आदित्यनाथ सरकार की पहली अहम कैबिनेट बैठक होने जा रही है। इस बैठक पर राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर खास नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि इसमें कई बड़े फैसले लिए जाने की संभावना जताई जा रही है।
बैठक में दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत सभी वरिष्ठ मंत्री और हाल ही में मंत्रिमंडल में शामिल किए गए नए चेहरे मौजूद रहेंगे। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में प्रदेश के विकास, कानून-व्यवस्था और जनहित से जुड़े कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी मिल सकती है।
मंत्रिमंडल विस्तार के बाद होने वाली इस पहली बैठक में नए मंत्रियों के विभागों के बंटवारे और उनकी जिम्मेदारियों को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नए मंत्रियों को कार्यशैली और प्राथमिकताओं को लेकर दिशा-निर्देश दे सकते हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सरकार आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने की रणनीति पर काम कर रही है। हालिया कैबिनेट विस्तार में ब्राह्मण, ओबीसी और दलित वर्गों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश साफ नजर आई है।
हाल ही में हुए मंत्रिमंडल विस्तार में कुल छह नए चेहरों को शामिल किया गया, जबकि दो राज्य मंत्रियों को पदोन्नत किया गया है।
कैबिनेट मंत्री के रूप में पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और समाजवादी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए मनोज कुमार पांडेय ने शपथ ली है।
वहीं, अजीत सिंह पाल और सोमेंद्र तोमर को बेहतर कार्य के आधार पर राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया है।
इसके अलावा फतेहपुर की खागा सीट से विधायक कृष्णा पासवान, अलीगढ़ के खैर से विधायक सुरेंद्र दिलेर, कन्नौज की तिर्वा सीट से विधायक कैलाश सिंह राजपूत और वाराणसी से विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा को राज्य मंत्री बनाया गया है।
नई और विस्तारित टीम की यह पहली बैठक कई मायनों में अहम मानी जा रही है। माना जा रहा है कि इस बैठक से सरकार की प्रशासनिक प्राथमिकताओं, विकास एजेंडे और आगामी राजनीतिक रणनीतियों का स्पष्ट संकेत मिल सकता है।
Location : Lucknow
Published : 17 May 2026, 7:25 PM IST
Topics : Cabinet Expension CM Yogi UP Cabinet UP News