महराजगंज के ठूठीबारी थाना क्षेत्र के सुकरहर गांव में मां की डांट से आहत होकर एक किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यज्ञ और कलश यात्रा में जाने के लिए पीले कपड़े की जिद को लेकर मां-बेटी के बीच विवाद हुआ था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या की
Maharajganj: ठूठीबारी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। छोटी सी बात पर हुई कहासुनी के बाद एक किशोरी ने ऐसा खौफनाक कदम उठा लिया। जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। मां की डांट से आहत होकर किशोरी ने अपने ही घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना ठूठीबारी थाना क्षेत्र के सुकरहर गांव की है। यहां रहने वाली प्रीति गुप्ता, जो संतोष गुप्ता की बेटी थी। गांव में आयोजित यज्ञ और कलश यात्रा में शामिल होना चाहती थी। बताया जा रहा है कि इस धार्मिक कार्यक्रम को लेकर गांव में काफी उत्साह था और प्रीति भी उसमें शामिल होने के लिए तैयार हो रही थी।
इसी दौरान उसने अपनी मां से पीले रंग के कपड़े दिलाने की जिद की। इसी बात को लेकर मां-बेटी के बीच कहासुनी हो गई। परिजनों के अनुसार बात इतनी बढ़ गई कि गुस्से में मां ने प्रीति को डांट दिया और थप्पड़ भी मार दिया।
मां की डांट से आहत होकर प्रीति गुस्से में अपने कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। घरवालों को लगा कि वह थोड़ी देर में शांत होकर बाहर आ जाएगी। इसलिए किसी ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया लेकिन काफी देर बीत जाने के बाद भी जब प्रीति कमरे से बाहर नहीं आई तो परिजनों को चिंता होने लगी। उन्होंने दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद जब किसी तरह दरवाजा खोला गया तो अंदर का नजारा देखकर सभी लोग सन्न रह गए। किशोरी फंदे से लटकी हुई थी।
घटना के बाद परिजन तुरंत उसे लेकर निचलौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद किशोरी को मृत घोषित कर दिया। यह खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में भी मातम पसर गया।
घटना की सूचना मिलते ही निचलौल क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के हर पहलू को खंगाला जा रहा है।