फायरिंग, पथराव हापुड़ में तनाव बरकरार; बदनौली गोलीकांड में घायल दलित युवक दीपक की मौत से बवाल

हापुड़ के बदनौली गोलीकांड में घायल दलित युवक दीपक की मेरठ मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी पूर्व प्रधान समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि पुलिस कार्रवाई की जांच के लिए SIT गठित की गई है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 6 September 2026, 11:24 AM IST

हापुड़: बदनौली गोलीकांड मामले में रविवार को बड़ा अपडेट सामने आया है। गोली लगने से घायल दलित युवक दीपक की मेरठ मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत के बाद गांव में तनाव बढ़ गया है और पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

जाट-दलित विवाद में हुई थी गोलीबारी और पथराव

बता दें कि शुक्रवार को बदनौली गांव में जाट और दलित समाज के लोगों के बीच विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी और पथराव शुरू हो गया।

इस घटना में गोली लगने से तीन लोग घायल हुए थे, जबकि पथराव में चार लोगों को चोटें आई थीं। गंभीर रूप से घायल दीपक का मेरठ मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा था, जहां रविवार को उसने दम तोड़ दिया।

मुख्य आरोपी पूर्व प्रधान समेत पांच गिरफ्तार

दीपक की मौत की जानकारी मिलते ही दलित समाज के लोगों में आक्रोश फैल गया। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पूर्व प्रधान संदीप सिंह समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

वहीं, दलित पक्ष की शिकायत पर 33 लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

गांव में तनाव, पुलिस निगरानी बढ़ाई गई

युवक की मौत के बाद बदनौली गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।

पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल, ADG के निर्देश पर SIT गठित

घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर उठ रहे सवालों की जांच के लिए ADG के निर्देश पर SIT (विशेष जांच टीम) का गठन किया गया है।

SIT यह जांच करेगी कि विवाद की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने क्या कदम उठाए, मौके पर पहुंचने में कोई देरी हुई या नहीं और घायलों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने में किसी तरह की लापरवाही तो नहीं हुई।

तीन दिन में सौंपनी होगी रिपोर्ट

SIT को तीन दिन के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट शासन को सौंपनी है। दीपक की मौत के बाद अब सभी की नजरें SIT की रिपोर्ट और पुलिस कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Location :  Hapur

Published :  6 September 2026, 11:24 AM IST