
यूपी की बड़ी खबर (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ अपने नये प्रयोगों, तेज-तर्रार रिपोर्टिंग और बिग ब्रेकिंग समाचारों के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश की हर छोटी-बड़ी हलचल पर हमारी नजर रहती है। इसी कड़ी में 13 सितंबर 2026 को हम आपके लिए यूपी की खबरों को पढ़ने और समझने का एक नया अनुभव लेकर आए हैं।
प्रदेश में आज मौसम से लेकर सियासत, अपराध, प्रशासन, ट्रैफिक और जनसरोकार से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आ रही हैं। कहीं भारी बारिश और जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ाई हैं तो कहीं अपराध से जुड़े मामलों ने सनसनी मचा दी है। वहीं राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों पर भी लगातार अपडेट सामने आ रहे हैं। ऐसे में हर खबर पर अलग-अलग जाने की जरूरत नहीं है।
डाइनामाइट न्यूज़ के UP Live Blog में आपको उत्तर प्रदेश की दिनभर की हर बड़ी खबर एक ही जगह, एक ही क्लिक में मिलती रहेगी। लखनऊ से लेकर नोएडा, प्रयागराज, कानपुर, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और प्रदेश के हर जिले की महत्वपूर्ण खबरों को हम लगातार अपडेट करते रहेंगे।
13 सितंबर 2026 के इस लाइव ब्लॉग में पढ़िए यूपी की सियासत, अपराध, मौसम, प्रशासन और हर बड़ी हलचल की पल-पल की अपडेट। खबरों के बदलते घटनाक्रम के साथ यह लाइव ब्लॉग भी लगातार अपडेट होता रहेगा, ताकि आप प्रदेश की हर जरूरी खबर से जुड़े रहें।
कन्नौज में आलू किसानों की परेशानी को लेकर समाजवादी पार्टी ने ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया। सपा कार्यकर्ता आलू की कांवड़ लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन में कोल्ड स्टोरेज का भाड़ा सरकार से दिलाने और आलू की वैरायटी के हिसाब से सरकारी खरीद की मांग उठी। भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बीच हुए इस प्रदर्शन ने किसानों के मुद्दे को फिर चर्चा में ला दिया।
देवरिया के एकौना थाना क्षेत्र के ग्राम नारायणपुर औराई में सोमवार दोपहर 12:20 पर परिषदीय विद्यालय जूनियर हाई स्कूल परिसर से बाहर पानी पीने गया था तभी आकाशीय बिजली गिरने से कक्षा 8 के छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया। तेज आवाज के साथ गिरी बिजली से गांव दहल उठा।
प्रतापगढ़ के अंतू थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां तालाब में नहाते समय एक 13 वर्षीय किशोर की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद से मृतक के परिवार और ननिहाल में कोहराम मचा हुआ है। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भेज दिया है।
हमीरपुर के सुमेरपुर थाना पुलिस ने देशी शराब की दुकान में हुई चोरी की वारदात का सफल अनावरण किया है। पुलिस ने मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस निगरानी में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई शराब और नगदी भी बरामद की है।
हमीरपुर में कम्हरिया बांध पर रील्स बनाने पहुंचे युवकों को जान जोखिम में डालना भारी पड़ गया। बांध में कूदकर रील्स बनाने और खतरनाक स्टंट करने वालों पर पुलिस ने मौके पर ही कार्रवाई की। पुलिस ने करीब आधा दर्जन युवकों को सख्त हिदायत देते हुए डक वॉक कराई और भविष्य में जान जोखिम में डालने वाली हरकत न करने की चेतावनी दी। पुलिस की कार्रवाई का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
फतेहपुर में पूर्व राज्यमंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह को सोशल मीडिया के जरिए धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी धर्मवीर सिंह को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। आरोप है कि धर्मवीर सिंह ने फेसबुक पर पोस्ट कर पूर्व राज्यमंत्री को गोली मारने की धमकी दी थी। पोस्ट में गोली मारने वाले व्यक्ति को 10 बीघे खेत, फॉर्च्यूनर गाड़ी और 50 लाख रुपये नकद देने की बात भी कही गई थी। मामले में मंडल अध्यक्ष गणेशी साहू की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। हथगांव थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हरियाणा से पकड़ा और उसके कब्जे से मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
