
सुल्तानपुर में युवती ने की खुदकुशी
Sultanpur: कोतवाली देहात क्षेत्र के रामपुर हनुमानगंज गांव में शनिवार शाम 23 वर्षीय युवती ने कथित तौर पर फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। घटना से गांव में शोक का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका की पहचान कोमल (23) पुत्री हरि मंगल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार उसकी शादी आगामी नवंबर माह में तय थी, लेकिन वह लंबे समय से पेट की गंभीर बीमारी से जूझ रही थी। हाल ही में उसका अल्ट्रासाउंड समेत अन्य चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया था। बीमारी के चलते वह मानसिक तनाव में रहती थी।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम परिवार के अन्य सदस्य अलग-अलग कार्यों से घर से बाहर थे। इसी दौरान घर में अकेली मौजूद कोमल ने कमरे के अंदर फंदा लगा लिया। कुछ देर बाद खेलकर लौटी उसकी छोटी बहन ने उसे लटका देखा और शोर मचाया। सूचना पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी।
कोतवाली देहात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Sultanpur
Published : 2 August 2026, 6:02 AM IST