
Symbolic Photo
Gorakhpur: गोरखपुर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाले दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में आखिरकार कानून का शिकंजा कस गया। छह महीने से फरार चल रहा आरोपी गुजरात में छिपकर पुलिस को लगातार चकमा दे रहा था, लेकिन गोरखनाथ थाना पुलिस की सटीक रणनीति, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से उसका ठिकाना पकड़ में आ गया। पुलिस टीम ने गुजरात पहुंचकर आरोपी को दबोच लिया और ट्रांजिट रिमांड पर गोरखपुर लाकर जेल भेज दिया।
नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले गया था आरोपी
मामला अगस्त 2025 का है जब रसूलपुर निवासी एक महिला ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी नाबालिग बेटी को रिश्ते का मामा लगने वाला फिरोज बहला-फुसलाकर भगा ले गया। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस की शरण ली गई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
तीन महीने तक बंधक बनाकर किया दुष्कर्म
आरोप है कि आरोपी ने नाबालिग को तीन महीने तक बंधक बनाकर रखा और उसके साथ लगातार दुष्कर्म करता रहा। इतना ही नहीं, उसने एक मौलाना के जरिए जबरन निकाह भी करा दिया। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी थी। पुलिस के लिए आरोपी को पकड़ना बड़ी चुनौती बन गया था क्योंकि वह लगातार ठिकाने बदल रहा था और मोबाइल का इस्तेमाल भी बेहद सावधानी से कर रहा था।
सर्विलांस से मिली सफलता, गुजरात से हुई गिरफ्तारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के निर्देश पर एसपी सिटी अभिनव त्यागी और क्षेत्राधिकारी रवि कुमार सिंह के मार्गदर्शन में विशेष टीम बनाई गई। थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने उपनिरीक्षक आदित्य कुमार पांडेय को गिरफ्तारी की जिम्मेदारी दी। तकनीकी इनपुट, कॉल डिटेल और मुखबिरों की सूचना के आधार पर आरोपी की लोकेशन गुजरात के मोरबी जिले में ट्रेस हुई। पुलिस टीम ने मालिया-हलवाड़ हाईवे के पास छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
जेल भेजा गया आरोपी, कार्रवाई जारी
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर गोरखपुर लाई और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि महिला और बाल अपराध के मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और फरार अपराधियों की तलाश लगातार जारी रहेगी।
Location : गोरखपुर
Published : 22 February 2026, 9:28 PM IST
Topics : GKP news hindi Gorakhpur Dn news up news hindi