
धू-धूकर जला ट्रांसफार्मर
मैनपुरी: मैनपुरी शहर में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब राधारमण रोड स्थित रेड कार्पेट बैंक्वेट हॉल के पास एक विद्युत ट्रांसफार्मर में अचानक भीषण आग लग गई।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार, गर्मी के मौसम में ओवरलोड के कारण ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट हुआ। जिससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के तुरंत बाद ट्रांसफार्मर से जोरदार धमाके की आवाजें आने लगीं। देखते ही देखते आग की लपटें आसमान तक पहुंच गईं।
आसपास में मची अफरातफरी
घटनास्थल के पास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागते नजर आए। पास ही स्थित रेड कार्पेट बैंक्वेट हॉल और अन्य इमारतों को भी खतरा उत्पन्न हो गया, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
स्थानीय लोगों ने दिखाई सतर्कता
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ लोगों ने आग को बुझाने की कोशिश भी की लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण वे सफल नहीं हो सके।
दमकल विभाग ने पाया आग पर काबू
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फायर विभाग के अधिकारियों के अनुसार, ट्रांसफार्मर में ओवरलोडिंग के चलते शॉर्ट सर्किट हुआ। जिससे आग भड़की। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास की इमारतों को कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा।
प्रशासन हुआ सतर्क
शहर कोतवाली पुलिस और बिजली विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने लोगों से संयम बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सूचना देने की अपील की है।
Location : Mainpuri
Published : 28 April 2025, 4:25 PM IST
Topics : Mainpuri Fire mainpuri news Mainpuri Police