गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर सुलतानपुर में भव्य शोभायात्रा, पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत

गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर 22 नवंबर 2026 को सुलतानपुर नगर में विशाल शोभायात्रा और संकीर्तन का आयोजन हुआ। गुरु ग्रंथ साहिब की अगुवाई में निकली शोभायात्रा का विभिन्न समुदायों के लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। पंज प्यारों की अगुवाई, गुरुवाणी और सामूहिक लंगर के बीच श्रद्धालुओं ने प्रेम, समानता और मानवता का संदेश याद किया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 22 November 2026, 6:14 PM IST

Sultanpur: उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर नगर में 22 नवंबर 2026 को सिख धर्म के संस्थापक और प्रथम गुरु गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्री गुरु सिंह सभा की ओर से विशाल शोभायात्रा और संकीर्तन का आयोजन किया गया। गुरु ग्रंथ साहिब की अगुवाई में निकली शोभायात्रा का नगर के अलग-अलग इलाकों में विभिन्न समुदायों के लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।

फूलों से सुसज्जित पालकी में गुरु ग्रंथ साहिब विराजमान रहे, जबकि पंज प्यारों ने शोभायात्रा की अगुवाई की। इस दौरान श्रद्धालु गुरुवाणी का पाठ और संकीर्तन करते हुए आगे बढ़े। धार्मिक भजनों और गुरुवाणी से नगर का माहौल भक्तिमय नजर आया।

शोभायात्रा बाधमंडी, दरियापुर, पंचरास्ते, शाहगंज, चौक घंटाघर, जीएन रोड, डाकघर चौराहा और बस अड्डे समेत नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने फूल बरसाकर इसका स्वागत किया। आयोजन में सभी समुदायों की भागीदारी ने प्रेम और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया।

ये भी पढ़ें: सुलतानपुर में जल निगम पर सख्ती, अधिशासी अभियंता ने दी वेतन रोकने की चेतावनी

तीन दिवसीय अखंड पाठ और प्रभात फेरी का भी आयोजन

प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय अखंड पाठ सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु गुरुवाणी का पाठ और संकीर्तन करते हुए नगर भ्रमण पर निकले। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरने के बाद शोभायात्रा गुरुद्वारे पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने मत्था टेककर गुरु ग्रंथ साहिब के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इस अवसर पर सामूहिक लंगर का भी आयोजन किया गया।

श्री गुरु सिंह महिला सभा की अध्यक्ष तृप्ति कौर ने बताया कि गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व से पहले पूरे सप्ताह नगर में प्रभात फेरी और संकीर्तन का आयोजन किया गया। प्रतिदिन सुबह श्रद्धालु नगर भ्रमण करते थे और गुरुवाणी के माध्यम से आध्यात्मिक एवं सामाजिक सद्भाव का संदेश देते थे।

इस तरह प्रकाश पर्व के मुख्य आयोजन से पहले भी नगर में लगातार धार्मिक गतिविधियां होती रहीं। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को याद किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर सुल्तानपुर में भव्य शोभायात्रा (Image Source: Dynamite News)

ये भी पढ़ें: UP Crime: सुलतानपुर में संपत्ति के लिए अपनों ने बहाया खून, चचेरा भाई और भतीजा गिरफ्तार

प्रेम, समानता और मानवता का संदेश दिया

श्री गुरु सिंह सभा सुल्तानपुर के महासचिव सुदीप पाल सिंह ने बताया कि गुरु नानक देव जी ने एक परमात्मा और समूची मानवता की समानता का संदेश दिया। उन्होंने जाति और धर्म के आधार पर होने वाले भेदभाव का विरोध किया और समाज को प्रेम, सद्भाव तथा भाईचारे के रास्ते पर चलने की प्रेरणा दी। यही वजह है कि उनके विचारों को हर वर्ग और समुदाय में सम्मान मिलता है।

वहीं, कीर्तन सभा की श्रद्धालु प्रिया कौर ने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी सीख आज भी समाज को जाति-पाति और धार्मिक भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता की सेवा करने की प्रेरणा देती है।

उन्होंने गुरु नानक देव जी के संदेश ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ का अर्थ बताते हुए कहा कि इसका मतलब है ईश्वर का स्मरण करना, ईमानदारी से मेहनत करना और मिल-बांटकर खाना। सुल्तानपुर में निकली शोभायात्रा भी प्रेम, सेवा और सामाजिक सद्भाव के इसी संदेश की प्रतीक बनी। श्रद्धालुओं ने गुरु नानक देव जी के विचारों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

Location :  Sultanpur

Published :  22 November 2026, 6:14 PM IST