फतेहपुर जिले के राधानगर थाना क्षेत्र के RVS स्कूल के पास घरेलू सामान लेने जा रहे किशोर को फतेहपुर से बांदा जा रही रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। जिससे किशोर की दर्दनाक मौत हो गई।
महराजगंज के सदर कोतवाली क्षेत्र के अरनहवा गांव में रविवार की देर रात पशुओं की घारी में अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। घारी से उठती आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में पूरी घारी उसकी चपेट में आ गई।
मीरजापुर के लालगंज थाना क्षेत्र के बामी गांव में सोमवार की सुबह वाराणसी-रीवा राष्ट्रीय मार्ग पर एक ट्रक ने 12 वर्षीय छात्र और 55 वर्षीय अधेड़ को कुचल दिया। इस हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक ड्राइवर घटनास्थल से थोड़ी दूर ट्रक खड़ा कर फरार हो गया।
देवरिया जनपद के रुद्रपुर तहसील क्षेत्र स्थित एक मैरिज हॉल में रविवार को द साइंस हर पुस्तक का विमोचन किया गया। कार्यक्रम में जनपद स्तर पर शिक्षा और साहित्य से जुड़े प्रबुद्ध वर्ग के लोगों ने सहभागिता की और आधुनिक दौर में पुस्तकों, साहित्य तथा संस्कारों की बदलती स्थिति पर अपने विचार रखे।
बदायूं में थाना वजीरगंज क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि दूसरा युवक जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना वजीरगंज क्षेत्र के नगर स्थित लल्ला धर्म कांटा के पास देर रात एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक पर सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौका देखकर वाहन सहित फरार हो गया।
बलिया के फेफना थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात दो अलग-अलग गांवों के मंदिरों को निशाना बनाकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है। मिड्ढा गांव स्थित गोरथाना के पोखरा पर मां कमलेश्वरी भवानी मंदिर से चोरों ने मां की चांदी का मुकुट और करधनी चोरी कर ली। वहीं, अगरसंडा गांव में पंचायत भवन के पास स्थित मंदिर से भी चोर घंटा उठा ले गए। सोमवार की सुबह दोनों घटनाओं की जानकारी होने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों स्थानों पर छानबीन शुरू कर दी।
प्रतापगढ़ में सोमवार को हरतालिका तीज का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और पारंपरिक आस्था के साथ मनाया जा रहा है। पति की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के लिए महिला एवं सुहागिन महिलाओं ने अत्यंत कठिन निर्जला व्रत रखा। भोर से ही पूरा जिला भगवान शिव और माता पार्वती की भक्ति में लीन नजर आया। नवविवाहितों से लेकर बुजुर्ग महिलाओं ने सोलह श्रृंगार कर पारंपरिक परिधानों में सज्ज होकर भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना की।
बलिया में महर्षि भृगु मंदिर परिसर में भृगु कॉरिडोर परियोजना की शुरुआत हुई। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने संतों की मौजूदगी में भूमि पूजन किया। 50 करोड़ रुपये के प्रथम चरण वाली परियोजना से मंदिर परिसर का विस्तार, सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विकास होगा। कार्यक्रम में भव्य महाआरती हुई और 81 महिला लाभार्थियों को सम्मानित किया गया।
प्रतापगढ़ में गणेश चतुर्थी महोत्सव को लेकर श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। शहर से गांव तक आकर्षक पंडाल सजाए गए हैं और गणपति प्रतिमाओं की स्थापना की जा रही है। ढोल-नगाड़ों के साथ श्रद्धालु बप्पा को पंडालों तक ले जाते दिखे। प्रशासन ने सुरक्षा के लिए प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया है।
बलिया: चितबड़ागांव थाना क्षेत्र में ई-रिक्शा से घर जा रही महिला के गले से मंगलसूत्र झपटकर भागने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। स्वाट, सर्विलांस और थाना चितबड़ागांव की संयुक्त टीम ने घटना में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया है। इनके कब्जे से लूटा गया मंगलसूत्र, दो तमंचे, कारतूस, चाकू, घटना में प्रयुक्त अपाची बाइक और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
