
ट्रैफिक व्यवस्था
Gorakhpur: दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के मद्देनजर महानगर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने डायवर्जन प्लान जारी किया है। इसके तहत 20, 21 और 22 अक्टूबर 2026 को प्रतिदिन शाम चार बजे से प्रतिमा विसर्जन समाप्त होने तक विभिन्न मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित और डायवर्ट रहेगा। विशेष रूप से भारी वाहनों और रोडवेज बसों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित मार्गों का पालन करने की अपील की है। हालांकि, एंबुलेंस पर यह डायवर्जन लागू नहीं होगा।
यातायात पुलिस के अनुसार, लखनऊ की ओर से गोरखपुर आने वाले भारी वाहनों को सहजनवां बाईपास जीरो प्वाइंट से डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन बाघागाड़ा और रामनगर करजहां होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाएंगे। वहीं, वाराणसी, आजमगढ़, मऊ और बड़हलगंज की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को बेलीपार थाना क्षेत्र के बाघागाड़ा स्थित फोरलेन से डायवर्ट कर रामनगर करजहां और कालेसर के रास्ते भेजा जाएगा।
कुशीनगर से आने वाले भारी वाहन कोनी फोरलेन से रामनगर करजहां होकर जाएंगे, जबकि देवरिया से आने वाले भारी वाहनों को रामनगर करजहां फोरलेन और बाघागाड़ा के रास्ते आगे भेजा जाएगा। इन वाहनों का महानगर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
रोडवेज बसों के लिए भी बदला मार्ग
गोरखपुर बस अड्डे से लखनऊ और वाराणसी की ओर जाने वाली रोडवेज बसों को अमर उजाला चौराहे से डायवर्ट कर देवरिया बाईपास रोड, सिक्टौर और रामनगर करजहां के रास्ते भेजा जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर चार पहिया वाहनों का भी डायवर्जन किया जाएगा। नौसड़ चौराहे से टीपी नगर चौराहे की ओर आने वाली रोडवेज बसें बाघागाड़ा, रामनगर करजहां, देवरिया बाईपास, सिक्टौर और अमर उजाला चौराहे से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगी।
रोडवेज बस, ऑयल टैंकर, गैस टैंकर, दुग्ध वाहन और अन्य राजकीय वाहन विश्वविद्यालय चौराहा, मोहद्दीपुर, चारफाटक ओवरब्रिज, कौवाबाग बाईपास, असुरन, खजान्ची, स्पोर्ट्स कॉलेज, नकहा ओवरब्रिज और बरगदवा चौराहे से होते हुए फरेंदा-सोनौली की ओर जाएंगे।
फरेंदा और पीपीगंज से गोरखनाथ मंदिर की तरफ आने वाले भारी वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा। इन्हें बरगदवा, नकहा ओवरब्रिज, स्पोर्ट्स कॉलेज, खजान्ची, असुरन, कौवाबाग, चारफाटक ओवरब्रिज और मोहद्दीपुर के रास्ते देवरिया व कुशीनगर की ओर भेजा जाएगा।
नौसड़ से भारी वाहनों का डायवर्जन
नौसड़ तिराहे से भारी वाहनों को बाघागाड़ा और रामनगर करजहां के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा। 20 और 21 अक्टूबर को प्रतिमा विसर्जन के दौरान रात में भारी संख्या में मूर्तियों के विसर्जन को देखते हुए भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि विसर्जन के दौरान अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों पर न जाएं और निर्धारित वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
Location : गोरखपुर
Published : 19 October 2026, 8:51 PM IST