
नौतपा का कहर
Mainpuri: मैनपुरी में नौतपा की तपिश अब लोगों पर भारी पड़ने लगी है। जिले में लगातार बढ़ते तापमान और हीट वेव ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। दोपहर के समय सड़कें तप रही हैं और गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों का घर से निकलना मुश्किल कर दिया है। बावजूद इसके रोजमर्रा की जरूरतों के चलते लोग कड़ी धूप में बाहर निकलने को मजबूर हैं।
पिछले दो दिनों से मैनपुरी में हीट वेव का असर साफ तौर पर दिखाई दे रहा है। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं। दोपहर होते-होते सड़कें लगभग सुनसान नजर आने लगती हैं, लेकिन जरूरी कामों के कारण लोग गर्मी के बीच सफर करने को मजबूर हैं। बाजारों और सड़कों पर निकलने वाले लोग अपने-अपने तरीके से गर्मी से बचाव करते दिखाई दे रहे हैं। कोई ठंडे पेय पदार्थों का सहारा ले रहा है तो कोई पूरे शरीर को कपड़ों से ढककर धूप से बचने की कोशिश कर रहा है।
भीषण गर्मी और लू के चलते बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। डॉक्टरों के अनुसार इस मौसम में डिहाइड्रेशन, बुखार, चक्कर आना और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ सकती हैं। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
गर्मी का असर अब लोगों की दिनचर्या पर भी साफ दिखाई देने लगा है। मजदूर वर्ग और सड़क किनारे काम करने वाले लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। तेज धूप के बीच काम करना उनके लिए बड़ी चुनौती बन गया है। वहीं राहगीर बार-बार छांव और ठंडे पानी की तलाश करते नजर आ रहे हैं।
जनगणना में लापरवाही पड़ी भारी: एक साथ 6 शिक्षक निलंबित, 41 का वेतन रुका; मैनपुरी में बड़ा एक्शन
जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने लोगों से गर्मी और हीट वेव को गंभीरता से लेने की अपील की है। उन्होंने लोगों को दोपहर के समय बेवजह घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और शरीर को ढककर रखने की सलाह दी है। डीएम ने कहा कि लू से बचाव के लिए सावधानी बेहद जरूरी है और किसी भी प्रकार की तबीयत खराब होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क हो गया है। स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
Location : Mainpuri
Published : 27 May 2026, 2:42 PM IST