यहां पढ़ें पूरी खबर : सुहाग की निशानी छिनने का दर्द और खाकी का न्याय, बलिया में लुटेरों के चंगुल से सकुशल बरामद माया देवी का मंगलसूत्र
रायबरेली के ऊंचाहार में आयोजित शिव महापुराण कथा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे। उन्होंने कथावाचक प्रदीप मिश्रा का अभिनंदन कर श्रद्धालुओं को संबोधित किया। योगी ने कहा कि भगवान शिव लोकमंगल के लिए विष धारण करते हैं और सनातन परंपरा समाज को शक्ति देती है। उन्होंने कहा कि धर्म से जुड़ी कथाएं भारत की संस्कृति और भविष्य को मजबूत करती हैं।
यहां पढ़ें पूरी खबर: अयोध्या, काशी से लेकर मथुरा-वृंदावन तक; यूपी की आध्यात्मिक विरासत पर CM योगी आदित्यनाथ का बड़ा ऐलान
देवरिया: सदर कोतवाली क्षेत्र के राजकीय इंटर कॉलेज के पास वीडियो बनाने के आरोप में एक युवक की कुछ छात्रों द्वारा बेरहमी से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में आरोपी छात्रों के खिलाफ सदर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जनपद मैनपुरी के भोगांव थाना क्षेत्र में एक ही दिन में अलग-अलग गांवों में नाबालिग बच्चियों के साथ छेड़छाड़, अश्लील हरकत और दुष्कर्म के प्रयास के आरोप से सनसनी फैल गई। शिकायतों के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से एक बच्ची की छीनी गई साइकिल और वारदात में इस्तेमाल किया गया हसिया बरामद किया गया है।
देवरिया: रुद्रपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सीएचसी परिसर में एक्स-रे मशीन उपलब्ध होने के बावजूद पिछले करीब चार माह से टेक्नीशियन की तैनाती नहीं होने के कारण क्षेत्र के मरीजों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। हालात यह हैं कि जांच की उम्मीद लेकर अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को मायूस होकर दूसरे स्थानों का रुख करना पड़ रहा है।
मिर्जापुर के विंध्याचल धाम पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने मां विंध्यवासिनी का विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। उन्होंने कहा कि मां के आशीर्वाद से 2014 से देश-प्रदेश की सेवा का अवसर मिला। वे वेद संदेश यात्रा में शामिल हुए और 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की प्रचंड बहुमत से सरकार बनने का विश्वास जताया।
हाथरस: थाना हाथरस गेट क्षेत्र के गांव गढ़ी जैनी में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। घर में खेल रही 10 वर्षीय बच्ची अचानक गिरकर बेहोश हो गई। परिजन आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
प्रतापगढ़। गंगा एक्सप्रेसवे पर महेशगंज थाना क्षेत्र में रविवार सुबह तेज रफ्तार पिकअप के पलटने से बड़ा हादसा हो गया। टायर फटने से अनियंत्रित हुई सब्जी लदी पिकअप पलट गई, जिसमें सवार पांच लोग घायल हो गए। तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना महेशगंज थाना क्षेत्र के मलाकिया गांव के पास हुई। बताया गया कि पिकअप में सब्जियां लादकर चालक प्रयागराज की ओर जा रहा था। एक्सप्रेसवे पर मलाकिया के पास अचानक पिकअप का टायर फट गया, जिससे वाहन बेकाबू होकर पलट गया। पिकअप में लदी सब्जियां सड़क पर दूर तक बिखर गईं और सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।
फर्रुखाबाद। अमृतपुर विधानसभा-193 में इस बार बदलाव की चर्चाएं तेज होती दिखाई दे रही हैं। क्षेत्र में भाजपा नेता एवं समाजसेवी डॉ. युवराज सिंह की लगातार बढ़ती सक्रियता को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
डॉ. युवराज सिंह जब गांव-गांव पहुंच रहे हैं तो स्थानीय लोगों की ओर से उनका स्वागत किया जा रहा है। खासकर बाढ़ प्रभावित इलाकों में उनके द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की लोग सराहना करते नजर आ रहे हैं।
हाल ही में गांव चिलसरा में लगाए गए सुपर स्पेशलिस्ट मेडिकल कैंप में सैकड़ों मरीजों की निःशुल्क जांच की गई और जरूरतमंदों को मुफ्त दवाइयां वितरित की गईं। कैंप में हिंदू-मुस्लिम सहित विभिन्न समुदायों के लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
