उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने छात्रों के लिए नई हाई-सिक्योरिटी मार्कशीट लागू की है। यह मार्कशीट बेहद मजबूत है, पानी से खराब नहीं होती और इसमें कई आधुनिक सुरक्षा फीचर दिए गए हैं। बोर्ड का दावा है कि इससे नकली मार्कशीट बनाना लगभग असंभव हो जाएगा।

Symbolic Photo
Lucknow: मार्कशीट में गड़बड़ी, फर्जी दस्तावेज और अंकों से छेड़छाड़ जैसे मामलों पर अब बड़ा ताला लग गया है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने ऐसी हाई-सिक्योरिटी मार्कशीट जारी की है जिसे ना फाड़ा जा सकता है, ना ही आसानी से उसकी नकली कॉपी बनाई जा सकती है। इतना ही नहीं इस मार्कशीट को हाथ से फाड़कर दिखाने वाले को 1 लाख रुपये का इनाम देने तक की घोषणा कर दी गई है। बोर्ड का दावा है कि नई तकनीक से तैयार यह मार्कशीट छात्रों के भविष्य को पूरी तरह सुरक्षित बनाएगी और किसी भी तरह की जालसाजी की गुंजाइश खत्म कर देगी।
यूपी बोर्ड की नई हाई-सिक्योरिटी मार्कशीट
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने छात्रों के लिए नई हाई-सिक्योरिटी मार्कशीट जारी की है। बोर्ड के सचिव भगवती सिंह के मुताबिक, यह मार्कशीट खास तकनीक से तैयार की गई है। जिससे भविष्य में फर्जीवाड़ा या अंक बदलने जैसी घटनाओं को पूरी तरह रोका जा सके। बोर्ड का कहना है कि यह मार्कशीट छात्रों के पूरे जीवनभर सुरक्षित रहने के लिए बनाई गई है।
इतनी मजबूत कि हाथ से फाड़ना मुश्किल
नई मार्कशीट की सबसे बड़ी खासियत उसकी मजबूती है। सचिव भगवती सिंह का दावा है कि इसे हाथ से फाड़ना लगभग असंभव है। उन्होंने यहां तक कह दिया कि जो कोई भी इसे हाथ से फाड़कर दिखा देगा, उसे 1 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। कई लोगों ने इसे फाड़ने की कोशिश भी की, लेकिन अब तक कोई सफल नहीं हो पाया है।
पानी और चाय भी नहीं बिगाड़ पाएंगे
इस मार्कशीट पर पानी, चाय या किसी भी तरल पदार्थ का कोई असर नहीं होगा। जरूरत पड़ने पर इसे पानी और साबुन से धोया भी जा सकता है। खास बात यह है कि इसे लैमिनेशन की भी जरूरत नहीं है। दीमक या कीड़े भी इसे नुकसान नहीं पहुंचा सकते। बोर्ड के अनुसार यह मार्कशीट 70 से 80 साल तक सुरक्षित रह सकती है।
धूप में दिखेगा सीक्रेट लोगो
मार्कशीट में एक अनोखा सुरक्षा फीचर भी जोड़ा गया है। इसमें एक छिपा हुआ लोगो है जो सामान्य रोशनी में दिखाई नहीं देता। लेकिन अगर मार्कशीट को धूप में लगभग एक मिनट तक रखा जाए तो वह लाल रंग में चमकने लगता है। जैसे ही इसे छाया में लाया जाता है, वह लोगो फिर से गायब हो जाता है।
ओवरराइटिंग या कॉपी करना भी नामुमकिन
इस मार्कशीट पर ओवरराइटिंग या खुरचकर कुछ लिखने की कोशिश करने पर पूरी शीट डिस्टॉर्ट हो जाती है। इसके अलावा अगर कोई इसकी फोटोकॉपी करने की कोशिश करता है तो कॉपी पर अपने-आप “फोटोकॉपी” लिखा हुआ दिखाई देता है। इससे नकली दस्तावेज बनाने की कोशिश तुरंत पकड़ में आ जाएगी।
खास कागज से तैयार दस्तावेज
बोर्ड के मुताबिक यह मार्कशीट किसी साधारण कागज से नहीं बनी है। इसके लिए विशेष सुरक्षा कागज का इस्तेमाल किया गया है जो बाजार में उपलब्ध नहीं है। भारत में ऐसी प्रिंटिंग फैक्ट्रियां भी बहुत कम हैं जो इस तरह के हाई-सिक्योरिटी दस्तावेज तैयार करती हैं।