
अमेठी में पुलिस मुठभेड़ (इमेज सोर्स-इंटरनेट)
Amethi: जिले के जायस में महिला से मंगलसूत्र लूट की वारदात को अंजाम देने वाला तेईस वर्षीय हिस्ट्रीशीटर बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया। चौंकाने वाली बात यह है कि मुख्य आरोपी बन्धन सिंह ने महज 15 साल की उम्र में अपराध की दुनिया में कदम रखा था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ चोरी, लूट, छिनैती, मारपीट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई संगीन मामले दर्ज हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह ने मंगलवार को बताया कि जिले के जायस थाना क्षेत्र के सराय महेशा निवासी सिताला पत्नी ओमप्रकाश द्वारा लिखित सूचना दी गयी कि महिला अपनी बहन के साथ अपने मायके भीरा ई-रिक्शा से जा रही थी । रास्ते में उतरने के बाद दोनों मोजमगंज पुल से भीरा के लिए कच्चे रास्ते में पैदल रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात व्यक्तियों द्वारा आवेदिका के गले में पहने हुये मंगलसूत्र को झपट्टा मारकर भाग गये।
मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि लूट की घटना से संबन्धित दो अभियुक्त मोटरसाइकिल से खरौली से नसीराबाद की तरफ जाने वाले हैं। सूचना पर पुलिस टीम मुश्तैदी से सघन चेकिंग करने लगी कि तभी खरौली की तरफ से एक मोटरसाइकिल से दो संदिग्ध व्यक्ति आते हुये दिखायी दिये।
जिन्हें रोकने का प्रयास किया गया तो पुलिस टीम पर फायर करते हुये भागने लगे । पुलिस टीम द्वारा घेराबन्दी कर पकड़ने का प्रयास करने पर मोटरसाइकिल सवार लड़खड़ा कर गिर गये और पुन: पुलिस टीम पर फायर कर दिया । आत्मरक्षार्थ पुलिस टीम द्वारा फायर करने पर अभियुक्तों की तरफ से फायरिंग बन्द हो गयी। पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर देखा गया कि एक अभियुक्त गोली लगने से घायल हो गया है।
पूछने पर घायल अभियुक्त ने अपना नाम बन्धन सिंह पुत्र इन्द्रभान सिंह निवासी खरौली थाना जायस जनपद अमेठी बताया जिसके कब्जे से एक तमंचा, एक जिन्दा कारतूस, दो खोखा करातूस 315 बोर व लूट का मंगलसूत्र का लॉकेट बरामद हुआ। तथा दूसरे अभियुक्त ने अपना नाम नान वर्मा पुत्र उदय वर्मा निवासी खरौली थाना जायस बताया जिसके कब्जे से तीन जिन्दा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ। दोनो की उम्र क्रमशः 23 और बाइस वर्ष बताई जा रही है।
पूछताछ में गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों ने बताया कि वह दोनों ने मंगलवार को सुबह मोजमगंज पुल से ग्राम भीरा के कच्चे रास्ते पर इसी स्पेलेण्डर मोटरसाइकिल संख्या यूपी 36 वाई 7720 से एक महिला का मंगलसूत्र लूट कर भाग गये थे । घायल अभियुक्त को उपचार हेतु पुलिस टीम के साथ अस्पताल भेजा गया है । गिरफ्तारी व बरामदगी के संबन्ध में थाना जायस पुलिस द्वारा आवश्यक कार्यवाही की जा रही है ।
पुलिस ने आगे बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त बन्धन सिंह एक शातिर किस्म का अन्तर्जनपदीय अपराधी है। अभियुक्त बंधन सिंह थाना जायस का हिस्ट्रीशीटर है। जिसके विरुद्ध जनपद अमेठी व जीआरपी रायबरेली में चोरी, लूट, छिनैती, मारपीट व एनडीपीएस एक्ट आदि विभिन्न धाराओं में कुल 08 अभियोग पंजीकृत हैं।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त बंधन सिंह का लंबा आपराधिक इतिहास है। वह साल 2018 से अपराध की दुनिया में कदम रखा था। पुलिस की कार्यवाही के बाद भी उसने अपराध को अपना पेशा बना लिया। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में लूट मारपीट छिनौती सहित कई, मुकदमे दर्ज है। पुलिस ने पकड़े गए दोनों अपराधियों के खिलाफ कार्यवाही में जुट गई है।
Location : Amethi
Published : 27 May 2026, 1:52 AM IST