मुजफ्फरनगर में प्रदूषण फैलाने वाली 3 फैक्ट्रियां सील, छापेमारी से मचा हड़कंप

मुजफ्फरनगर में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मेरठ रोड स्थित सुजड़ू इलाके की तीन फैक्ट्रियों को सील कर दिया। जांच में सामने आया कि मेटल रिकवरी प्लांट बिना कंसेंट टू ऑपरेट (CTO) के चल रहे थे और गंभीर वायु प्रदूषण फैला रहे थे। कार्रवाई के बाद औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 8 May 2026, 12:33 AM IST

Muzaffarnagar : जिले में प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियों के खिलाफ प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने बड़ा अभियान चलाया है। गुरुवार को मेरठ रोड स्थित सुजड़ू इलाके में कार्रवाई करते हुए तीन फैक्ट्रियों को सील कर दिया गया। इस कार्रवाई के बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया और कई फैक्ट्री संचालकों में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।

सुजड़ू इलाके में हुई छापेमारी

स्थानीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी गीतेश चंद्रा के नेतृत्व में एई कुंवर संतोष कुमार और जेई राजा गुप्ता की टीम ने छापेमारी की। टीम ने एफआर इंटरप्राइजेज, एएस ट्रेडर्स और एसजे ट्रेडर्स नाम की यूनिटों की जांच की। जांच के दौरान अधिकारियों को मौके पर गंभीर वायु प्रदूषण मिला। फैक्ट्री परिसर में धुएं और प्रदूषण के कारण आसपास के लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

अधिकारियों ने जब फैक्ट्री संचालकों से जरूरी दस्तावेज मांगे तो वे विभाग से प्राप्त कंसेंट टू ऑपरेट यानी CTO नहीं दिखा सके। इसके बाद टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों यूनिटों को मौके पर ही सील कर दिया।

मुजफ्फरनगर में दो एनकाउंटर से हड़कंप : भागते रहे बदमाश, पीछा करती रही पुलिस

बिना अनुमति चल रहे थे प्लांट

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों के मुताबिक ये सभी मेटल रिकवरी प्लांट हैं।यह बिना वैध अनुमति के संचालित किए जा रहे थे। आरोप है कि फैक्ट्रियों में पर्यावरण मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था और लगातार वायु प्रदूषण फैलाया जा रहा था। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की अवैध यूनिटें आसपास के लोगों की सेहत पर भी बुरा असर डालती हैं। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विभाग ने यह सख्त कार्रवाई की है।

शिकायतों के बाद हुआ एक्शन

एई कुंवर संतोष कुमार ने बताया कि विभाग को इन यूनिटों के खिलाफ काफी समय से शिकायतें मिल रही थीं। जांच के दौरान शिकायतें सही पाई गईं। जिसके बाद फैक्ट्रियों को सील करने का फैसला लिया गया। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति संचालित होने वाली और प्रदूषण मानकों का उल्लंघन करने वाली फैक्ट्रियों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। विभाग अब ऐसे अन्य प्लांटों की भी जांच की तैयारी में है।

औद्योगिक क्षेत्र में मचा हड़कंप

तीन फैक्ट्रियों पर हुई कार्रवाई के बाद मेरठ रोड औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप का माहौल बना हुआ है। कई यूनिट संचालक अब अपने दस्तावेज और प्रदूषण मानकों को दुरुस्त करने में जुट गए हैं। स्थानीय लोगों ने भी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की इस कार्रवाई का स्वागत किया है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  8 May 2026, 12:33 AM IST