मुजफ्फरनगर में दर्दनाक हादसा: ओवरब्रिज से नीचे गिरी तेज रफ्तार कार, एक ही परिवार के पांच लोग घायल

मुजफ्फरनगर में सोमवार सुबह पानीपत-खटीमा मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर ओवरब्रिज से नीचे जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 25 May 2026, 3:33 PM IST

Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर में सोमवार सुबह पानीपत-खटीमा मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर ओवरब्रिज से नीचे जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

अमीरनगर अंडरपास के पास हुआ हादसा

यह हादसा Titawi थाना क्षेत्र के अमीरनगर अंडरपास के पास सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि Ghaziabad के राजेंद्र नगर निवासी एक परिवार ऋषिकेश से दिल्ली लौट रहा था। कार में दो महिलाएं और तीन पुरुष सवार थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही कार अमीरनगर अंडरपास के पास पहुंची, चालक अचानक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे ओवरब्रिज से नीचे जा गिरी।

कार के उड़े परखच्चे, मौके पर मची चीख-पुकार

हादसे के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही तितावी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया।

घायलों की पहचान चालक वंश, उसकी बहन वंशी, अविरल, प्रेरणा और रोहन के रूप में हुई है। इनमें वंश और वंशी की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जिला अस्पताल में भर्ती, दो की हालत गंभीर

सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है। हादसे के बाद कुछ देर तक हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

टायर फटने की आशंका जता रही पुलिस

पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार, चालक को झपकी आने या अचानक संतुलन बिगड़ने जैसी आशंकाएं सामने आ रही हैं।

Pramod Kumar ने बताया कि प्रथम दृष्टया कार का टायर फटने से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

हाईवे पर कुछ देर बाधित रहा यातायात

हादसे के बाद हाईवे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु कराया और क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाया।

Location :  Muzzafarnagar

Published :  25 May 2026, 3:29 PM IST