22 साल IPL में नौकरी, फिर हटाने की धमकी… मौत के बाद पत्नी ने मिल प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप

महराजगंज के सिसवा में IPL की सिसवा इकाई के कर्मचारी अरविंद सिंह की मौत के बाद मामला गरमा गया है। पत्नी भानुप्रिया सिंह ने मिल प्रबंधन पर मानसिक प्रताड़ना, नौकरी से हटाने की धमकी और मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 8 August 2026, 6:11 PM IST

Maharajganj: महराजगंज के सिसवा कस्बे में स्थित इंडियन पोटाश लिमिटेड (IPL) की सिसवा इकाई में कर्मचारी अरविंद सिंह की मौत के बाद कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मृतक की पत्नी ने मिल प्रबंधन पर मानसिक प्रताड़ना और लगातार दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। पत्नी का कहना है कि उनके पति पिछले करीब एक साल से परेशान चल रहे थे और उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी भी दी जा रही थी।

22 साल से IPL की सिसवा इकाई में थे कार्यरत

भानुप्रिया सिंह के मुताबिक, उनके पति अरविंद सिंह इंडियन पोटाश लिमिटेड की सिसवा इकाई के चिकित्सालय में करीब 22 वर्षों से काम कर रहे थे। इतने लंबे समय से कंपनी से जुड़े होने के बावजूद पिछले करीब एक साल से उनकी परेशानियां बढ़ने लगी थीं। पत्नी का आरोप है कि यूनिट हेड और एचआर की ओर से अरविंद सिंह पर लगातार मानसिक दबाव बनाया जा रहा था।

महराजगंज में साहू आरा मशीन पर वन विभाग का छापा, सागौन की लकड़ियां सीज होने से मचा हड़कंप

नौकरी से हटाने के बाद श्रम न्यायालय पहुंचे थे अरविंद

नौकरी से हटाए जाने के बाद अरविंद सिंह ने मामले को लेकर श्रम आयुक्त, गोरखपुर मंडल के न्यायालय का रुख किया था। उनकी ओर से वाद दायर किया गया, जो अभी विचाराधीन बताया जा रहा है। मृतक की पत्नी का आरोप है कि मामला न्यायालय में पहुंचने के बाद भी उनके पति को राहत नहीं मिली। बल्कि उन पर मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बनाया जाने लगा। परिवार का कहना है कि अरविंद सिंह इस पूरे विवाद को लेकर मानसिक तनाव में थे।

मुकदमा वापस लेने की बात पर हुआ विवाद

तहरीर में लगाए गए आरोपों के मुताबिक, पांच अगस्त की शाम कुछ कर्मचारी अरविंद सिंह के घर पहुंचे थे। वहां उनसे श्रम न्यायालय में चल रहे मुकदमे को वापस लेने की बात कही गई। पत्नी का आरोप है कि इसी दौरान बातचीत ने विवाद का रूप ले लिया। मामला बढ़ने के बाद अरविंद सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिवार के लोगों ने आनन-फानन में उनका उपचार कराया।

वायरल होने का नशा डूबा न दे! महराजगंज में जल जीवन मिशन के ओवरहेड टैंकों पर चढ़े हुड़दंगियों पर बरसेगा प्रशासन, दर्ज होगी FIR

पत्नी ने थाने पहुंचकर की जांच की मांग

पति की मौत के बाद भानुप्रिया सिंह ने कोठीभार थाने में तहरीर दी। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पत्नी ने अपनी शिकायत में प्रबंधन की ओर से कथित तौर पर बनाए जा रहे दबाव और मानसिक प्रताड़ना का जिक्र किया है। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि अरविंद सिंह की मौत से पहले उनके साथ क्या हुआ था और पांच अगस्त को उनके घर पहुंचे कर्मचारियों के साथ उनकी क्या बातचीत हुई थी। पुलिस जांच के बाद ही इन आरोपों की सच्चाई सामने आएगी।

तहरीर मिली, जांच के बाद होगी कार्रवाई

कोठीभार थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Maharajganj

Published :  8 August 2026, 6:11 PM IST