हिंदी
एमडी इन्फोटेक परीक्षा केंद्र पर हुआ हंगामा (Image: Social Media)
Kanpur News: कानपुर में BSF हेड कांस्टेबल मिनिस्ट्रियल (HCM) परीक्षा के दौरान उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब ऑनलाइन एग्जाम के बीच अचानक कई कंप्यूटर सिस्टम ठप हो गए। सवाल हल करने बैठे अभ्यर्थियों के सामने स्क्रीन बंद होने लगी और माउस-कीबोर्ड ने काम करना बंद कर दिया। तकनीकी गड़बड़ी से नाराज छात्रों ने परीक्षा में गड़बड़ी और पेपर लीक की आशंका जताते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
मामला कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के श्याम नगर स्थित एमडी इन्फोटेक परीक्षा केंद्र का है। बुधवार 2 सितंबर 2026 को यहां BSF हेड कांस्टेबल मिनिस्ट्रियल परीक्षा आयोजित की गई थी। सुबह 9 बजे शुरू हुई पहली पाली की परीक्षा के दौरान कई अभ्यर्थियों को तकनीकी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
अभ्यर्थियों का आरोप है कि परीक्षा के दौरान अचानक कंप्यूटर सिस्टम हैंग होने लगे। कई छात्रों के कंप्यूटर की स्क्रीन बार-बार बंद हो गई, जबकि माउस और कीबोर्ड ने भी काम करना बंद कर दिया। इस वजह से छात्र समय रहते सवाल हल नहीं कर पाए। परीक्षा में आई इस तकनीकी समस्या को लेकर अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ती चली गई।
तकनीकी खराबी के बाद परीक्षा केंद्र के बाहर पेपर लीक होने की चर्चा फैल गई। इसके बाद बड़ी संख्या में छात्र आक्रोशित हो गए और उन्होंने परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए विरोध शुरू कर दिया। छात्रों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
हंगामे और तनावपूर्ण स्थिति की जानकारी मिलते ही चकेरी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने छात्रों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।काफी देर तक परीक्षा केंद्र के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
हंगामे के बीच पहली पाली की परीक्षा रद्द होने की अफवाहें भी सामने आईं। हालांकि, अभी तक संबंधित विभाग या अधिकारियों की ओर से पेपर लीक होने या परीक्षा रद्द किए जाने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल छात्र पूरे मामले की जांच और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं।
#KanpurNews #BSFExam #ExamUpdate #UPNews #BreakingNews
kanpur news, bsf hcm exam, bsf exam 2026, exam controversy, paper leak allegation, up news today, student protest, online exam issue, government exam news, breaking news india
Location : Kanpur
Published : 2 September 2026, 3:37 PM IST