
इमरान मसूद को मल्लिकार्जुन खड़गे की कड़ी फटकार (Img x)
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर बयानबाजी का दौर जारी है। इस बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सहारनपुर से पार्टी सांसद इमरान मसूद को मंच से नसीहत दी है। संविधान दिवस के मौके पर लखनऊ स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में खरगे ने कहा कि वह अक्सर इमरान मसूद को टीवी पर बोलते हुए सुनते हैं, लेकिन बोलने से ज्यादा काम करने की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि इमरान मसूद पार्टी के लिए लड़ते हैं और अपनी बात मनवाते हैं।
मल्लिकार्जुन खरगे ने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को एकजुट होकर काम करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यदि सभी मिलकर काम करेंगे तो जीत जरूर मिलेगी। वहीं, आपस में लड़ते रहने से किसी को कुछ हासिल नहीं होगा।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जिएगी और कभी खत्म नहीं होगी। उन्होंने नेतृत्व का जिक्र करते हुए कहा कि अब ऐसा नेता आया है, जो किसी से डरता नहीं है और कोई उसे डरा भी नहीं सकता है। खरगे की यह नसीहत ऐसे समय में आई है, जब इमरान मसूद लगातार सपा के साथ सीट बंटवारे को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद गठबंधन में कांग्रेस को कम सीटें मिलने के प्रस्ताव और अपने प्रभाव वाले क्षेत्र में सपा की ओर से उम्मीदवारों के ऐलान से नाराज हैं। बुधवार को एबीपी न्यूज के शिखर सम्मेलन में उन्होंने कहा था कि गठबंधन की एक गरिमा होनी चाहिए। दोनों दलों के बीच बातचीत चल रही थी और इसी दौरान मीडिया के माध्यम से सपा के उम्मीदवारों की सूची सामने आ गई।
इमरान मसूद ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की ओर से कांग्रेस को 26 सीटें देने का प्रस्ताव रखा गया था, जिसे कांग्रेस ने स्वीकार नहीं किया। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के साथ गठबंधन में सपा ने उत्तर प्रदेश में 37 सीटें जीती थीं, जबकि बसपा के साथ गठबंधन में सपा को पांच सीटों पर जीत मिली थी।
उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि इसके बाद देश के लोगों को एहसास हुआ कि राहुल गांधी ही बीजेपी से मुकाबला कर सकते हैं। मसूद ने गठबंधन की बातचीत में गंभीरता की कमी का आरोप भी लगाया। उन्होंने बताया कि सपा के साथ अगली बैठक की तारीख अभी तय नहीं हुई है।
इमरान मसूद की बयानबाजी पर समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि उसके नेता लगातार इस तरह के बयान क्यों दे रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेताओं को सपा के घोषणापत्र जारी करने पर भी आपत्ति है।
राजीव राय ने वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कांग्रेस की सीटों की मांग पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियों का शीर्ष नेतृत्व समझदार है और उनका उद्देश्य बीजेपी को हराना है। ऐसे में मीडिया के माध्यम से लगातार बयानबाजी करने से केवल बीजेपी को फायदा होगा।
Location : Lucknow
Published : 26 November 2026, 4:02 PM IST