“गर्मी ज्यादा लगी रही है”… इतना बोलकर नहर में नहाने गए भाई-बहन, लेकिन वापस लौटी लाश

उत्तर प्रदेश के पहाड़ी थाना क्षेत्र के बाबूपुर गांव में दर्दनाक हादसा सामने आया है। नाले में नहाने गए दो मासूम बच्चों की तेज बहाव में डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 23 August 2026, 6:05 PM IST

Chitrakoot: उत्तर प्रदेश के पहाड़ी थाना क्षेत्र के बाबूपुर गांव में एक दर्दनाक हादसा हुआ। घर से कुछ दूरी पर नहर में नहाने गए दो मासूम बच्चे अचानक पानी के तेज बहाव में बह गए। देखते ही देखते दोनों बच्चे डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

नहाने गए थे दोनों बच्चे

बाबूपुर गांव निवासी राम मिलन ने बताया कि उनका 6 वर्षीय बेटा मनदीप और उनकी 10 वर्षीय चचेरी बहन पायल घर से कुछ दूरी पर स्थित गिरधर नहर में नहाने गए थे। दोनों बच्चे नहाते समय अचानक पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गए और बहने लगे। आसपास मौजूद ग्रामीणों की नजर जब बच्चों पर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने तुरंत दोनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि दोनों बच्चे देखते ही देखते डूब गए।

काफी मशक्कत के बाद मिले दोनों बच्चे

हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और बच्चों की तलाश शुरू कर दी। काफी देर की खोजबीन के बाद मनदीप को बाहर निकाला गया। परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। कुछ समय बाद ग्रामीणों और परिजनों को पायल भी मिल गई। उसे भी तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। दोनों बच्चों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

गांव में पसरा मातम

एक साथ दो मासूमों की मौत से बाबूपुर गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी इस हादसे से स्तब्ध हैं। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। पहाड़ी थाना प्रभारी निशिकांत राय ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हो रही है और घटना की जांच की जा रही है।

Location :  Chitrakoot

Published :  23 August 2026, 6:05 PM IST