
यूपी की बड़ी खबर (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ अपने नये प्रयोगों, तेज-तर्रार रिपोर्टिंग और बिग ब्रेकिंग समाचारों के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश की हर छोटी-बड़ी हलचल पर हमारी नजर रहती है। इसी कड़ी में 6 अगस्त 2026 को हम आपके लिए यूपी की खबरों को पढ़ने और समझने का एक नया अनुभव लेकर आए हैं।
प्रदेश में आज मौसम से लेकर सियासत, अपराध, प्रशासन, ट्रैफिक और जनसरोकार से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आ रही हैं। कहीं भारी बारिश और जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ाई हैं तो कहीं अपराध से जुड़े मामलों ने सनसनी मचा दी है। वहीं राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों पर भी लगातार अपडेट सामने आ रहे हैं। ऐसे में हर खबर पर अलग-अलग जाने की जरूरत नहीं है।
डाइनामाइट न्यूज़ के UP Live Blog में आपको उत्तर प्रदेश की दिनभर की हर बड़ी खबर एक ही जगह, एक ही क्लिक में मिलती रहेगी। लखनऊ से लेकर नोएडा, प्रयागराज, कानपुर, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और प्रदेश के हर जिले की महत्वपूर्ण खबरों को हम लगातार अपडेट करते रहेंगे।
6 अगस्त 2026 के इस लाइव ब्लॉग में पढ़िए यूपी की सियासत, अपराध, मौसम, प्रशासन और हर बड़ी हलचल की पल-पल की अपडेट। खबरों के बदलते घटनाक्रम के साथ यह लाइव ब्लॉग भी लगातार अपडेट होता रहेगा, ताकि आप प्रदेश की हर जरूरी खबर से जुड़े रहें।
सीतापुर के खैराबाद नगर पालिका परिषद परिसर में भाजपा एमएलसी अनूप गुप्ता का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। अध्यक्ष प्रतिनिधि अभिषेक गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व सभासदों ने उनके दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए शुभकामनाएं दीं।
यूपी के हमीरपुर जिले में सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब अपनी पांच वर्षीय बेटी को मामा के घर छोड़ने जा रहा पिता बाइक समेत खुले नाले में गिर पड़ा। पिता-पुत्री की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने दौड़कर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में दोनों को मामूली चोटें आई हैं।
देवरिया जिले के नगर पंचायत रुद्रपुर के विकास कार्यों की हकीकत इस समय मलाह टोली वार्ड में साफ दिखाई दे रही है। यहां दर्जनों स्थानों पर नालियां टूटी पड़ी हैं, सड़कें उखड़ चुकी हैं और गिट्टी व सीमेंट की जगह केवल मिट्टी डालकर रास्तों को छोड़ दिया गया है। बरसात के मौसम में यह मिट्टी कीचड़ में तब्दील हो चुकी है, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
देवरिया के बेसिक शिक्षा विभाग में खंड शिक्षा अधिकारियों के कार्य क्षेत्र में भी बदलाव किया गया है। बेसिक शिक्षाधिकारी डा. रामजियावन मौर्य ने नौ विकास खंड के खंड शिक्षा अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। इससे विभाग में हड़कंप मच गया है। विजय कुमार ओझा को तरकुलवा से हटाकर रामपुर कारखाना और पथरदेवा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। जयराम को बैतालपुर से हटाकर बनकटा की जिम्मेदारी दी गई है। उपेंद्र कुमार को बैतालपुर भेजा गया है।
हमीरपुर जिले के राठ में स्वर्गीय गणेशी लाल बुधौलिया के स्मृति द्वार को कथित रूप से तोड़ने के प्रयास के विरोध में अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। संगठन ने इस घटना को दुखद, निंदनीय और जनभावनाओं को आहत करने वाला बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। महासभा का कहना है कि यह स्मृति द्वार केवल एक निर्माण नहीं, बल्कि स्वर्गीय गणेशी लाल बुधौलिया के सामाजिक योगदान और जनआस्था का प्रतीक है। संगठन ने आरोप लगाया कि इस तरह की घटनाएं सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करती हैं। ज्ञापन में मांग की गई कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि जनभावनाओं का सम्मान बना रहे और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर, मुगलसराय जिले में सावन के पावन माह में भगवान शिव के प्रति श्रद्धा और आस्था का अद्भुत नजारा गुरुवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) जंक्शन पर देखने को मिला। बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर में जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में शिवभक्तों के जत्थे यहां से रवाना हुए। "बोल बम" और "हर-हर महादेव" के जयघोष से पूरा रेलवे स्टेशन भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया।
