
मैनपुरी पुलिस ने आरोपी दबोचा (IMG: Dynamite News)
Mainpuri: बंद पड़े मकान को निशाना बनाकर लाखों के जेवर और नकदी पर हाथ साफ करने वाले बदमाशों तक आखिरकार पुलिस पहुंच गई। करीब दो सप्ताह पहले हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए भोगांव थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी के कब्जे से चोरी के आभूषण और नकदी बरामद की गई है, जबकि उसका साथी अभी फरार है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के मुताबिक, 20 जुलाई 2026 को थाना भोगांव क्षेत्र के मोहल्ला चौधरी निवासी लक्ष्मी, पत्नी अनेश कुमार ने अपने बंद मकान में चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि अज्ञात चोर घर में घुसकर नकदी और कीमती आभूषण चोरी कर ले गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना भोगांव में मुकदमा संख्या 360/2026 धारा 305(5) और 331(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत बंदू उर्फ गौरव पुत्र इन्द्रपाल सिंह और गुलशन उर्फ गोलू पुत्र हरी सिंह, दोनों निवासी मोहल्ला चौधरी, कस्बा एवं थाना भोगांव, जनपद मैनपुरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत थाना भोगांव पुलिस को 6 अगस्त 2026 को मुखबिर से अहम सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने रघुवाना रोड स्थित तान देवी मंदिर के पास घेराबंदी कर बंदू उर्फ गौरव (23 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का दावा है कि आरोपी की निशानदेही पर चोरी के कई आभूषण और नकदी बरामद किए गए। बरामद सामान में एक रानी हार (पीली धातु), दो जोड़ी बड़ी पायल, दो जोड़ी छोटी पायल, एक छोटी चेन, एक पाजेब, एक छोटी ब्रेसलेट और एक जोड़ी बड़ी ब्रेसलेट (सफेद धातु) शामिल हैं।
ट्रैफिक नियमों को तोड़ा तो खैर नहीं, मैनपुरी पुलिस को मिला नया ‘हाईटेक हथियार’, जानिए कैसे करेगा काम
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2) भी बढ़ा दी है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई है। वहीं, फरार आरोपी गुलशन उर्फ गोलू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर शेष चोरी का सामान बरामद किया जाएगा।
Location : Mainpuri
Published : 6 August 2026, 2:43 PM IST