
कुरावली थाना
Mainpuri News: मैनपुरी में सोमवार दोपहर एक मासूम बच्ची की जिंदगी उस वक्त दर्दनाक तरीके से खत्म हो गई, जब वह घर के पास बेर तोड़ने गई थी। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि खेल-खेल में पेड़ के पास पहुंची 13 साल की बच्ची कुछ ही पलों में मौत की चपेट में आ जाएगी। गांव की सड़क किनारे खड़ा एक बेर का पेड़, ऊपर से गुजरती हाईटेंशन लाइन और नीचे लटकते तार इन सबने मिलकर ऐसा मंजर बना दिया। जिसने पूरे गांव को मातम में डुबो दिया।
यह हृदयविदारक घटना मैनपुरी जनपद के कुरावली थाना क्षेत्र के ग्राम सलेमपुर की है। जानकारी के मुताबिक, नेहा पुत्री कैलाश कठेरिया सोमवार दोपहर घर के पास सड़क किनारे खड़े बेर के पेड़ से बेर तोड़ने गई थी। इसी दौरान वह पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गई। बताया जा रहा है कि बिजली का तार काफी नीचे लटक रहा था, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ।
करंट इतना तेज था कि नेहा को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की खबर मिलते ही परिवार और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बच्ची को उस हालत में देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में जैसे ही यह खबर फैली, हर तरफ मातम और सन्नाटा छा गया।
मृतका नेहा प्राथमिक विद्यालय सलेमपुर में कक्षा 5 की छात्रा थी। वह अपने परिवार की चार बेटियों और एक बेटे में शामिल थी। नेहा के पिता कैलाश कठेरिया मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटी की अचानक मौत ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है। जिन हाथों में अभी किताबें होनी चाहिए थीं, वे कुछ ही पलों में हमेशा के लिए खामोश हो गए।
घटना के बाद गांव के लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में बिजली के तार लंबे समय से जर्जर हालत में हैं और कई जगहों पर बहुत नीचे लटक रहे हैं। उनका आरोप है कि इस समस्या की शिकायत कई बार की गई, लेकिन बिजली विभाग ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते तारों को ठीक कर दिया जाता, तो आज एक मासूम की जान बच सकती थी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं ग्रामीणों ने बिजली विभाग से जर्जर और नीचे लटकते तारों को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को ऐसा दर्द न झेलना पड़े।
Location : Mainpuri
Published : 6 April 2026, 10:13 PM IST
Topics : crime news mainpuri news Mainpuri Police UP News