बदायूं के मुजरिया थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार वैगनार कार की टक्कर से ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई, जबकि ई-रिक्शा में सवार दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान गांव सगराय निवासी 65 वर्षीय रामकुमार के रूप में हुई है, जो ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। हादसा उस समय हुआ जब वह मुजरिया थाने के सामने चौराहे पर सवारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान कछला की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी।
बदायूं के सहसवान कोतवाली क्षेत्र के शहवाजपुर चौराहे के पास स्थित शराब ठेके के निकट बनी एक कथित अवैध कैंटीन में युवक के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि कैंटीन संचालक ने युवक की जमकर पिटाई की। सूत्रों के मुताबिक इस कैंटीन पर आए दिन विवाद और झगड़े होते रहते हैं। सावन माह में भी सड़क किनारे स्थित इस कैंटीन पर खुलेआम शराब पिलाए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
कावड़ यात्रा 2026 के दौरान उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में एक शिवभक्त कावड़िया ऐसा भी पहुंचा है जिसकी जिंदगी में तो अंधेरा ही अंधेरा है लेकिन उसे एक आस है कि भगवान भोलेनाथ उसके पिछले जन्म के पाप धो देंगे।
देवरिया जनपद के मदनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बराव में गुरुवार के सुबह एक दर्दनाक हादसे में 32 वर्षीय राजगीर मिस्त्री की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पवित्र श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दौरान बढ़ती भीड़ को देखते हुए मुजफ्फरनगर जनपद में मुस्लिम समाज ने आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल पेश की है।
जिसके चलते मुस्लिम धर्मगुरुओं और जिम्मेदार लोगों ने एक बैठक कर कांवड़ यात्रा को लेकर महत्वपूर्ण अपील जारी की है।
फलाह इस्लामिक लाइब्रेरी के संस्थापक मौलाना कारी मौहम्मद खालिद कासमी ने बताया कि इन दिनों जिले से लाखों कांवड़ यात्री गुजर रहे हैं। जिसके चलते ये आस्था का पर्व है और प्रत्येक समाज के लोगों को इसका स्वागत और सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम भी कांवड़ यात्रा में आने वाले सभी श्रद्धालुओं का दिल से स्वागत और सम्मान करते हैं
कावड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार की ओर से आ रही मुजफ्फरनगर जनपद में भव्य कावड़ो का सिलसिला लगातार जारी है जिन्हें देखने के लिए जनपद का दिल्ली देहरादून नेशनल हाईवे 58 कावड़ मार्ग हो या फिर नगर का शिव चौक सभी जगह आम जनता की भारी भीड़ देखने को मिल रही है।
इस कावड़ मेले के दौरान नगर में एक भव्य हाइड्रोलिक कावड़ भी पहुंची थी जिसकी सुंदरता देखकर लोगों की भीड़ का जमावड़ा लग गया था। तकरीबन 15 लाख रुपए की लागत से तैयार की गई इस कावड़ की एक खास बात थी कि इसमें लगा हाइड्रोलिक सिस्टम भगवान शिव शंकर के अचानक से दर्शन करता है जिसे देखकर सभी का मन प्रसन्न हो जाता है।
सीतापुर के महमूदाबाद विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय छंगापुर में मिड-डे मील की बदहाली अब पुलिस तक पहुंच गई है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बच्चों को जली हुई रोटियां और बेहद पतली सब्जी परोसे जाने का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है।
सुलतानपुर जिले के कोतवाली लम्भुआ क्षेत्र के ग्राम मक्सूदन (मामपुर) में शीशम के करीब 25 पेड़ों की अवैध कटान का मामला सामने आया है। वन विभाग की शिकायत पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