हाथरस। जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने शनिवार को बागला जिला अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर भर्ती मरीजों से बातचीत की और उन्हें मिल रहे उपचार एवं सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने तथा अस्पताल में आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को जानकारी मिली कि एनीमिया से पीड़ित एक बच्चे को तत्काल B+ रक्त की जरूरत है। बच्चे की स्थिति को देखते हुए एसपी ने तत्काल पुलिसकर्मियों को रक्तदान के लिए आगे आने के निर्देश दिए।
बदायूं: जनपद में गणेश चौथ (गणेश चतुर्थी) के पावन पर्व को लेकर तैयारियां जोर-शोर पर हैं और बाजारों में गणेश मूर्तियों की जमकर खरीदारी हो रही है। आगामी 14 सितंबर को घरों, पंडालों और मंदिरों में हर्षोल्लास के साथ भगवान गणेश की प्रतिमाओं की स्थापना की जाएगी।
बदायूं में राजस्थान से आए कलाकारों द्वारा सुंदर और भव्य प्रतिमाएं तैयार की जाती हैं। पिछले 8 वर्षों से दातागंज रोड पर भाजपा कार्यालय के पास विशेष रूप से गणेश प्रतिमाओं का बाजार लगाया जा रहा है, जहां भगवान की मनमोहक मूर्तियां देखकर भक्त खुद खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। कारीगरों का कहना है कि वे पिछले 3-4 महीनों से लगातार मूर्तियां बना रहे हैं। इन मूर्तियों का कोई निश्चित मूल्य नहीं होता, बल्कि कलाकार इसे श्रद्धा और दक्षिण के रूप में स्वीकार करते हैं।
कौशांबी। मंझनपुर थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव में एक युवक की लाश कार की डिक्की में मिली है। कार से कुछ दूरी पर एक निर्माणाधीन जमीन के पास खून के निशान मिले। पुलिस ने क्राइम सीन को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की। पुलिस जांच आशनाई के एंगल पर आगे बढ़ रही है। मृतक जेसीबी चलवाने का काम करता था।
प्रयागराज के थरवई का रहने वाला रवि यादव पुत्र राम कृपाल तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। रवि यादव घर से अलग धूमनगंज थाना इलाके में किराए पर कमरा लेकर रहता था। जीजा कृष्ण चंद्र यादव ने बताया कि रवि के ऊपर ही घर की पूरी जिम्मेदारी थी। उसने जेसीबी खरीद रखी थी, जिसे वह ठेके पर चलवाया करता था।
मुस्करा थाना क्षेत्र के बिहुंनी गांव में शराब के नशे में धुत कलयुगी बेटे नरेश ने अपने ही बुजुर्ग पिता ठाकुरदास की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना की शाम जरिया से आए दो भांजों की मौजूदगी में नरेश ने अत्यधिक शराब पी और अपनी भाभी राधा से गाली-गलौज करने लगा। चारपाई पर लेटे पिता ठाकुरदास ने जब बहू का पक्ष लेते हुए बेटे की इस हरकत का विरोध किया, तो नरेश उनसे भी उलझ गया और विवाद बढ़ गया।
आरोपी ने नशे की हालत में पहले अपनी भाभी को एक कमरे में बंद कर दिया ताकि कोई बीच-बचाव न कर सके। इसके बाद वह बाहर चारपाई पर लेटे पिता पर टूट पड़ा। नरेश ने बुजुर्ग पिता पर ईंट से ताबड़तोड़ वार किए और उनके सीने पर चढ़कर गला दबा दिया। पिता के जिंदा बचने के शक में दरिंदगी की हद पार करते हुए उसने ब्लेड से उनके गले और सीने पर करीब पांच गहरे वार किए, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव के कारण बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
विंध्याचल: धर्मनगरी विंध्याचल रविवार को वैदिक संस्कृति और परंपरा के एक अनूठे आयोजन की साक्षी बन रही है। मां विंध्यवासिनी धाम में पहली बार ऐतिहासिक वैदिक संदेश यात्रा का आयोजन किया जा रहा है, जिसका शुभारंभ सुबह 10 बजे मां विंध्यवासिनी देवी मंदिर प्रांगण से हुआ।
इस भव्य यात्रा में देश के विभिन्न प्रांतों से पहुंचे प्रख्यात विद्वान, आचार्य और वैदिक धर्माचार्यों के साथ करीब 500 बटुक शामिल हैं। यात्रा मां विंध्यवासिनी धाम से प्रारंभ होकर पुरानी वीआईपी मार्ग, राम-जानकी मंदिर, स्टेट बैंक चौराहा, बावली चौराहा और बंगाली चौराहा होते हुए विंध्य रेजिडेंसी तक पहुंचेगी। इस आयोजन के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक वातावरण के जरिए लोगों को भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपरा से जुड़ने का विशेष संदेश दिया जा रहा है।
