हमीरपुर में दर्दनाक हादसा: तालाब में डूबने से तीन मासूमों की मौत, गांव में पसरा मातम

हमीरपुर जिले के मौदहा कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गम में डुबो दिया। खण्डेह गांव में तालाब में नहाने गए तीन मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 25 May 2026, 3:13 PM IST

Hamirpur: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मौदहा कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गम में डुबो दिया। खण्डेह गांव में तालाब में नहाने गए तीन मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

गर्मी से राहत पाने गए थे तालाब

जानकारी के मुताबिक, खण्डेह गांव निवासी प्रबल यादव (10), आदित्य कुशवाहा (9) और भोला कुशवाहा (10) सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे गांव के रामजानकी मंदिर के पीछे स्थित तालाब में नहाने गए थे। भीषण गर्मी के चलते गांव के कुल सात बच्चे तालाब पहुंचे थे। इनमें पांच बच्चे पानी में उतरे, जबकि दो बच्चे किनारे बैठे रहे।

तालाब के गहरे गड्ढे में समा गए तीनों बच्चे

ग्रामीणों के अनुसार तालाब में करीब पांच फीट पानी भरा हुआ था, लेकिन उसके बीच में 8 से 10 फीट गहरा गड्ढा बना हुआ था। नहाते समय तीनों बच्चे अचानक उसी गहरे हिस्से में चले गए और डूबने लगे।

किनारे बैठे बच्चों ने शोर मचाते हुए मदद के लिए आवाज लगाई। वहीं पानी में मौजूद अन्य दो बच्चे किसी तरह बाहर निकलकर गांव वालों और परिजनों को सूचना देने पहुंचे।

सूचना मिलते ही मचा हड़कंप

घटना की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण तालाब की ओर दौड़ पड़े। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से बच्चों को तालाब से बाहर निकाला गया और तत्काल सीएचसी मौदहा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

ग्रामीणों का कहना है कि तालाब के आसपास कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी। न तो वहां चेतावनी बोर्ड लगाया गया था और न ही किसी तरह के सुरक्षा उपकरण मौजूद थे। बताया जा रहा है कि तीनों बच्चों को तैरना भी नहीं आता था।

तीन मासूमों की मौत से गांव में मातम

एक ही गांव के तीन बच्चों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। सीएचसी में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों की चीख-पुकार सुन हर किसी की आंखें नम हो गईं।

घटना की जानकारी मिलने पर सीओ राजकुमार पांडेय, एसडीएम करणवीर सिंह और कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली।

कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि घटना की सूचना करीब 12 बजे मिली थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Location :  Hamirpur

Published :  25 May 2026, 3:13 PM IST