माफिया अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद की झांसी हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब अबान और उसके साथी झांसी जेल में बंद अली अहमद से मिलने जा रहे थे। इस दुर्घटना में सोनू खान की भी मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सुलतानपुर जिले के अखण्डनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक किसान का शव रेलवे ट्रैक के किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रथम दृष्टया ट्रेन की चपेट में आने से मौत की आशंका जताई जा रही है।
अखण्डनगर थाना क्षेत्र के मीरपुर प्रतापपुर निवासी रामसहाय प्रजापति (40) पुत्र राजेन्द्र प्रजापति गुरुवार सुबह अपने धान के खेत में पानी देखने के लिए घर से निकले थे। कुछ देर बाद बिलवाई रेलवे फाटक के पास जौनपुर–अयोध्या रेलवे ट्रैक के किनारे उनके घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना परिजनों को मिली।
सुलतानपुर जिले के लम्भुआ कोतवाली क्षेत्र के रामगढ़ गांव में बहन के साथ कथित गाली-गलौज का विरोध करना दो भाइयों को महंगा पड़ गया। आरोप है कि पांच लोगों ने घर पहुंचकर दोनों भाइयों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीतापुर के इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसे में 48 वर्षीय श्रीराम वर्मा की मौत हो गई। वह अपने बेटे अंकित वर्मा को कांवड़ यात्रा पर छोड़ने टिकरा चौराहे पहुंचे थे, तभी तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल श्रीराम को पहले जिला अस्पताल और फिर लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
देवरिया जिले के सोंदा स्थित निजी हॉस्पिटल में युवक की मौत के बाद परिजनों के हंगामे के बीच पुलिसकर्मी कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जुटे थे। इसी दौरान अस्पताल के बगल की छत से एक बिल्ली नीचे गिरकर अचेत हो गई।
मौके पर तैनात सदर कोतवाली के सिपाही राहुल यादव, लालजी राव तथा एसएचओ गनर राजेश कुमार ने अपनी ड्यूटी निभाने के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए तुरंत बिल्ली को सुरक्षित उठाया और उसे होश में लाने का प्रयास किया। कुछ देर की कोशिश के बाद बिल्ली में हरकत हुई और उसकी जान बच गई।
बरेली जंक्शन पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा और रेलवे के मुख्य वाणिज्य निरीक्षक (सीएमआई) के बीच कथित विवाद का मामला सामने आया है। बिथरी चैनपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा ने रेलवे के मुख्य वाणिज्य निरीक्षक (सीएमआई) इमरान पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम), मुरादाबाद को शिकायत भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जनपद फर्रुखाबाद के राजेपुर ब्लॉक में बाढ़ का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के साथ-साथ लगातार हो रही बारिश ने ग्रामीणों की चिंताओं को और बढ़ा दिया है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है और कई गांवों में बाढ़ का पानी पहुंचने की आशंका गहरा गई है।
Fatehpur: फतेहपुर के तेलियानी ब्लॉक स्थित त्रिलोकीपुर गांव में बारिश के बाद जलभराव ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से गांव की गलियां पानी से लबालब हैं और घरों के बाहर तक पानी भर गया है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है, जिन्हें जलभराव के बीच से होकर विद्यालय जाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि बारिश के मौसम में हर साल यही स्थिति बनती है, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उनका कहना है कि शिकायतों के बावजूद न ग्राम पंचायत और न ही संबंधित अधिकारी इस ओर गंभीर हैं। जलभराव के कारण आवागमन प्रभावित होने के साथ ही संक्रामक बीमारियों, मच्छरों और जहरीले कीड़े-मकौड़ों का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द जल निकासी की व्यवस्था कर राहत दिलाने की मांग की है।
मिर्जापुर जिले के कोतवाली कटरा क्षेत्र के निवासी और हत्या के मामले में जेल में बंद आरोपी राजेन्द्र सोनकर पर जिला प्रशासन ने राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका/NSA) के तहत कार्रवाई की है। प्रशासन का कहना है कि आरोपी की संभावित रिहाई से कानून-व्यवस्था और लोकशांति प्रभावित हो सकती है। इसी आधार पर जमानत प्रक्रिया के दौरान उसके खिलाफ रासुका लागू किया गया है।