यूपी के हमीरपुर कोतवाली क्षेत्र में राशन लेने पहुंचे एक राशन कार्ड धारक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। कोटेदार और उसके साथी ने कार्ड धारक के साथ मारपीट की। जब उसने विरोध किया तो कोटेदार ने महिलाओं को आगे कर दिया। मारपीट के दौरान पीड़ित का छोटा बच्चा भी मौके पर मौजूद था। घटना के बाद पीड़ित ने डायल 112 और सदर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। वहीं, पीड़ित ने कोटेदार पर आए दिन राशन कार्ड धारकों के साथ बदसलूकी करने का भी आरोप लगाया है।
हमीरपुर: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मौदहा कोतवाली क्षेत्र के उरदना गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां बेटे की जान बचाने के लिए नाले में कूदे पिता की तेज बहाव में बहने से मौत हो गई। घटना के करीब 22 घंटे बाद गोताखोरों की मदद से 45 वर्षीय रामकिशोर का शव बरामद कर लिया गया है।
प्रतापगढ़: रानीगंज कोतवाली क्षेत्र के विष्णुपुर गांव में अज्ञात चोरों ने एक बड़ी और दुस्साहसिक चोरी की घटना को अंजाम दिया है। बेखौफ चोरों ने गैस कटर का इस्तेमाल करके घर का ताला और लोहे की अलमारी काटी, और लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात व नकदी साफ कर दिए।
पीड़ित सुशील कुमार मिश्र गुजरात में निजी नौकरी करते हैं, जबकि घर पर उनकी पत्नी इंदु मिश्र बच्चों के साथ रहती हैं। शनिवार सुबह घटना की जानकारी होने पर पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस मामले की गहराई से छानबीन में जुट गई है।
फतेहपुर। जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी के 15 साल बाद एक महिला अपने प्रेमी के साथ घर से भाग गई। पति का आरोप है कि महिला घर में रखे लाखों रुपए के जेवर और 22 हजार रुपए नकद भी अपने साथ ले गई है।
थरियांव थाना क्षेत्र के मुरांव गांव के रहने वाले बुद्दन की शादी करीब 15 साल पहले रीता देवी से हुई थी। उनके दो बेटियां भी हैं। बुद्दन मजदूरी करके अपने परिवार का गुजारा करते हैं। घटना 7 सितंबर को दिन में करीब 11 बजे की है। बुद्दन अपने भाई के घर मजदूरी करने गए थे। इसी दौरान गांव के मोनू और सकूलपुर के ओम, जिनकी बुद्दन की पत्नी पर बुरी नजर थी, मौका पाकर पति का आरोप है कि वे रीता को शादी का झांसा देकर फरार हुए हैं। महिला अपने साथ 22 हजार रुपए नकद और घर में रखे सभी जेवर ले गई। इन जेवरों में 5 सोने के लॉकेट, एक जोड़ी सोने की झुमकी, एक सोने की लॉकेट माला, 250 ग्राम चांदी की पायल, 250 ग्राम चांदी की हाफ पेटी, 300 ग्राम चांदी की फुल पेटी, एक सोने की बेसर, दो चांदी की अंगूठी और एक सोने का मंगलसूत्र शामिल है।
कौशांबी के मंझनपुर थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव के पास एक कार की डिग्गी से 26 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान प्रयागराज के थरवई निवासी रवि यादव के रूप में हुई है, जो पेशे से जेसीबी चलवाने का काम करता था।
प्राथमिक पुलिस जांच में इस सनसनीखेज मौत के पीछे 'आशनाई' (प्रेम प्रसंग) का मामला सामने आ रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है।
देवरिया, जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र भटवलिया का औचक निरीक्षण कर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था और उपकेंद्र की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न उपकरणों की स्थिति, फीडरों के संचालन तथा उपभोक्ताओं को मिल रही विद्युत आपूर्ति के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि उपकेंद्र से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह क्रियाशील रखी जाएं और विद्युत आपूर्ति में अनावश्यक व्यवधान न होने पाए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध, नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
साहिबाबाद थाना क्षेत्र के अर्थला बालाजी विहार इलाके में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक पलट गई। इस दुर्घटना में पांच साल की मासूम बच्ची इनाया की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई है।
