
आरोपी
Raebareli: एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। चलती ट्रेन में शुरू हुआ एक मामूली विवाद अचानक हिंसा में बदल गया और देखते ही देखते पत्थरों की बारिश शुरू हो गई। इस खौफनाक घटना से ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर छिपने लगे।
दरअसल, यह मामला रायबरेली-प्रयागराज रेलखंड पर लक्ष्मणपुर स्टेशन के पास का है। जानकारी के मुताबिक, उन्नाव जिले के रहने वाले दो युवक अमित और सुभाष त्रिवेणी एक्सप्रेस से विंध्याचल जा रहे थे। दोनों निगोहा स्टेशन से ट्रेन में सवार हुए थे। बताया जा रहा है कि ट्रेन पहले से ही काफी भरी हुई थी। ऐसे में दोनों युवक गेट पर खड़े थे। जैसे ही ट्रेन रायबरेली स्टेशन पहुंची, करीब आधा दर्जन युवक जबरन ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करने लगे।
जानकारी के अनुसार, गेट पर खड़े अमित और सुभाष ने उन युवकों से कहा कि ट्रेन में जगह नहीं है और अंदर जाना मुश्किल है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। शुरुआत में यह मामला मामूली लग रहा था लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि यह विवाद इतना बढ़ जाएगा। जब ट्रेन आगे बढ़कर लक्ष्मणपुर स्टेशन पहुंची तो वही युवक ट्रेन से उतर गए और गुस्से में आकर पत्थरबाजी शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले से यात्रियों में हड़कंप मच गया।
इस पथराव में अमित को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि सुभाष को भी हल्की चोट लगी है। घायल अमित को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद यात्रियों में डर और गुस्सा दोनों देखने को मिला।
मामले को लेकर जीआरपी का कहना है कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। जैसे ही शिकायत मिलेगी। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Location : Raebareli
Published : 19 March 2026, 3:59 PM IST