
15 जिलों के BSA इधर से उधर (IMG: X)
Lucknow: उत्तर प्रदेश शासन के बेसिक शिक्षा अनुभाग-1 की ओर से तबादले का आदेश जारी किया गया है। इसके तहत प्रदेश के 15 जिलों में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों की तैनाती बदली गई है। इस फेरबदल में कई जिलों के अधिकारियों को दूसरे जिलों में भेजा गया है। मेरठ और अमरोहा, मिर्जापुर और कौशांबी, बलिया और मऊ के साथ एटा और संतकबीर नगर में अधिकारियों की अदला-बदली की गई है। वहीं, अयोध्या, अमेठी, बस्ती, लखीमपुर खीरी, गोरखपुर और गाजियाबाद में भी नए अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।
तबादला सूची में मेरठ और अमरोहा का बदलाव भी शामिल है। मेरठ की जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशा चौधरी को अमरोहा भेजा गया है। वहीं, अमरोहा की बीएसए मोनिका को मेरठ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शासन ने मिर्जापुर और कौशांबी में भी बीएसए का तबादला किया है। कौशांबी के बीएसए कर्मेन्द्र कुशवाहा को मिर्जापुर भेजा गया है। वहीं, मिर्जापुर के बीएसए अनिल कुमार वर्मा को कौशांबी की जिम्मेदारी दी गई है।
बलिया और मऊ जिले में भी बेसिक शिक्षा अधिकारियों को बदल दिया गया है। बलिया के बीएसए मनोज कुमार सिंह को मऊ भेजा गया है, जबकि मऊ के बीएसए संतोष कुमार उपाध्याय को बलिया का नया बीएसए बनाया गया है। इसी तरह एटा और संतकबीर नगर में भी अधिकारियों की अदला-बदली हुई है। संतकबीर नगर के बीएसए अमित कुमार सिंह को एटा भेजा गया है। वहीं, एटा के बीएसए राजेश कुमार को संतकबीर नगर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस प्रशासनिक फेरबदल में अयोध्या और अमेठी जिले भी शामिल हैं। अयोध्या के बीएसए लालचन्द्र को अमेठी का नया जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बनाया गया है। वहीं, अमेठी के बीएसए संजय तिवारी को लखीमपुर खीरी भेजा गया है। इसके अलावा बस्ती के बीएसए अनूप कुमार को अयोध्या की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, लखीमपुर खीरी के बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी को बस्ती भेजा गया है।
तबादला सूची में गोरखपुर और गाजियाबाद का नाम भी शामिल है। गोरखपुर के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार को गाजियाबाद का नया बीएसए बनाया गया है। वहीं, गाजियाबाद के बीएसए ओम प्रकाश यादव को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), बलिया में वरिष्ठ प्रवक्ता के पद पर भेजा गया है। यानी गाजियाबाद में अब राहुल पवार बेसिक शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि ओम प्रकाश यादव को नई जिम्मेदारी दी गई है।
इस फेरबदल में गौतमबुद्धनगर जिले को भी नया जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मिला है। अमरोहा डायट में वरिष्ठ प्रवक्ता के पद पर तैनात डाली सिकरवार को गौतमबुद्धनगर का नया बीएसए बनाया गया है।
Location : Lucknow
Published : 27 November 2026, 7:48 PM IST
Topics : Basic Education Department BSA Transfer List 2026 UP BSA Transfer UP Education News Uttar Pradesh News