सुल्तानपुर में सांप के काटने से युवती की मौत, लखनऊ पहुंचने से पहले टूटी सांसें

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में एक दर्दनाक घटना ने परिवार की खुशियां छीन लीं। चांदा कोतवाली क्षेत्र में घर पर सो रही एक युवती को जहरीले सांप ने काट लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से चिकित्सकों ने लखनऊ रेफर कर दिया।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 24 October 2026, 7:01 AM IST

Sultanpur: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में जहरीले सांप के काटने से 18 वर्षीय युवती की मौत हो गई। घटना चांदा कोतवाली क्षेत्र के साढ़ापुर गांव की है। युवती की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया। हालांकि, लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

घर में सोते समय सांप ने काटा

जानकारी के अनुसार, साढ़ापुर गांव निवासी स्वर्गीय रामकुमार की पुत्री दीपिका शुक्रवार तड़के करीब चार बजे अपने घर में सो रही थी। इसी दौरान उसे जहरीले सांप ने काट लिया। सांप के काटने के बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी, जिससे परिजन घबरा गए।

परिजन बिना देर किए दीपिका को उपचार के लिए जिला अस्पताल सुल्तानपुर लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे लेकर लखनऊ रवाना हुए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। युवती की मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

चाचा की तहरीर पर पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

घटना के बाद मृतका के चाचा संतोष कुमार ने चांदा कोतवाली में तहरीर देकर पुलिस से शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस की ओर से मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

परिवार में पसरा मातम

दीपिका की अचानक मौत से साढ़ापुर गांव में शोक का माहौल है। जिस परिवार ने उसे उपचार के जरिए बचाने की उम्मीद लगाई थी, उसे रास्ते में ही उसकी मौत की खबर का सामना करना पड़ा। घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

फिलहाल पुलिस मामले से संबंधित औपचारिक कार्रवाई में जुटी है। वहीं, युवती की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Location :  Sultanpur

Published :  24 October 2026, 7:01 AM IST