Ghaziabad: मुरादनगर थाना क्षेत्र में छत से गिरने से हुई महिला की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के भाई ने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए परेशान करने और छत से फेंककर हत्या करने का आरोप लगाया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति और अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
यहां पढ़ें पूरी खबर: लव मैरिज के बाद अरमानों पर फिरा खून: जिस पार्टनर पर छिड़की थी जान, उसी ने छत से फेंककर छीन ली सांसे
हमीरपुर के सुमेरपुर थाना क्षेत्र में जमीन के विवाद को लेकर एक बेटे पर अपनी ही 75 वर्षीय मां की हत्या करने का सनसनीखेज आरोप लगा है। आरोपी बेटे आनंदी यादव उर्फ जुल्ली ने मां रामश्री की सब्बल और ईंट से वार करके बेरहमी से हत्या कर दी।
सूचना मिलने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया आलाकत्ल भी बरामद कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी पर करीब 13 साल पहले अपने भाई की हत्या का भी आरोप है, और उसके खिलाफ सुमेरपुर थाने में आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
अमरोहा में एक युवक की निर्मम हत्या से ग्रामीणों में सनसनी फैल गई है। अज्ञात हत्यारों ने वारदात को अंजाम देने के बाद युवक के शव और उसकी बाइक को पेट्रोल छिड़ककर जलाने का प्रयास किया।
घटनास्थल पर गन्ने के खेत में युवक का अधजला शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अधजला शव और जली हुई बाइक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मथुरा के वृंदावन में एक ज्वेलर्स के मकान में शॉर्ट सर्किट के चलते भीषण आग लग गई। आग की विकराल लपटों को देखकर पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद लगभग दो घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। इस हादसे में लाखों रुपये मूल्य का सामान जलकर खाक हो गया, हालांकि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिए जाने से किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
सीतापुर के मिश्रिख कोतवाली इलाके के गोपालपुर गांव में शॉर्ट सर्किट के चलते एक घर में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में झुलसकर 11 साल के बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसकी मां और बहन गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के समय परिवार के तीनों सदस्य अलग-अलग कमरों में सो रहे थे। अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
हाथरस में 115 वें लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शनिवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा की अध्यक्षता में संयुक्त बैठक हुई। इसमें मेले के विभिन्न कार्यक्रमों के संयोजकों के साथ समन्वय के लिए लगाए गए अधिकारी, मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी और मेला कोर कमेटी के सदस्य शामिल हुए। डीएम ने अधिकारियों को संयोजकों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने और सामने आने वाली समस्याओं का समय से निस्तारण कराने के सख्त निर्देश दिए।
बदायूं के जरीफनगर थाने में तैनात पुलिसकर्मी पर गंभीर आरोप लगे हैं। थाने के कंप्यूटर ऑपरेटर जावेद को मोबाइल चोरी की दर्ज FIR में आरोपी बनाया गया है।
आरोप है कि ऑपरेटर जावेद आरोपियों को पुलिस विभाग की गोपनीय जानकारी और चोरी किए गए मोबाइलों के बारे में बताकर उनकी मदद करता था। इस मामले में पुलिस ने प्रेमपाल उर्फ बंटी और रंजीत सहित जावेद को नामजद करते हुए FIR दर्ज कर ली है और आगे की जांच शुरू कर दी है।
मिर्जापुर विंध्य एक्सप्रेसवे के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया के बीच शनिवार को सिटी ब्लॉक क्षेत्र के हुरुआ, देवरी, भेवरकरमनपुर, अर्जुनपुर पाठक व चौरा गांव के दर्जनों ग्रामीण जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। किसानों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर उपजाऊ एवं आवासीय भूमि का उचित मुआवजा देने तथा विस्थापित परिवारों के पुनर्वास की मांग की।
