
मौके पर भीड़ एकत्रित
Mainpuri: मैनपुरी के कुर्रा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर शाम एक ऐसा हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके को हिला दिया। तखरऊ नहर पुल से एक अज्ञात व्यक्ति ने अचानक छलांग लगा दी। उसे डूबता देख एक मछुआरा जान जोखिम में डालकर कूद पड़ा, लेकिन कुछ ही पलों में दोनों गहरे पानी में लापता हो गए। देर रात तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शाम के समय एक व्यक्ति नहर पुल पर पहुंचा। उसने अपने कपड़े उतारे और बिना कुछ कहे अचानक नहर में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही वह तेज बहाव में ओझल हो गया। तभी ग्राम सड़ निवासी मछुआरा राजू पुत्र किशन लाल कश्यप ने हिम्मत दिखाई और उसे बचाने के लिए नहर में कूद गया। लेकिन गहराई और तेज धारा के आगे वह भी टिक नहीं सका और दोनों पानी में समा गए।
मौके पर जुटी भीड़, पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कुर्रा थाना प्रभारी विक्रांत कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे और तुरंत तलाश अभियान शुरू कराया। देर रात तक जब कोई सफलता नहीं मिली तो सीओ अजय सिंह चौहान, तहसीलदार संतोष राजोरिया और करहल थाना प्रभारी महाराज सिंह भाटी भी मौके पर पहुंचे।
जाम और नारेबाजी से बढ़ा तनाव
दोनों के न मिलने से गुस्साए ग्रामीणों ने कुछ देर के लिए पुल पर जाम लगा दिया और नारेबाजी की। पुलिस अधिकारियों ने समझाइश देकर हालात को संभाला और जाम खुलवाया। इसके बाद राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम को बुलाया गया, जिसने नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
अज्ञात युवक की पहचान की कोशिश
नहर में कूदने वाले पहले व्यक्ति की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस उसके बारे में जानकारी जुटा रही है और यह भी जांच कर रही है कि उसने छलांग क्यों लगाई। वहीं मछुआरे राजू के परिजन गहरे सदमे में हैं। रात का अंधेरा, नहर किनारे झाड़ियां और गहराई रेस्क्यू ऑपरेशन में बाधा बन रही हैं। ग्रामीणों के बीच हाल ही में नहर में मगरमच्छ दिखने की चर्चा ने चिंता और बढ़ा दी है।
सीओ अजय चौहान ने बताया कि पुलिस और SDRF की संयुक्त टीम लगातार सर्च अभियान चला रही है। फिलहाल दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
Location : Mainpuri
Published : 13 February 2026, 12:30 AM IST