
अब्बास अंसारी और पत्नी निकहत की बढ़ी मुश्किलें
बांदा: चित्रकूट जेल में विधायक अब्बास अंसारी और उनकी पत्नी निकहत की कथित अवैध मुलाकात के मामले में गुरुवार को भ्रष्टाचार निवारण न्यायालय में सुनवाई हुई। हालांकि, सुनवाई के दौरान विधायक अब्बास अंसारी, उनकी पत्नी निकहत और तत्कालीन जेल अधीक्षक अशोक सागर समेत कई आरोपी कोर्ट में पेश नहीं हुए।
सभी आरोपियों की ओर से हाजिरी माफी का प्रार्थना पत्र दाखिल किया गया। कोर्ट ने इसे स्वीकार करते हुए अगली सुनवाई की तारीख 10 सितंबर तय की है। इसी तारीख को मामले में आरोप तय करने की प्रक्रिया शुरू होगी।
मामले में न्यायाधीश ने सख्त रुख अपनाते हुए आदेश दिया है कि अगली सुनवाई पर सभी आरोपी व्यक्तिगत रूप से न्यायालय में उपस्थित रहें। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि किसी भी आरोपी की हाजिरी माफी स्वीकार नहीं की जाएगी।
यदि कोई आरोपी अगली तारीख पर पेश नहीं होता है तो उसके खिलाफ वारंट जारी किए जा सकते हैं।
इसके अलावा, जेल मुलाकात प्रकरण के समय चित्रकूट जेल में तैनात रहे एक वार्डर को भी पेशी के लिए तलब किया गया है। वर्तमान में वह सेंट्रल जेल आगरा में निरुद्ध है। कोर्ट ने सेंट्रल जेल आगरा के अधीक्षक को पत्र जारी कर उसे अगली सुनवाई में उपस्थित कराने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, इस मामले में अब तक करीब सात बार ऐसा हो चुका है, जब विधायक अब्बास अंसारी और उनकी पत्नी निकहत कोर्ट में पेश नहीं हुए हैं।
यह मामला 10 फरवरी 2023 को सामने आया था। उस समय चित्रकूट जेल में बंद विधायक अब्बास अंसारी से उनकी पत्नी निकहत की कथित अवैध मुलाकात की शिकायत मिली थी।
शिकायत के बाद तत्कालीन जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से जेल में छापेमारी की थी। इस दौरान निकहत को जेल अधीक्षक के कक्ष में पाया गया था।
जांच में आरोप लगाया गया था कि निकहत नियमों के खिलाफ लंबे समय तक जेल परिसर में मौजूद थीं। इस घटना के बाद जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे।
मामले में कर्वी कोतवाली में विधायक अब्बास अंसारी, उनकी पत्नी निकहत, चालक ललक नियाज, तत्कालीन जेल अधीक्षक अशोक कुमार सागर, जेलर संतोष कुमार, डिप्टी जेलर चंद्रकला, जेल कैंटीन संचालक नवनीत सचान, सपा जिलाध्यक्ष फराज खान और शाहबाज समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
बाद में शासन स्तर पर गठित विशेष जांच दल (SIT) ने पूरे मामले की जांच की थी।
Location : Banda
Published : 28 August 2026, 1:39 PM IST