किसानों का कहना है कि प्रस्तावित 333 किलोमीटर लंबे विंध्य एक्सप्रेसवे के लिए उनकी बहुफसलीय सिंचित कृषि भूमि के साथ आवासीय भूमि का भी सर्वे और चिह्नांकन किया जा रहा है। किसान विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन भूमि का उचित मूल्यांकन चाहते हैं।
मिर्जापुर जिले के चील्ह थाना परिसर में लगा विद्युत ट्रांसफार्मर आए दिन खराब होने से पुलिसकर्मियों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। भीषण गर्मी के मौसम में ट्रांसफार्मर के बार-बार जलने से थाना परिसर सहित आसपास के पूरे क्षेत्र में बिजली का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चील्ह पावर हाउस द्वारा रात में लगातार अघोषित कटौती की जा रही है। शाम होते ही बिजली गुल हो जाती है और पूरी रात लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। जब इस संबंध में चील्ह पावर हाउस पर बात की गई तो बताया गया कि यह कटौती औराई पावर हाउस से की जा रही है।
कानपुर के घंटाघर इलाके की भीड़ और भागदौड़ के बीच एक ऐसा मंदिर मौजूद है, जिसे पहली नजर में देखकर शायद ही कोई अंदाजा लगा पाए कि यह मंदिर है। बाहर से यह किसी सामान्य तीन मंजिला मकान जैसा दिखाई देता है, लेकिन अंदर प्रवेश करते ही भगवान गणेश की भक्ति और इतिहास की एक अलग दुनिया सामने आती है। घंटाघर स्थित श्री सिद्धिविनायक गणेश मंदिर करीब एक सदी पुराने धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व के स्थल के रूप में जाना जाता है।
कौशाम्बी। करारी थाना क्षेत्र के आजाद नगर कस्बे में शनिवार रात बाइक में टक्कर मारने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि एक युवक ने अपने साथियों को बुलाकर दो सगे भाइयों से मारपीट की। इसके बाद तमंचे से तीन राउंड फायरिंग की गई। फायरिंग के दौरान एक गोली बड़े भाई की जांघ में लग गई, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
आजाद नगर निवासी मोइन उद्दीन (19) के मुताबिक, वह शनिवार शाम करीब छह बजे बाजार से बाइक लेकर घर लौट रहा था। मदरसे के पास एक युवक छेड़खानी कर रहा था। इसी दौरान आरोपी ने बाइक दौड़ाते हुए मोइन की बाइक में टक्कर मार दी। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। बाद में आरोपी ने अपने साथियों को बुला लिया।
यूपी के हमीरपुर से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सुमेरपुर थाना क्षेत्र के चंदपुरवा गांव में एक बेटे पर अपनी मां की हत्या कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंच गई । पुलिस ने आरोपी बेटे को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। करीब 13 साल पहले भी आरोपी ने अपने भाई को भी उतरा था मौत के घाट।
मुरादाबाद के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के अंतर्गत कांठ रोड पर एक चलती कार अचानक आग का गोला बन गई। देखते ही देखते आग की ऊंची लपटों ने वाहन को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कुछ ही मिनटों में कार धू-धूकर जलकर खाक हो गई। इस घटना के बाद मौके पर भारी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
फिलहाल, कार में अचानक आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है, जिसके बाद ही आग लगने की असल वजह का खुलासा हो सकेगा।
हमीरपुर के मुस्करा थाना क्षेत्र के बिहूनी खुर्द गांव में 65 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। जांच में पुलिस ने मृतक ठाकुरदास के बेटे नरेश को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घरेलू विवाद के बाद बेटे ने ही अपने पिता पर हमला किया था।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, घटना से पहले नरेश शराब के नशे में था। इसी दौरान उसका पिता ठाकुरदास से घरेलू बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद नरेश ने सो रहे पिता के गले पर ब्लेड से वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
बेटे नरेश ने की पिता ठाकुरदास की हत्या(Img: X)
Location : Lucknow
Published : 13 September 2026, 8:10 AM IST