
सोनभद्र में मौसम की मार (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज)
Sonbhadra: जनपद में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को आखिरकार राहत मिल गई। बीते 24 घंटों के दौरान मौसम ने अचानक करवट ली और जिले के लगभग 90 प्रतिशत हिस्सों में झमाझम बारिश हुई। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं ने तापमान में गिरावट ला दी, जिससे लोगों तपती गर्मी से राहत मिली और लोगों ने सुकून की सांस ली। लंबे समय से गर्मी से बेहाल जनजीवन में इस बदलाव ने नई ताजगी भर दी है।
जनपद के चोपन, ओबरा, अनपरा, शक्तिनगर, मधुपुर, करमा, रॉबर्ट्सगंज और दुद्धी क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक सड़कों और गलियों में पानी भर गया, वहीं बच्चे और युवा बारिश का आनंद लेते नजर आए।
बारिश से गरमी से मिली राहत लेकिन बिजली व्यवस्था चरमराई
दूसरी तरफ किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं, क्योंकि इस बारिश से खेतों में नमी बढ़ी है और खरीफ फसलों की बुवाई के लिए अनुकूल माहौल बन रहा है। हालांकि इस राहत भरी बारिश के साथ एक नई समस्या भी सामने आई है।
जिले के कई हिस्सों में बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। चोपन, ओबरा और दुद्धी समेत कई इलाकों में बार-बार बिजली कटौती की शिकायतें सामने आई हैं। पेड़ गिरने से भी कई जगहों की बिजली गुल होने की शिकायतें मिली है। जिससे लोगों को बड़ी समस्या हो रही, बिजली की आंख-मिचौली से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, खासकर रात के समय परेशानी और बढ़ जाती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्की बारिश में ही बिजली व्यवस्था प्रभावित हो जाना विभाग की तैयारियों पर सवाल खड़ा करता है। लोगों ने बिजली विभाग से जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग की है, ताकि राहत भरे मौसम का पूरा आनंद लिया जा सके। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना बनी हुई है, जिससे गर्मी से राहत जारी रह सकती है।
Location : Sonbhadra
Published : 30 April 2026, 12:39 PM IST