
महराजगंज में तीन संदिग्ध गिरफ्तार (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Maharajganj: जनपद में क्षेत्र के गांव-गांव घूमकर पुराने मोबाइल फोन खरीदने के नाम पर ग्रामीणों को सामान देने वाले संदिग्ध गतिविधियों में शामिल तीन लोगों को फरेंदा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों को न्यायालय में पेश किया। यह कार्रवाई अपराध की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि पुलिस को सूचना मिल रही थी कि कुछ बाहरी लोग गांवों में घूमकर पुराने मोबाइल फोन खरीद रहे हैं और बदले में लोगों को विभिन्न प्रकार का सामान दे रहे हैं। इस पर पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए फरेंदा खुर्द से तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में जान मोहम्मद निवासी जिला मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल), जमुना पुत्र बाबूलाल निवासी कलनाखोर थाना खेसरहा, जिला सिद्धार्थनगर तथा हरि सिंह पुत्र फुल सिंह निवासी बिसलपुर थाना मंगलपुर, जिला कानपुर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, ये लोग ग्रामीण इलाकों में घूम-घूमकर लोगों को लालच देकर उनके पुराने मोबाइल फोन खरीदते थे।
पुलिस को आशंका है कि इन मोबाइल फोन में मौजूद निजी डाटा का दुरुपयोग किया जा सकता था, जिससे लोगों की गोपनीय जानकारी खतरे में पड़ सकती थी। इसी आधार पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ धारा 170,126,135 BNS के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अपने मोबाइल या किसी भी निजी वस्तु को अज्ञात व्यक्तियों को न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
Location : Maharajganj
Published : 6 April 2026, 7:06 PM IST