Deoria: पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने जनपद की पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। जारी आदेश के तहत 53 उपनिरीक्षकों (उ0नि0) के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। इस सूची में कई थानों पर तैनात उपनिरीक्षकों के साथ-साथ लाइन हाजिर रहे उपनिरीक्षकों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
श्रवण मास की कावड़ यात्रा में वैसे तो विभिन्न प्रकार की अनोखी कावड़ देखने को मिल रही है लेकिन बुधवार की रात देश की आन बान और शान के नाम एक 221 फीट लंबी और 11 फ़ीट ऊँची तिरंगा कावड़ भी मुजफ्फरनगर जनपद में पहुंची थी। जिसे देखने के लिए दिल्ली देहरादून नेशनल हाईवे 58 कावड़ मार्ग पर लोगों का जमावड़ा लग गया।
श्रावण मास की कांवड़ यात्रा में इस बार शिवभक्त अपनी अनोखी कांवड़ों से सभी का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। हरिद्वार से गंगाजल लेकर दिल्ली लौट रहे दिल्ली पुलिस के जवान आशीष राणा अपनी अलग तरह की कांवड़ को खुद अकेले कंधों पर खींच रहे हैं। भैंसा गाड़ी की तर्ज पर तैयार इस अनोखी कांवड़ को देखकर राहगीर भी रुककर इसकी तस्वीरें और वीडियो बना रहे हैं।
Pratapgarh: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित महुली गांव में गुरुवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। करीब 100 साल पुराना जर्जर मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के समय पूरा परिवार घर में सो रहा था। मलबे में दबने से एक ही परिवार के छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि परिवार का एक सदस्य सुरक्षित बच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा मलबा हटाकर शवों को बाहर निकाला। शुरुआती जानकारी के अनुसार मकान काफी पुराना और जर्जर था। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
Fatehpur: फतेहपुर के बकेवर थाना क्षेत्र में प्रेमिका के घर युवक की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक के भाई ने युवती के परिजनों पर हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है और पुलिस से मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान अंबेडकर नगर के सम्मनपुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर टड़वा निवासी 22 वर्षीय अकमल के रूप में हुई है, जो गाजियाबाद में निजी नौकरी करता था। मृतक के भाई अमजद खां के अनुसार, अकमल का बकेवर क्षेत्र की एक युवती से प्रेम संबंध था, जिससे नाराज उसके परिजन उसे पहले भी धमका चुके थे। आरोप है कि 4 अगस्त को अकमल को युवती के घर बुलाकर उसके साथ मारपीट की गई। अमजद का दावा है कि अकमल ने फोन कर घटना की जानकारी दी थी। बाद में शाम को पुलिस ने अकमल का शव फंदे से लटका मिलने की सूचना दी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
Deoria: देवरिया जिले में दहेज हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी पति को रुद्रपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी उपेन्द्र यादव (32) निवासी ग्राम शीतलमांझा को उसके गांव के पास से पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, थाना रुद्रपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 372/2026 में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(2), 85 तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मामला दर्ज है। शिकायतकर्ता मनोज यादव ने 1 अगस्त 2026 को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी बहन रिशु यादव की शादी वर्ष 2020 में उपेन्द्र यादव से हुई थी। शादी के बाद से ससुराल पक्ष लगातार दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करता था। कई बार समझौते के प्रयास भी हुए, लेकिन 31 जुलाई 2026 को रिशु यादव की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
Location : Lucknow
Published : 6 August 2026, 8:21 AM IST