हिंदी
भीषण जाम
Lucknow: लखनऊ की सड़कों पर मंगलवार को ऐसा ट्रैफिक जाम लगा कि लोग घंटों तक गाड़ियों में फंसे रह गए। जहां देखो वहां बस गाड़ियों की लंबी कतारें और हॉर्न का शोर सुनाई दे रहा था। हालात इतने खराब हो गए कि कई मुख्य रास्ते पूरी तरह चोक हो गए और शहर की रफ्तार थम सी गई। 'जनाक्रोश महिला पद यात्रा' के चलते किया गया ट्रैफिक डायवर्जन रैली खत्म होते ही पूरी तरह फेल हो गया, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
दरअसल महिला पद यात्रा को देखते हुए शहर में सुबह से ही ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया था। लेकिन जैसे ही रैली खत्म हुई बड़ी संख्या में वाहन एक साथ हजरतगंज की ओर बढ़ने लगे। इससे वहां अचानक भारी दबाव बन गया और देखते ही देखते जाम की स्थिति बन गई। हालात ऐसे हो गए कि गाड़ियां रेंगती नजर आईं और लोग लंबे समय तक फंसे रहे।
इस जाम का सबसे ज्यादा असर हजरतगंज, हुसैनगंज, कैसरबाग, गोमतीनगर के 1090 चौराहे, निशातगंज और ग्रीन कॉरिडोर की तरफ से आने वाले रास्तों पर देखने को मिला। इन सभी इलाकों में गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और ट्रैफिक पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। प्रमुख चौराहों पर स्थिति इतनी खराब थी कि लोग वैकल्पिक रास्ते खोजने को मजबूर हो गए।
लखनऊ विकासनगर अग्निकांड: कैसे भड़की भीषण आग, मासूमों की मौत का जिम्मेदार कौन?
प्रशासन ने सुबह 6 बजे से कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक रोककर वैकल्पिक रास्तों की व्यवस्था की थी। लालबत्ती चौराहा, विधानसभा मार्ग, जीपीओ, डीएसओ चौराहा, सिकंदरबाग, परिवर्तन चौक और कैपिटल तिराहा जैसे अहम रास्तों पर सामान्य यातायात प्रतिबंधित किया गया था। हालांकि, वैकल्पिक मार्ग तय होने के बावजूद ट्रैफिक का दबाव इतना ज्यादा था कि व्यवस्था संभालना मुश्किल हो गया और पूरा सिस्टम लड़खड़ा गया।
वाहनों को कटाईपुल, जी-20 चौराहा, कमता तिराहा, कैंट, डालीगंज, पिपराघाट और ग्रीन कॉरिडोर जैसे रास्तों से डायवर्ट किया गया था। लेकिन इन मार्गों पर भी वाहनों की संख्या अचानक बढ़ने से जाम लग गया। बसों के रूट में भी बदलाव किया गया था, फिर भी स्थिति सामान्य नहीं हो सकी।
रैली से लौट रही महिलाएं भी इस जाम में फंस गईं और तेज धूप में उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके, जिससे नाराजगी भी देखने को मिली।
Location : Lucknow
Published : 21 April 2026, 2:35 PM IST